कुरुक्षेत्र।
हरियाणा में कांग्रेस के साथ आईएनडीआईए गठबंधन के तहत शीट शेयरिंग होने के बाद आप ने कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट से अपने प्रत्याशी के नाम की घोषणा कर दी है। पार्टी के राष्ट्रीय संगठन मंत्री संदीप पाठक ने दिल्ली में ऐलान किया कि हरियाणा में कुरुक्षेत्र से पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ सुशील गुप्ता चुनाव लड़ेंगे। अभी सुशील गुप्ता हरियाणा में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी देख रहे हैं। इससे पहले वह पार्टी की ओर से राज्यसभा सांसद रह चुके हैं। इस बार उनके स्थान पर स्वाति मालीवाल को पार्टी ने राज्यसभा से उम्मीदवार घोषित किया है।
2013 में छोड़ी थी कांग्रेस, फिर आप से चुने गए राज्यसभा सदस्य
सुशील गुप्ता ने कांग्रेस से 28 नवंबर 2013 को इस्तीफा दे दिया था। उस समय दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष अजय माकन ने ट्वीट कर उनसे पार्टी छोडऩे की वजह पूछी थी। तब उन्होंने कहा था कि आम आदमी पार्टी ने उन्हें राज्यसभा सीट देने का वादा किया है। इसके बाद आप ने उन्हें 2018 में राज्यसभा के लिए प्रत्याशी बनाया था। आप के द्वारा उन्हें राज्यसभा प्रत्याशी बनाए जाने पर अब पार्टी छोड़ चुके कवि कुमार विश्वास ने सवाल खड़े किए थे। उन्होंने उन्हें बाहरी तक कह डाला था।
आप के खिलाफ लड़ चुके चुनाव
डॉ सुशील गुप्ता पहले कांग्रेसी नेता थे। उन्हें 2013 में दिल्ली के मोतीनगर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस ने उम्मीदवार बनाया था। तब उनके सामने आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी कुलदीप सिंह चन्ना थे। गुप्ता यह चुनाव हार गए थे। वह दिल्ली और हरियाणा में गंगा इंटरनेशनल स्कूल के नाम से शैक्षणिक संस्थान भी चलाते हैं। पश्चिमी दिल्ली में उनका महाराजा अग्रसेन अस्पताल भी चलता है। राजनीति में सक्रिय होने से पहले सुशील गुप्ता फेमस शिक्षाविद और सामाजिक कार्यकर्ता रह चुके हैं।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *