केयू के ऑडिटोरियम हॉल में नैक मूल्यांकन के बाद ए-प्लस-प्लस यूनिवर्सिटी ग्रेड प्राप्त होने की खुशी में युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग की ओर से कार्यक्रम आयोजित
कुरुक्षेत्र, 5 फरवरी।
 कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय को नैक मूल्यांकन के बाद सबसे उच्चतम ग्रेड ए-प्लस-प्लस यूनिवर्सिटी होने का गौरव प्राप्त हुआ है। नैक स्टैडिंग कमेटी ने मूल्यांकन रिपोर्ट के आधार पर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय को 3.56 स्कोर के साथ ए-प्लस-प्लस ग्रेड दिया है। इसके साथ ही कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय हरियाणा राज्य की पहली ए-प्लस-प्लस ग्रेड स्टेट यूनिवर्सिटी बन गई है। उन्होंने विश्वविद्यालय के सभी शिक्षकों व कर्मचारियों को कड़ी मेहनत से नैक मूल्यांकन में सहयोग के लिए आभार प्रकट किया।  वे सोमवार को विश्वविद्यालय के आडिटोरियम हॉल में नैक मूल्यांकन के बाद ए-प्लस-प्लस यूनिवर्सिटी ग्रेड प्राप्त होने की खुशी में युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे । इससे पहले ढोल व नगाड़ों के साथ विश्वविद्यालय के डीन, निदेशक, शिक्षकों व कर्मचारियों ने कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा व कुलसचिव प्रो. संजीव शर्मा का विश्वविद्यालय के सभागार में पहुंचने पर बहुत हर्षोल्लास के साथ स्वागत व अभिनंदन किया। संगीत एवं नृत्य विभाग के विद्यार्थियों ने गणेश वंदना की प्रस्तुति दी।
कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि 3 वर्ष पूर्व जब उन्होंने कुलपति का दायित्व विश्वविद्यालय में संभाला था उस समय उनके सामने बहुत चुनौतियां थी। सबसे पहले वित्तीय स्थिति को सुधारा गया, फैकल्टी व गैर-शिक्षक कर्मचारियों की भर्ती की गई व शोध के क्षेत्र में सुधार किया गया।  विश्वविद्यालय में शोध को बढ़ावा देने के लिए पेंटेट दर्ज करने के लिए इको सिस्टम विकसित किया गया है। अब तक 63 पेटेंट दर्ज किए जा चुके हैं जिनमें से कुछ पब्लिश व अवार्ड हो चुके हैं। शिक्षा के साथ खेल के क्षेत्र में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए केयू ने मौलाना अबुल कलाम आज़ाद ट्रॉफी में लगातार दूसरी बार तीसरा स्थान हासिल करना कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के लिए बड़े ही गौरव की बात है।  अखिल भारतीय विश्वविद्यालय संघ के 36वें राष्ट्रीय सांस्कृतिक उत्सव में 18 विधाओं में से 16 विधाओं में पुरस्कार जीतकर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय ने पहली बार गवर्नमेंट यूनिवर्सिटीज में देशभर में पहला स्थान हासिल कर इतिहास रचा है।  कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय ने हरियाणा के राज्यपाल व कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बंडारू दत्तात्रेय व हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के विजन को साकार करते हुए कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से सम्बन्धित महाविद्यालयों में सत्र 2023-24 से सभी प्रावधानों के साथ राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 को लागू किया है और विश्वविद्यालय परिसर के सभी यूजी प्रोग्राम्स में पहले ही सत्र 2022-23 से एनईपी-2020 को लागू किया जा चुका है। कुलपति प्रो. सोमनाथ ने कहा कि विश्वविद्यालय को अंतर्राष्ट्रीय स्तर की टॉप 100 यूनिवर्सिटी में शामिल करने के लिए प्रयास किए जाएंगे जिसमें सभी का सहयोग अपेक्षित है।
इस मौके पर कुलसचिव प्रो. संजीव शर्मा ने कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा के कुशल नेतृत्व में ए-प्लस-प्लस ग्रेड मिलने की सभी को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों, के सहयोग से विश्वविद्यालय ने यह मुकाम हासिल किया है जिससे सभी में उत्साह व जोश का संचार हुआ है। विश्वविद्यालय आगे बढ़े इसके लिए यह उत्साह हर स्तर पर जरूरी है। आने वाले समय में विश्वविद्यालय का अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर ग्रेड प्राप्त करने का प्रयास रहेगा।
आईक्यूएसी सेल के निदेशक व नैक कोर्डिनेटर प्रो. दिनेश कुमार ने नैक का सर्वश्रेष्ठ ग्रेड मिलने के लिए कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा का आभार प्रकट किया व आने वाले समय में भी सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि कुलपति प्रो. सोमनाथ के नेतृत्व में नैक के सभी पैरामीटर व डाटा को बारीकी से जांचने के बाद ही नैक का मूल्यांकन संभव हो पाया उन्होंने नैक मूल्यांकन के समय आने वाली चुनौतियों के बारे में भी चर्चा की। इस अवसर पर गणित विभाग के शिक्षक प्रो. विनोद कुमार ने अपनी गजल रास्ता आसान नहीं था मुश्किले भी पेश आई, हम चले थे साथ मिलकर इसलिए मंजिल है पाई के माध्यम से सभी का उत्साहवर्धन किया।
हरियाणा प्रिंसीपल कॉलेज एसोसिएशन के प्रधान डॉ. अशोक चौधरी, कुटा प्रधान डॉ. आनंद कुमार, कुंटिया प्रधान राजवंत कौर ने कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा को नैक में उच्चतम ग्रेड ए-प्लस-प्लस मिलने पर बधाई व शुभकामनाएं दी। मंच का संचालन प्रो. महासिंह पूनिया ने किया। अंत में सभी के लिए जलपान का प्रबंध किया गया।
इस मौके पर कुलसचिव प्रो. संजीव शर्मा,  आईक्यूएसी सेल के निदेशक व नैक कोर्डिनेटर प्रो. दिनेश कुमार, प्रो. एसपी सिंह, प्रो. एनके माटा, प्रो. हरिसिंह, प्रो. मंजूला चौधरी, प्रो. एसके चहल, प्रो. अनिल वोहरा, प्रो. नीलम ढांडा, प्रो. ब्रजेश साहनी, प्रो. अनिल गुप्ता, प्रो. कुसुमलता, डॉ. दीपक राय बब्बर, ओएसडी पवन रोहिल्ला, सहायक कुलसचिव विनोद वर्मा, डॉ. जितेन्द्र जांगडा सहित डीन, निदेशक, शिक्षक व कर्मचारी मौजूद थे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *