भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद नायब सिंह सैनी, गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद, विधायक सुभाष सुधा, पूर्व विधायक डा. पवन सैनी ने ब्रह्मसरोवर पर किया गीता पूजन, गीता यज्ञ में डाली पूर्णाहुति
कुरुक्षेत्र 17 दिसंबर मंत्रोच्चारण और शंखनाद की गुंजायमान ध्वनि के बीच कुरुक्षेत्र के अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव-2023 में पवित्र ग्रंथ गीता के पूजन की रस्म को अदा किया गया है। इस परम्परा को निभाते हुए भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद नायब सिंह सैनी, गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद, विधायक सुभाष सुधा, पूर्व विधायक डा. पवन सैनी ने गीता यज्ञ में पूर्ण आहुति भी डाली और ब्रह्मसरोवर का पूजन भी किया। इस हवन यज्ञ में शंखनाद की ध्वनि के बीच ब्रह्मसरोवर के चारों तरफ श्लोकोच्चारण से पूरी फिजा ही गीतामय हो गई।
अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव में रविवार को ब्रह्मसरोवर पुरुषोत्तमपुरा बाग में भगवान श्रीकृष्ण-अर्जुन रथ के साथ कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड की तरफ से हवन यज्ञ का आयोजन किया गया। इस हवन यज्ञ में पंडित नरेश कुमार सहित अन्य ब्राह्मणों ने परंपरा को निभाते हुए हवन यज्ञ की शुरुआत की और इस हवन यज्ञ में पुर्ण आहुति डालने और विश्व शांति व मानव कल्याण के लिए पूजा-अर्चना करने के लिए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष नायब सिंह सैनी, गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद, विधायक सुभाष सुधा, भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं पूर्व विधायक डा. पवन सैनी, अतिरिक्त उपायुक्त एवं सीईओ केडीबी अखिल पिलानी, केडीबी के मानद सचिव उपेंद्र सिंघल, कुरुक्षेत्र 40 कोस तीर्थ निगरानी कमेटी के चेयरमैन मदन मोहन छाबड़ा, भाजपा नेत्री ममता सैनी, केडीबी सदस्य अशोक रोशा, डा. ऋषिपाल मथाना, कैप्टन अमरजीत सिंह, पूर्व सदस्य विजय नरुला सहित अन्य गणमान्य लोग और अधिकारीगण पहुंचे।
गीता यज्ञ में पूर्ण आहुति डालने के बाद पवित्र ग्रंथ गीता का पूजन किया गया। इसके बाद सभी मेहमानों में परंपरा अनुसार पवित्र ब्रह्मसरोवर का भी पूजन किया। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद नायब सिंह सैनी ने प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार के प्रयासों से गीता जयंती को अंतर्राष्टï्रीय गीता महोत्सव का दर्जा मिला। इस महोत्सव में हर साल लाखों की संख्या में लोग शिरकत करते है और इस महोत्सव का आनंद लेते है। यह महोत्सव 24 दिसंबर तक जारी रहेगा। इस महोत्सव को लेकर पूरे प्रदेश में कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने गीता जयंती पर्व की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव 2023 में सरस और शिल्प मेले का आगाज 7 दिसंबर से हो चुका है। इस महोत्सव ने पूरी दुनिया में अपनी एक पहचान बना ली है। इस महोत्सव की परंपरा का निर्वहन करते हुए हवन यज्ञ, गीता यज्ञ और ब्रह्मसरोवर के पूजन का कार्य किया गया। यह महोत्सव आमजन का महोत्सव बन चुका है और पूरे देश और विदेश के लोग इस महोत्सव के साथ जुड़ चुके है।
विधायक सुभाष सुधा ने अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस महोत्सव में हर साल 50 लाख लोग आते है और इस महोत्सव की शिल्पकला, विभिन्न प्रदेशों की संस्कृति और धार्मिक कार्यक्रमों का आनंद लेते है। उनकी विधानसभा में इस प्रकार के महोत्सव का आयोजन होना एक सौभाग्य की बात है। इस महोत्सव में शहर की तमाम सामाजिक व धार्मिक संस्थाए अपनी भागीदारी कर रही है। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव 24 दिसंबर तक चलेगा और सायंकालीन कार्यक्रमों का आनंद पर्यटक उठा सकेंगे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *