एनआईटी डिजाइन से बनकर एक साल के अंदर तैयार होगा पुल, हाईवे से जुड़ेंगे दर्जनों गांव

पिहोवा  25 अक्टूबर । राज्य मंत्री संदीप सिंह ने गांव हरिगढ़ भौरख के निकट मारकंडा नदी पर सिंचाई विभाग की ओर से बनाए जाने वाले पुल का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने विधिवत रूप से पूजा अर्चना में  ग्रामीणों के साथ हिस्सा लिया।  उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने इस पुल के निर्माण के लिए 7 करोड़ 65 लाख रुपए के बजट की मंजूरी दी थी।  मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि इस पुल के बनने से आसपास के दर्जनों गांवों को फायदा होगा।  यह गांव सीधे इस्माइलाबाद कस्बे से कनेक्ट होंगे। पुल के बनने से जोधपुर, जंधेड़ी, मंदाडो, पटेल नगर, टिकरी, बालापुर, दानीपुर, छपरा, इस्माइलाबाद व जैतपुरा आदि गांवों के ग्रामीणों को फायदा होगा।
राज्य मंत्री ने कहा कि इस पुल को बनाने की मांग पिछले 20 वर्ष से उठाई जा रही थी। यह केवल एक गांव से दूसरे गांव में जाने का रास्ता ही नहीं,  बल्कि इस क्षेत्र की उम्मीदों को उड़ान देने का पुल भी है। उन्होंने बताया कि कुछ कमियों के कारण यहां पुल के स्थान पर रैंप बनाया जा रहा था। तब उन्होंने मुख्यमंत्री मनोहर लाल और सिंचाई विभाग के अधिकारियों से मिलकर उन्हें बताया कि रैंप से इस क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति पैदा होगी। इसलिए यहां पुल का निर्माण जरूरी है। जिसे देखते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने इस पुल के निर्माण के लिए 7 करोड़ 65 लाख रुपए का बजट स्वीकृत किया था। पुल बनने से ये सभी गांव अंबाला हिसार राजमार्ग से भी जुड़ेंगे। सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता गुरविंदर सिंह दयोल ने बताया कि पुल का निर्माण कार्य एक वर्ष में पूरा कर लिया जाएगा। इसके लिए एनआईटी से डिज़ाइन बनवाया गया है। ग्राम वासियों ने 20 वर्ष पुरानी मांग को पूरा करने पर राज्य मंत्री संदीप सिंह व मुख्यमंत्री मनोहर लाल का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर सिंचाई विभाग के एसडीओ राकेश कंबोज, जेई अमित, नवीन, विक्रम, ग्रामीण सुभाष सैनी, कमल भौरख,दर्शन सैनी, सुरेंद्र, नराता राम सैनी, फकीरिया राम, जगीर सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *