दिल्ली-वडोदरा-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर 12 फरवरी से वाहन फर्राटा भर सकेंगे। गुरुग्राम के अलीपुर गांव से राजस्थान के दौसा के बीच 220 किलोमीटर का हाईवे बनकर तैयार हो गया है। 12 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसका उद्घाटन करेंगे।

मुख्य कार्यक्रम दौसा में होगा, लेकिन इससे पहले केन्द्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल की मौजूदगी में गुरुग्राम में भी कार्यक्रम होगा।

12 घंटे में मुंबई का सफर
दरअसल, दिल्ली-वडोदरा-मुंबई (DVM) एक्सप्रेस-वे पूरी तरह बनने के बाद दिल्ली से मुंबई का सफर कार से महज 12 घंटे के अंदर पूरा होगा। जबकि अभी मुंबई कर पहुंचने में 24 घंटे का समय लगता है। 12 फरवरी को सुबह 10 बजे DVM एक्सप्रेस-वे के शुभारंभ के मौके पर गुरुग्राम के कस्बा सोहना में पड़ने वाले गांव अलीपुर में इस एक्सप्रेस-वे की शुरुआत होती।

जहां सुबह 10 बजे केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल पहुंचेंगे। यहां से कार्यक्रम में शामिल होने के बाद नूंह जिले के गांव हिलालपुर में बनाए गए टोल प्लाजा पर पहुंचेंगे।

2024 में पूरा होगा प्रोजेक्ट
पहले चरण में अलीपुर से दौसा तक 220 किलोमीटर की सड़क बनकर तैयार हो गई है। अभी दिल्ली से दौसा तक पहुंचने में 6 घंटे तक का समय लगता है, लेकिन 12 फरवरी के बाद महज ढाई घंटे के अंदर दौसा और 2 घंटे के अंदर दिल्ली से जयपुर पहुंचा जा सकेगा। अगले साल 2024 तक इस प्रोजेक्ट के पूरा होने की उम्मीद है। उसके बाद दिल्ली से मुंबई 1380 किलोमीटर का सफर भी कार से महज 12 घंटे के अंदर पूरा किया जा सकेगा।

8 लेन का होगा एक्सप्रेस-वे
बता दें कि दिल्ली-मुंबई ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे देश का सबसे लंबा एक्सप्रेस-वे होने वाला है। इस एक्सप्रेस-वे पर 120 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से वाहन चलेंगे। साथ ही ये 8 लेन का होगा। जिसको समयानुसार 12 लेन का भी किया जा सकता है। इस एक्सप्रेस-वे को बनाने में करीब 1 लाख करोड़ रुपए खर्च होंगे।

लग्जरी सुविधाएं होंगी
इस एक्सप्रेस-वे पर रेस्टोरेंट, रेस्टरुम, शॉपिंग मॉल, होटल के अलावा अन्य सुविधाएं होंगी। हरियाणा की सीमा में पड़ने वाले इस एक्सप्रेस-वे का अधिकांश काम पूरा हो चुका है, जिस पर लगभग 11 हजार करोड़ रुपए खर्च होंगे। एक्सप्रेस-वे के शुरू होने से दिल्ली-जयपुर हाईवे (NH-48) पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा। चूंकि अभी दिल्ली से जयपुर या फिर मुंबई तक जाने के लिए इसी हाईवे का प्रयोग किया जाता है। एक्सप्रेस-वे के बनने के बाद दिल्ली-जयपुर हाईवे पर लगने वाले जाम से भी निजात मिल जाएगी।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *