100 से अधिक ग्रामीण महिलाएं विरासत सांझी उत्सव का बनेंगी हिस्सा…
विरासत सांस्कृतिक प्रदर्शनी होगी आकर्षण का केन्द्र…
कुरुक्षेत्र: विरासत हेरिटेज विलेज जी.टी. रोड मसाना में हरियाणा की लुप्त होती सांझी कला को बचाने के लिए आगामी 14 एवं 15 अक्टूबर 2023 को विरासत सांझी उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें हरियाणा भर से 100 से अधिक ग्रामीण महिलाएं सांझी लगाने की प्रतियोगिता में भाग ले रही हैं। यह जानकारी सांझी उत्सव के संयोजक डॉ. महासिंह पूनिया ने दी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण महिलाओं में सांझी कला के प्रति विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। पिछले 3 वर्षों से विरासत में सांझी उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। उसी कड़ी में इस वर्ष भी 14 एवं 15 अक्टूबर 2023 को सांझी उत्सव का आयोजन तो होगा ही इसके साथ ही सांझी उत्सव में विरासत की सांस्कृतिक प्रदर्शनी पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केन्द्र बनेगी।
उन्होंने यह भी बताया कि सांझी उत्सव के उपलक्ष्य में सांझी के गीतों पर आधारित लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा। डॉ. पूनिया ने विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि विरासत सांझी उत्सव में प्रथम पुरस्कार 51 हजार, दूसरा 31 हजार, तीसरा 21 हजार, चौथा 11 हजार, पांचवा 51 सौ रूपये, छठा पुरस्कार 21 सौ रूपये के पांच जबकि सांतवां पुरस्कार 11 सौ रूपये के पांच पुरस्कार रखे गए हैं। उन्होंने कहा कि सांझी लगाने की प्रक्रिया 14 अक्टूबर को अमावस्या के दिन शुरू होगी। जबकि पुरस्कार वितरण एवं सांस्कृतिक समारोह का आयोजन 15 अक्टूबर रविवार को दोपहर बाद चार बजे आयोजित किया जायेगा। इस सांझी उत्सव में भाग लेने वाली सभी महिलाओं एवं कलाकरों को घर से सांझी बनाकर लानी होगी। विरासत में प्रत्येक कलाकार को स्थान उपलब्ध करवाया जायेगा, जिस पर वह सांझी लगाई जाएगी। इसके बाद निर्णायक मंडल के सदस्य सांझी प्रतियोगिता का मूल्यांकन करेंगे और सभी विजेताओं को 15 अक्टूबर को पुरस्कार वितरण किये जाएंगे। उल्लेखनीय है कि लोककला सांझी हरियाणा की लोक पारंपरिक कला का महत्वपूर्ण हिस्सा है। वर्तमान में यह कला गांव से लुप्त होती जा रही है। इसी कला को बचाने के लिए विरासत में सांझी उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। सांझी उत्सव के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण महिलाओं में इस वर्ष विरासत सांझी उत्सव के प्रति विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *