विधायक सुभाष सुधा ने ग्रामीण संगठनों को दिया 50 लाख रुपए की राशि का चैक, जिला स्तरीय लखपति दीदी महासम्मेलन में हजारों महिलाओं ने की शिरकत, ऑनलाईन प्रणाली से मुख्यमंत्री मनोहर लाल के सुने विचार

कुरुक्षेत्र 6 मार्च विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि कुरुक्षेत्र की 8 हजार महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए सेल्फ हेल्प ग्रुप की महिलाओं को ड्रोन की ट्रेनिंग के साथ-साथ अन्य लघु उद्योग धंधों के बारे में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस जिले में हजारों महिलाएं सेल्फ हेल्प ग्रुप के साथ जुड़ी हुई है। इन सभी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जाएगा।
विधायक सुभाष सुधा बुधवार को हरियाणा ग्रामीण आजीविका मिशन व जिला परिषद के सहयोग से सैनी समाज भवन के सभागार में आयोजित जिला स्तरीय लखपति दीदी महासम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि के रुप में बोल रहे थे। इससे पहले विधायक सुभाष सुधा, भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष परमजीत कौर कश्यप, उपाध्यक्ष उमा सुधा ने दीपशिखा प्रज्वलित कर के विधिवत रूप से लखपति दीदी महासम्मेलन के जिला स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान विधायक सुभाष सुधा ने सीआईएफ योजना के तहत कुरुक्षेत्र के करीब 1 दर्जन ग्रामीण संगठनों को करीब 50 लाख रुपए की राशि का चेक भेंट किया। इस कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोलकाता और मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने करनाल से सेल्फ हेल्प ग्रुप की महिलाओं को संबोधित किया और सेल्फ हेल्प ग्रुप की महिलाओं को लेकर चल रही योजनाओं और भावी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी भी दी है। इस कार्यक्रम में जिला सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कलाकारों ने सरकार की नीतियों को लेकर बेहतरीन गीतों की प्रस्तुति दी है। इसके अलावा बच्चों ने भी बेहद उम्दा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी प्रस्तुति दी है।
विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान चलाया, जिससे लाखों बेटियों का जीवन हमने बचाया है। महिलाओं के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। विकसित भारत बनाने के लिए नारी शक्ति को ज्यादा से ज्यादा अवसर देना जरूरी है और इस दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। मुद्रा योजना के तहत बिना गारंटी के ऋण लेकर स्वरोजगार स्थापित करने में भी महिलाएं आगे हैं। नमो ड्रोन दीदी योजना के तहत भी महिलाओं को ड्रोन पायलट की ट्रेनिंग दी जा रही है और उन्हें ड्रोन भी दिये जाएंगे। इसका उपयोग कृषि क्षेत्र में होगा, जिससे न केवल कृषि आधुनिक होगी तो वहीं बहनों को अतिरिक्त आय भी होगी। महिलाओं की आय बढ़ाने के लिए पहली बार 33 प्रतिशत राशन की दुकानें केवल महिलाओं के लिए आरक्षित रखी गई हैं। इसके अलावा, इस बार के बजट में घोषणा की गई है कि प्रदेश में नये 1 हजार हर-हित स्टोर खोले जाएंगे और उनमें 1 लाख रुपये से कम आय वाली महिलाओं को प्राथमिकता पर हर-हित स्टोर दिए जाएंगे।
भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष परमजीत कौर कश्यप ने कहा कि राज्य में महिलाओं को सुरक्षित माहौल दिया जा रहा है। सरकार ने प्रदेश में 32 महिला थाने खोले हैं। सरकार महिलाओं के सम्मान के लिए कार्य कर रही है। हरियाणा में लगभग 55000 स्वयं सहायता समूह बने हुए हैं, जिनसे लगभग 6 लाख महिलाएं जुड़ी हुई हैं। इन समूहों द्वारा उत्पाद बनाए जाते हैं और वे अपनी आजीविका कमाते है। लेकिन इन उत्पादों को बेचने के लिए बाजार की पहुंच आवश्यक है, इसलिए हमने घोषणा की है कि हर शहर व कस्बे में साझा बाजार स्थापित किए जाएंगे, जहां स्वयं सहायता समूह अपने उत्पाद बेच सकते है। मातृशक्ति जब लखपति दीदी बनेगी, तो वे एक मां, बहन, पत्नी इत्यादी के रूप में पूरे परिवार का सहयोग करेगी। महिलाओं में बहादुरी, समर्पण का भाव होता और परिवार की धूरी भी महिलाएं ही होती हैं, इसलिए मातृशक्ति को आगे बढ़ाने से पूरा परिवार आगे बढ़ता है। एक महिला शिक्षित और सशक्त होकर 3 पीढिय़ों को मजबुत करने का कार्य करती है।
जिला परिषद के सीईओ अशोक मुंजाल ने सभी मेहमानों का स्वागत किया और कार्यक्रम की विस्तार से जानकारी दी। इस कार्यक्रम के मंच का संचालन एआईपीआरओ बलराम शर्मा ने किया। इस मौके पर पूर्व सांसद कैलाशो सैनी, भाजपा के युवा जिला अध्यक्ष साहिल सुधा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रविंद्र सांगवान, ऋषिपाल मथाना, रेणु खुंगर, दीपक चौहान, हरीश अरोड़ा, रमेश सैनी, सुरेश सैनी कुक्कू, सौरभ चौधरी, गुरदयाल काजल, दरबारा सिंह, विवेक रावत, वंदना सहित भारी संख्या में महिलाएं उपस्थित थी।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *