रेवाड़ी जिले की बावल विधानसभा सीट से विधायक और सरकार में मंत्री रहे डॉक्टर बनवारी लाल तीसरी बार कैबिनेट की शपथ लेकर गुरुवार को अपने गृह क्षेत्र बावल पहुंचे। बनीपुर चौक पर बावल की जनता ने डॉ बनवारी लाल का भव्य स्वागत किया। बनवारी लाल समर्थको और कार्यकर्ताओं की ओर से फूल बरसाकर और आतिशबाजी कर खुशी मनाई गई। बनवारी लाल का आवास पर पहुंचने तक जगह जगह फूलों की वर्षा कर स्वागत किया गया। महिला मोर्चा की ओर से भी बनवारी लाल का तिलक लगाकर और गुलदस्ता देकर जोरदार स्वागत किया गया। बावल पहुंचने पर मंत्री डॉक्टर बनवारी लाल ने भगत सिंह चौक, छोटूराम चौक और अंबेडकर पार्क पर पहुंचकर शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। तीसरी बार मंत्री पद की शपथ लेकर लौटने पर कार्यकर्ताओं ने खुली जीप में बैठाकर घर तक रोड शो निकाला। कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ देखकर मंत्री डॉक्टर बनवारी लाल काफी खुश नजर आए।
इस मौके पर मीडिया से बात करते हुए मंत्री डॉ बनवारी लाल ने  तीसरी बार कैबिनेट की शपथ लेने पर भाजपा शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया। बनवारी लाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह का आभार प्रकट किया। वहीं उन्होंने बावल की जनता का भव्य स्वागत के लिए भी आभार जताया। भाजपा द्वारा जजपा से गठबंधन तोड़ने के सवाल पर कहा कि पार्टी हाई कमान ने सोच समझ कर फैसला लिया होगा।  उन्होंने कहा कि हाई कमान के इस फैसले से पार्टी को आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनाव में लाभ होगा। लोकसभा चुनाव को लेकर देश की जनता में भारी जोश है। उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार ने 10 वर्षों में व्यवस्था परिवर्तन का काम किया है। तीसरी बार लोकसभा में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनने का दावा किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस बार 400 पार का नारा दिया है उसे हर हाल में देश की जनता साकार करेगी। डॉक्टर बनवारी लाल ने गठबंधन तोड़ने से कांग्रेस को नुकसान होने वाले पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा के बयान पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस को तो वैसे भी नुकसान होना था क्योंकि कांग्रेस 10 वर्षों में अपना संगठन तक नहीं बना पाई। लोकसभा चुनाव लड़ने से कांग्रेस के बड़े नेता कतरा रहे हैं। कांग्रेस नेताओं में एकता का अभाव है।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *