पिहोवा 18 जनवरी – उपमंडल पिहोवा के गांव बाखली में विकसित भारत संकल्प एवं जन संवाद कायक्रम का आयोजन किया गया। गांव बाखली में सांसद नायब सिंह सैनी ने वीरवार को गांव बाखली में आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की तथा उपस्थित जनसमूह से जनसंवाद किया। इस मौके पर उनके साथ हरियाणा के लेखन एवं मुद्रण राज्यमंत्री सरदार संदीप सिंह भी उपस्थित थे। सांसद नायब सिंह सैनी ने उपस्थित जनसमूह की समस्याओं को सुना और कुछ का मौके पर ही निवारण किया। उन्होंने लोगों को 2047 तक भारत को विकसित बनाने में अपना अहम योगदान देने के लिए शपथ भी दिलाई।
सांसद नायब सिंह सैनी ने विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान अपने जनसंवाद में लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा चलाए गए विकसित भारत संकल्प यात्रा अभियान में लोगों की भागीदारी देख कर एक नया जोश मिल रहा है। भारत का वो क्षेत्र, जहां पिछली कोई सरकार नहीं पंहुच पाई, उस क्षेत्र में केंद्र सरकार की बनाई गई जन कल्याणकारी योजनाएं पंहुच कर उनका विकास कर रही है। किसी क्षेत्र का विकास तभी संभव है, जब उसके लोगों को योजनाओं का लाभ सम्पूर्ण तरीके से मिल रहा हो। यह केवल नाम मात्र भाषण नहीं, अपितु लोग स्वयं अपने मुख से उनको मिल रहे लाभ का बखान कर रहे हैं। पहले के समय में सरकारी योजनाओं का लाभ लेना तो दूर, वे केवल कागजों तक सिमट कर रह गई थीं। परंतु मोदी सरकार ने पोर्टल के माध्यम से लोगों को ऐसी सुविधाएं दी हैं, जिनके लिए उन्हें कहीं भी जाने की जरुरत नहीं है। पात्रता पूरी होते ही लाभार्थी को स्वयं उस योजना का लाभ मिल जाता है। इस मौके पर सांसद नायब सैनी ने गांव बाखली के विकास के लिए पांच लाख रुपए की राशि देने की घोषणा की।
सांसद नायब सैनी ने कहा कि सरकार का दायित्व समाज के हर वर्ग का कल्याण करना है। बिना किसी भेदभाव के समाज के सभी वर्गों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जा रहा है। योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में किसी व्यक्ति को कोई परेशानी आ रही है तो उसे तुरंत दूर किया जा रहा है और पात्र लोगों का परिवारों को हाथों-हाथ लाभ प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने सभी वर्गों को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग योजनाओं को लागू किया है। इस संदर्भ में उन्होंने सरकार की विभिन्न पेंशन योजनाओं, आयुष्मान भारत, उज्जवला व किसान सम्मान निधि योजना का विशेष रूप से जिक्र किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा जहां भी पहुंचती है वहां सरकारी विभागों के स्टॉल लगाए जाते हैं, जहां लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान किया जाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में देश व प्रदेश उन्नति और विकास के रास्ते पर अग्रसर है। हर वर्ग के लोगों तक सरकार की योजनाएं व परियोजनाओं का पहुंचाया जा रहा है। प्रदेश सरकार सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास-सबका प्रयास नीति पर चल कर कार्य कर रही है। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल प्रदेश में एक समान विकास कार्य करवा रहे हैं। बिना खर्ची और बिना पर्ची के प्रदेश के युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाया जा रहा है। विभिन्न प्रकार के पोर्टल के माध्यम से जहां लोगों को सेवाएं प्रदान की जा रही है, वही भ्रष्टाचार पर भी अंकुश लगा है। आमजन की सडक़ों, पानी, सीवरेज, सफाई व्यवस्था व अन्य मूलभूत सुविधाएं प्रदान की जा रही है।
कार्यक्रम में लोगों को सम्बोधित करते हुए हरियाणा के लेखन एवं मुद्रण राज्यमंत्री संदीप सिंह ने कहा कि ग्रामीणों के लिए प्रशासन द्वारा दी जा रही सभी सर्विसिज, परिवार पहचान पत्र, बीपीएल कार्ड, स्वस्थ बालक प्रतिस्पर्धा, प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना, बुढापा पेंशन, स्वास्थ्य सेवाए, कृषि सेवाए, बिजली सेवाए, बैंकों के द्वारा गंाव के लोगों को लोन सुविधाए, उज्जवला गैस कनैक्शन तथा अन्य सर्विसिजिज को ग्रामीणों के घरद्वार पर लाकर खडा कर दिया है। उन्होंने गंाववासियों से इन सभी सुविधाओं व जनकल्याणकारी योजनाओं का ज्यादा से ज्यादा लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि एलईडी वैन केंद्र और राज्य सरकार के अब तक के कार्यकाल में हुए अभूतपूर्व विकास कार्यों को जन-जन तक पहुँचाने का कार्य कर रही है। विकसित भारत संकल्प यात्रा जनसंवाद का उद्देश्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी जन जन तक पहुंचाने के साथ साथ मौके पर ही लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ देना है ताकि कोई भी पात्र लाभार्थी लाभ से वंचित ना रहे। विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम में सांसद नायब सैनी व राज्यमंत्री संदीप सिंह ने गांव के स्कूल के विद्यार्थियों को उत्कृष्टï कार्य करने पर पुरस्कृत किया। इस मौके पर जिला परिषद चेयरमैन कंवलजीत कौर, नगरपालिका प्रधान आशीष चक्रपाणि, जिला सचिव राजेंद्र बाखली, मंडल अध्यक्ष राकेश पुरोहित, साधु सिंह सैनी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य लाडी पाल, जिला अध्यक्ष रवि बतान, गांव बाखली के सरपंच बलजीत सिंह, धर्मजीत, बलबीर, अनीता देवी, गुरमीत, ईश्वर शर्मा, जसमेर सिंह सहित भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *