ज्ञान मंदिर में आयोजित बैठक में लिया बड़ा फैसला
बस सेवा के माध्यम से दिल्ली सहित बड़े शहरों से 48 कोस भ्रमण के लिए पहुंचेंगें उद्योगपति व गणमान्यजन
कुरुक्षेत्र, 27 जुलाई। महाभारत कालीन 48 कोस तीर्थ स्थानों के प्रचार प्रसार के लिए श्री ब्रह्मपुरी अन्नक्षेत्र आश्रम ट्रस्ट द्वारा बड़ा कदम उठाते हुए दिल्ली सहित बड़े शहरों से बस सेवा के माध्यम से उद्योपतियों व गणमान्यजनों को कुरुक्षेत्र भ्रमण के लिए लाया जाएगा। इसको लेकर श्री ब्रह्मपुरी अन्नक्षेत्र आश्रम ट्रस्ट के संस्थापक स्वामी चिंरजीपुरी महाराज के नेतृत्व में 18 मंजिला ज्ञान मंदिर में बैठक का आयोजन किया गया। ट्रस्ट के संस्थापक त्यागमूर्ति स्वामी चिरंजी पुरी महाराज ने बताया कि ज्ञान मंदिर का मुख्य उद्देश्य भगवान श्री कृष्ण द्वारा दिए गए गीता के संदेश एवं महाभारत कालीन तीर्थ स्थानों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाना है। इसी के चलते बस सेवा के माध्यम से श्री ब्रह्मपुरी अन्नक्षेत्र आश्रम ट्रस्ट दिल्ली जैसे बड़े शहरों से वरिष्ठ जनों को ज्ञान मंदिर के अलावा महाभारत कालीन तीर्थ स्थानों का भ्रमण करवाया जाएगा ताकि  कुरुक्षेत्र के तीर्थ स्थानों के चर्चे पूरी दूनिया में हो सकें।
ट्रस्ट के चेयरमैन सांसद सुशील गुप्ता ने कुरुक्षेत्र की धार्मिक यात्रा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पांडवों ने भी अपने पूर्वजों का पिंडदान कुरूक्षेत्र की पावन भूमि पर किया था। ऐसी तपोभूमि पर विश्व स्तरीय ज्ञान मंदिर का निर्माण 48 कोस के अंतर्गत आने वाले तीर्थ स्थानों के महत्व को दर्शाने में अपनी भूमिका अदा करेगा। ज्ञान मंदिर का निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर पूरा किया जा रहा है। ज्ञान मंदिर को दार्शनिक मंदिर बनाया जा रहा है ताकि कुरुक्षेत्र की पहचान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हो सके। इतना ही नही कुरुक्षेत्र के दर्शन के लिए ज्ञान मंदिर की एक मंजिल को तैयार किया जा रहा है ताकि उपरतल से पूरे कुरुक्षेत्र को देखा जा सके। ट्रस्ट के अध्यक्ष राजेश गोयल ने बताया कि भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री गुलजारी लाल नंदा द्वारा स्थापित कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड, जिन के वर्तमान अध्यक्ष महामहिम राज्यपाल हरियाणा हैं, ने कुरुक्षेत्र के तीर्थ स्थानों को दर्शनिक बनाने के लिए बेहतरीन कार्य किया है। हरियाणा सरकार भी धर्मनगरी कुरुक्षेत्र के विकास के लिए विभिन्न योजनाओं के तहत 48 कोस में आने वाले 134 तीर्थ स्थानों को चिन्हित कर उनके जीर्णोद्धार के लिए प्रयासरत है। इसी कड़ी में श्री ब्रह्मपुरी अन्नक्षेत्र आश्रम ट्रस्ट भी विशेष कार्य करने जा रहा है ताकि पर्यटकों को कुरुक्षेत्र भ्रमण के लिए आकर्षित किया जा सके। ट्रस्ट के महामंत्री सुभाष बिंदल ने बताया कि पहले चरण में हरियाणा एवं दिल्ली से विभिन्न साधनों के द्वारा धार्मिक यात्राओं का आयोजन किया जाएगा ताकि लोग ज्यादा से ज्यादा धर्म लाभ उठा सकें।
——
2 अगस्त को ज्ञान मंदिर व 48 कोस भ्रमण के लिए आएंगी 4 बसें
ट्रस्ट के सदस्य अशोक गुप्ता, दीपाली, दिल्ली निवासी एवं कृष्ण अग्रवाल जोगीराम टोहाना ने जानकारी देते हुए बताया कि 2 अगस्त को दिल्ली व अन्य क्षेत्रों से चार बसों के माध्यम से गणमान्यजनों व उद्योगपतियों को महाभारत ज्ञान मंदिर व कालीन 48 कोस भ्रमण करवाया जाएगा। इस दौरान ज्ञान मंदिर के अलावा ऐतिहासिक ब्रह्मसरोवर, सन्निहित सरोवर, गीता जन्म स्थली ज्योतिसर, संगमेश्वर महादेव मंदिर अरूणाय, काम्यकेश्वर तीर्थ सहित अन्य तीर्थों का भ्रमण करवाया जाएगा। प्रीति पाल जिंदल ने कहा कि धर्म यात्रा पर आए हुए सभी यात्रियों का ज्ञान मंदिर पर दिल की गहराइयों से स्वागत किया जाएगा।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *