11 व 12 फरवरी को होंगी क्रिकेट, बैडमिंटन, एथलेटिक्स, रस्साकस्सी सहित दौड़ प्रतियोगिताएं
कुवि कुलसचिव प्रो. संजीव शर्मा बतौर मुख्यातिथि करेंगे खेल प्रतियोगिताओं को शुभारम्भ
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय का गैर-शिक्षक कर्मचारी संघ कुवि खेल निदेशालय के सहयोग से आयोजित करेगा खेल प्रतियोगिताएं
कुरुक्षेत्र, 10 फरवरी। 
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के खेल प्रांगण में दो दशक बाद विश्वविद्यालय में कार्यरत गैर-शिक्षक कर्मचारियों के लिए खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। 11 व 12 फरवरी को दो दिन चलने वाली विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में क्रिकेट, बैडमिंटन, एथलेटिक्स, रस्साकस्सी, म्यूजिक चेयर सहित दौड़ शामिल है। इस अवसर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रोफेसर संजीव शर्मा बतौर मुख्यातिथि खेल प्रतियोगिताओं का शुभारम्भ करेंगे।
कुंटिया प्रधान रामकुमार गुर्जर ने बताया कि खेल कूद शरीर को फीट रखने लिए बहुत उपयोगी हैं। अगर हम शारीरिक रूप से कमज़ोर हैं, तो हमारे पास जागरूक मस्तिष्क नहीं हो सकता। खेल कूद हमें स्वस्थ रखने के साथ-साथ सक्रिय रखते हैं तथा हमें स्मार्ट और सतर्क बनाते है। उन्होंने कहा कि गैर-शिक्षक कर्मचारियों के लिए यह खेल प्रतियोगिताएं लगभग दो दशक बाद आयोजित की जा रही हैं जिसे लेकर सभी कर्मचारियों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। गुरुवार को आयोजित बैठक में खेल प्रतियोगिताओं की तैयारियों को लेकर एक बैठक आयोजित की गई जिसमें खेल गतिविधियों में भाग ले रहे टीमों के कप्तान एवं अन्य खिलाड़ियों ने भाग लिया।
कुंटिया महासचिव अनिल लोहट ने बताया कि दो दिन चलने वाली खेल प्रतियोगिताओं में लगभग 400 गैर-शिक्षक कर्मचारी विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि खेल अनुशासन सीखाने के साथ खिलाड़ी के दृष्टिकोण को भी विस्तृत करता है। उन्होंने बताया कि बैठक में खेलकूद प्रतियोगिताओं के लिए स्थान एवं समय का चयन किया गया है। उन्होंने बताया कि 12 फरवरी को विश्वविद्यालय के खेल मैदान में सांय 4 बजे खेल कूद प्रतियोगिताओं के विजेताओं की घोषणा कर उन्हें मुख्यातिथि द्वारा पुरस्कार देकर पुरस्कृत भी किया जाएगा।

कुंटिया ने जारी किया खेल प्रतियोगिताओं का शेड्यूल
टीमों ने मैदान में जमकर बहाया पसीना

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के गैर-शिक्षक कर्मचारियों के लिए आयोजित होने वाली दो दिवसीय खेल प्रतियोगिताओं का शुभारम्भ केयू स्पोर्टस ग्रांउड में प्रातः 9 बजे होगा। इसको लेकर विभिन्न टीमों ने मैदान में जाकर पसीना बहाया। 11 फरवरी को सबसे पहले 9 बजकर 30 मिनट पर क्रिकेट प्रतियोगिता में रजिस्ट्रार इलेवन तथा स्थापना शाखा इलेवन के बीच मैच खेला जाएगा। वहीं दूसरा मैच यूआईईटी इलेवन तथा एक्सईएन ब्रांच इलेवन के बीच होगा। 11ः30 मिनट पर कर्मचारियों के लिए 100 मीटर की दौड़ आयोजित होगी। इसके साथ ही वॉलीबाल का मैच स्थापना शाखा तथा परीक्षा शाखा के बीच 4 बजकर 30 मिनट पर खेला जाएगा जबकि इसका फाइनल इसी दिन सांय 6 बजे खेला जाएगा।
12 फरवरी को रस्सा कस्सी प्रतियोगिता सुबह 9ः30 बजे आयोजित होगी। पुरुष एवं महिलाओं के लिए बैडमिंटन प्रतियोगिता 10 बजे जिम्नेजियम हॉल में आयोजित होगी तथा महिलाओं रेस प्रतियोगिता का समय 11 बजे तथा म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता का समय दोपहर 3 बजे रहेगा। क्रिकेट प्रतियोगिता के दो सेमीफाइनल सुबह 10 बजे तथा फाइनल मैच 1 बजे रविवार को आयोजित किए जाएंगे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *