वर्तमान सरकार ने पिछली सरकार की तुलना में दोगुने विकास कार्य करवाए – मनोहर लाल
शहजादपुर/अम्बाला, 15 अक्तूबर।
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने शहजादपुर में जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान जनता से सीधा संवाद करते हुए उनकी समस्याओं को सुना और सम्बंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित गति से समाधान करने के निर्देश दिये। उन्होंने शहजादपुर के सरपंच रविन्द्र सिंह की मांग पर शहजादपुर में सीवरेज व्यवस्था को मंजूर किया तथा उन्होंने जिला युवा शक्ति संगठन द्वारा संचालित राधा-कृष्ण बाल आश्रम नारायणगढ़ को संस्था की मांग पर पांच लाख रूपये की राशि आश्रम के निर्माण कार्यों के लिए देने की घोषणा की।
उन्होने लोगों से संवाद करते हुए कहा कि उनके जन संवाद करने का मकसद भी यही है कि लोगों के बीच बैठकर उनकी समस्याओं को जानना और सरकार द्वारा जो कार्य एवं जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही है उनकी जानकारी देना। उन्होने कहा कि पिछले 6 माह के दौरान उनके जन संवाद कार्यक्रमों के दौरान लगभग 26 हजार एप्लीकेशनें आई है जिनमें से 7 हजार का निवारण किया जा चुका है। उन्होने कहा कि सभी समस्याओं एवं शिकायतों को पोर्टल पर अपलोड किया जाता है।
उन्होने कहा कि कुछ काम ऐसे होते है जिनमें समय लगता है। उन्होने कहा कि वे प्रदेश के सभी 90 हलकों  में जन संवाद कार्यक्रम करेंगे और इसी कड़ी में नारायणगढ़ विधानसभा क्षेत्र के शहजादपुर में जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया है। उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के लगभग साढे 9 साल के केन्द्र सरकार के कार्यकाल में अनेकों जन हितेषी योजनाएं शुरू की गई है तथा उसी तर्ज पर हरियाणा सरकार ने भी व्यवस्था परिवर्तन कर जन कल्याण के कार्य किए हैं। उन्होने कहा कि आने वाली 26 अक्तूबर को उनकी सरकार के 9 साल पूरे हो जायेंगे। इन 9 सालों में पिछली सरकारों की तुलना में उन्होने डबल काम करवाए है और पैसा भी आधा खर्च किया है।
उन्होने कहा कि पूर्व की सरकारों में जो भ्रष्टाचार और सरकारी ग्रांट की जो लिकेज होती थी उस पर रोक लगाई गई है। उन्होने कहा कि भूतपूर्व प्रधानमंंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी ने एक बार कहा था कि उपर से जो एक रूपया भेजा जाता था, नीचे 15 पैसे ही पहुंचते हैं। उस समय केन्द्र व प्रदेश में कांग्रेस की सरकारें थी और तब हम सोचते थे कि 85 पैसे कहां जाते हैं। विकास कार्यों का यह पैसा उपर से नीचे तक उस समय बंट जाता था जबकि आज मोदी सरकार में केन्द्र से 100 रूपये आते है तो नीचे 100 रूपये ही खर्च होते हैं। विकास कार्यों को सही प्रकार से करवाना और सिस्टम को सही करना यह इस सरकार की प्राथमिकता रही है।
मुख्यमंत्री ने व्यवस्था परिवर्तन के लिए किये गये प्रकल्पों की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार ने पहली बार हर परिवार का परिवार पहचान पत्र बनवाया है। पीपीपी में दर्ज जानकारी पूरी तरह से सटीक है। पीपीपी के आधार पर किसी भी शहर की आबादी की सही जानकारी का पता चल जाता है। अब हर व्यक्ति के जन्मदिन पर शुभकामना संदेश प्रेषित करने का काम भी शुरू किया गया है।
पेंशन के लिए नहीं काटने पड़ते दफ्तरों के चक्कर- मुख्यमंत्री ने कहा कि तीन लाख रूपये की सालाना आय वाले बुजुर्गो की स्वत: ही पेंशन बनी है। यह सब पीपीपी में दर्ज आंकड़ों के कारण ही सम्भव हुआ है। इस मौके पर मुख्यमंत्री द्वारा जन संवाद कार्यक्रम में बनी लगभग एक दर्जन से अधिक वृद्धावस्था पैंशन के प्रमाण पत्र बुजुर्गों को सौंपकर उन्हें शुभकामनाएं दी। उन्होने कहा कि पिछले एक साल में 90 हजार लोगों की पैंशन पीपीपी के माध्यम से लगी है। उन्होने कहा कि पीपीपी के माध्यम से ही उनके पास जानकारी है कि आज 15 तारीख को शहजादपुर के 28 लोगों का जन्मदिन है और जिन लोगों आज जन्मदिन था और वे कार्यक्रम में मौजूद थे उन्हें मुख्यमंत्री ने बधाई भी दी।
उन्होंने कहा कि परिवार पहचान पत्र बनाना सबसे जरूरी है और पीपीपी के माध्यम से ही सरकारी योजनाओं व स्कीमों का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति को मिलेगा। उन्होने लोगों से सीधा संवाद करते हुए उनकी बात को सुना और अपनी बात को रखा। उन्होंने कहा कि पीपीपी के शुरू होने के बाद जिनकी आय एक लाख 80 हजार से कम है हरियाणा में उनके साढे 12 लाख नये राशन कार्ड बने हैं।
किसान संगठनों व किसान एवं वरिष्ठ जजपा नेता राम सिंह कोड़वा द्वारा नारायणगढ़ शुगर मिल का मामला रखते हुए गन्ने के बकाया भुगतान की समस्या रखी जिस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि शुगर मिल का सिस्टम ठीक किया जा रहा है। इस शुगर मिल को 100 करोड़ रूपया हरको बैंक का देना है तथा 150 करोड के लगभग इरेड़ा का देना है, पिछले वर्ष 66 करोड़ का बकाया किसानों का था। शुगर मिल के मालिक पर केस दर्ज होने और उसके जेल में चले जाने के कारण शुगर मिल का सिस्टम बेहद खराब हो गया था जिसे धीरे-धीरे करके सरकार ने ठीक किया है और किसान हित में सरकार इस शुगर मिल को चला रही है और अगर यह शुगर मिल बंद हो गई तो सबसे ज्यादा नुकसान किसानों का होगा। उन्होंने कहा कि शुगर मिल से किसानों का बकाया दिलवाना सरकार की प्राथमिकता में शामिल है। उन्होंने पिलखनी गांव के सरपंच की मांग पर गांव में पार्क कम व्यायामशाला बनवाने की घोषणा की।
बिजली की लाईन शिफ्ट करने की समस्या पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में बिजली की लाईनों के शिफ्ट करने के लिए 151 करोड रूपये की राशि मंजूर की गई है। हरियाणा सरकार अन्तोदय के सिद्धांत पर चलते हुए आमजन की सेवा के साथ विकास कार्यो को निरन्तर गति प्रदान कर रही है।  मुख्यमंत्री ने जनता की समस्याएं सुनते हुए एक समस्या पर कहा कि प्रदेश में पहली जेबीटी अध्यापकों की इंटर डिस्ट्रीक ट्रांसफर हुई है। नारायणगढ़ से रेलवे लाईन की सुविधा की मांग पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके लिए केन्द्र ने पहले भी इस रेलवे लाईन के लिए स्टडी करवाई थी और फिजिब्लिटी नहीं पाई गई। अब लोगों की मांग पर दोबारा से केन्द्र को भेजा जायेगा कि वह फिर से रेलवे लाईन से सम्बन्धित स्टडी करवाए। जन संवाद कार्यक्रम में मौजूद ब्लॉक शहजादपुर के सरपंचों की मांगों एवं समस्याओं को मुख्यमंत्री ने एक-एक करके सुना और उनके समाधान का आश्वासन दिया। जन संवाद में मुख्यमंत्री ने बुजुर्गो एवं महिलाओं को प्राथमिकता देते हुए सबसे पहले उनकी बात को सुनते हुए उनकी समस्याओं को जाना और उनके समाधान के लिए सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिए।
इस अवसर पर उपायुक्त डा0 शालीन, एसपी जशनदीप सिंह रंधावा, एडीसी अपराजिता, एसडीएम सी जया शारधा, जिला परिषद चेयरमैन राजेश लाडी, पूर्व विधायक राजबीर बराड़ा, पूर्व विधायक दीवान पवन साहनी, पूर्व जिला परिषद चेयरमैन सुरेन्द्र राणा, मंडल प्रधान संजीव गुज्जर, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुमन सैनी, मारकंडा मंडल प्रधान जसविन्द्र बख्तुआ, वरिष्ठ जजपा नेता राम सिंह कोड़वा, शहजादपुर के सरपंच रविन्द्र सिंह, नगरपालिका के पूर्व चेयरमैन अमित वालिया, पूर्व चेयरमैन गुरनाम सिंह गुज्जर, वरिष्ठ भाजपा नेता अश्वनी अग्रवाल, मनीष मित्तल, सोहन सैनी सहित काफी संख्या में कार्यकर्ता व आस पास क गांव के सरपंच मौजूद रहे।
बॉक्स:- मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने जन संवाद कार्यक्रम में पहुंचने पर सबसे पहले भाजपा जिला प्रधान राजेश बतौरा के चचेरे भाई के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि गत दिवस ही जिला प्रधान के चचेरे भाई का देहांत हुआ है और ऐसे में उन्होंने जिला प्रधान राजेश बतौरा को फोन करके दुख व्यक्त किया और कार्यक्रम के संबध मे बातचीत की तो राजेश बतौरा ने कहा कि आज का जन संवाद कार्यक्रम करना जरूरी है, इसके लिए पूर्व में ही लोगों को जानकारी दी गई है, ऐसे में जिला प्रधान की इस बात के लिए उन्होने सराहना भी की।
जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मूढें पर बैठकर ग्रामीणों के साथ संवाद किया।
प्रदेशवासियों से सीधा संवाद करने की जो पहल मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा शुरू की गई है, उसे नागरिकों द्वारा सराहा जा रहा है। इसी कड़ी में आज मुख्यमंत्री ने शहजादपुर के राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में लोगों से संवाद किया।
जनसंवाद कार्यक्रम की खास बात यह रही कि इसमें हरियाणवी संस्कृति से परिपूर्ण चारपाई व मूढ़ों पर सभी लोग बैठे थे। मुख्यमंत्री स्वयं मूढें पर बैठे और ग्रामीण भी मूढों एवं चारपाई पर बैठे जिनके साथ उन्होंने संवाद किया। मुख्यमंत्री ने जिला रैडक्रॉस सोसायटी की ओर से तीन दिव्यांग लोगों को व्हील चेयर भी प्रदान की। व्हील चेयर प्राप्त करने वालों में दीपक शर्मा कंजाला, सोमनाथ कड़ासन तथा अभिमन्यु शहजादपुर माजरा शामिल है।
12 बुजुर्गों की पेंशन ऑनलाइन बनी- जनसंवाद कार्यक्रम में 12 बुजुर्गो की पेंशन ऑनलाइन माध्यम से बनी। जिनके प्रमाण पत्र मुख्यमंत्री द्वारा लाभार्थियों को सौंपे गये। जन संवाद कार्यक्रम में वृद्धावस्था पैंशन लगने पर सतपाल, बृजपाल सिंह, गुलजार सिंह, माया राम, अशोक कुमार, सुरेश कुमार, सिंदरो, फकीरचंद आदि ने प्रसन्नता व्यक्त की और मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। सरकार ने गरीब परिवारों के आर्थिक उत्थान के लिए मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना के तहत अंतोदय मेले भी लगाएं हैं।
बॉक्स- मुख्यमंत्री ने जनसंवाद कार्यक्रम स्थल पर स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा लगाई गई स्टॉल का भी अवलोकन किया। जन संवाद कार्यक्रम में परिवार पहचान पत्र से सम्बन्धित स्टाल लगाया गया था जिसमें पीपीपी में त्रुटियों को ठीक किया गया तथा बीपीएल राशन कार्ड बनवाने व कटने से सम्बन्धित जानकारी दी गई। इसके अलावा जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय का स्टाल लगाकर वृद्धावस्था पैंशन एवं अन्य स्कीमों का लाभ देने के लिए कार्य किया गया। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग के स्टाल पर चिरायु एवं आयुष्मान कार्ड  बनाए गये। जन संवाद कार्यक्रम में अपनी समस्या लेकर आने वाले लोगों की शिकायतों का शिकायत निवारण पंजीकरण केन्द्र पर पंजीकरण किया गया।
बॉक्स:- मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष के कुछ लोग यह दुष्प्रचार कर रहे हैं कि उनकी सरकार आने पर वे पोर्टल बंद कर देंगे। जबकि वास्तविकता में जो भी पोर्टल वर्तमान सरकार ने शुरू किए हैं, चाहे वह पीपीपी हो, मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल या कोई अन्य सरकार द्वारा शुरू किए गये पोर्टल से लोगों के कार्य सुगम हुए हैं और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे मिल रहा है। उन्होने कहा कि जो लोग दुष्प्रचार कर रहे हैं वे केवल राजनीतिक लाभ के लिए जनता को गुमराह करने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार लोगों को आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए काम कर रही है, इसके लिए अंत्योदय मेले भी लगाए गये। जिनके माध्यम से लोगों को लोन दिलाकर उन्हें पशुपालन आदि स्वरोजगार के लिए प्रेरित किया गया है, शहजादपुर के ऐसे 22 लोगों के लोन स्वीकार हुए हैं जिन्हे 50 हजार से दो लाख रूपये तक ऋण मिलेगा।
बॉक्स:- जन संवाद कार्यक्रम में लोगों ने मुख्यमंत्री को इस बात के लिए भी सराहना की कि हरियाणा में बिना खर्ची, बिना पर्ची के सरकारी नौकरियां मिल रही हैं। नारायणगढ़ के कृष्ण लाल धारी ने अपनी समस्या रखते हुए मुख्यमंत्री की इस बात के लिए सराहना की कि योग्यता के आधार पर नारायणगढ़ विधानसभा क्षेत्र में भी युवाओं को सरकारी नौकरियां पिछले 9 साल में मिली हैं।
बॉक्स:- जन संवाद कार्यक्रम में सूचना, जन सम्पर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग की ड्रामा पार्टी एवं भजन पार्टी द्वारा भजनों, गीतों के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों एवं विकास कार्यों की जानकारी दी गई।
बॉक्स:- जन संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के पहुंचने पर भाजपा शहजादपुर मंडल प्रधान संजीव गुज्जर ने स्वागत किया और जन संवाद कार्यक्रम के आयोजन के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया। जन संवाद कार्यक्रम के समापन अवसर पर शहजादपुर के सरपंच ने गांव शहजादपुर में जन संवाद कार्यक्रम के आयोजन के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया और शहजादपुर गांव की सीवरेज की मांग मंजूर करने के लिए उनका धन्यवाद किया।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *