हरियाणा में दूसरे चरण की यात्रा के लिये चौ. उदयभान और दीपेंद्र हुड्डा ने पूरे रूट का किया निरीक्षण


  • • हरियाणा में भारत जोड़ो यात्रा के पुनः आगमन पर पहले से भी ज्यादा भव्य एवं जोरदार होगा स्वागत – दीपेन्द्र हुड्डा
    • भाजपा द्वारा यात्रा को रोकने की तमाम कोशिशों को हम प्यार से नाकाम कर देंगे – दीपेन्द्र हुड्डा

    26 दिसंबर, कुरुक्षेत्र।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष चौ. उदयभान और सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने आज हरियाणा में दूसरे चरण की भारत जोड़ो यात्रा के लिये पूरे रूट का निरीक्षण किया और भारत यात्रियों के ठहरने, भोजन आदि से संबंधित तमाम व्यवस्थाओं की तैयारियों को लेकर स्थानीय नेताओं व कार्यकर्ताओं से चर्चा की। उन्होंने हरियाणा में दूसरे चरण में यात्रा के प्रवेश स्थल सनोली बार्डर से लेकर पानीपत, कुरुक्षेत्र, करनाल, अंबाला में यात्रा के अंतिम पड़ाव तक पूरे मार्ग को बारीकी से देखा और संबंधित तमाम व्यवस्थाओं पर विचार मंथन किया। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष चौ. उदयभान ने बताया कि भारत जोड़ो यात्रा 5 जनवरी को पानीपत से हरियाणा में पुनः प्रवेश करेगी और अगले दिन 6 जनवरी को पानीपत के सेक्टर 13 व 17 के ग्राउन्ड में ऐतिहासिक रैली होगी।

    हरियाणा में पहले चरण के 3 दिनों में भारत जोड़ो यात्रा को मिले अपार जनसमर्थन से उत्साहित दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस के पक्ष में सत्ता परिवर्तन की लहर चल रही है। महंगाई, बेरोजगारी और कुशासन से त्रस्त हरियाणा की जनता विशेषकर युवा वर्ग बड़ी तादाद में यात्रा के साथ जुड़कर इसमें भागीदारी कर रहा है। हरियाणा में भारत जोड़ो यात्रा के  पुनः आगमन पर पहले से भी ज्यादा भव्य एवं जोरदार स्वागत किया जाएगा।

    उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता ने भीषण ठंड और धुंध के बावजूद राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में बढ़चढ़ कर भागीदारी की। महंगाई, बेरोज़गारी व नफरत मिटाने के दृढ़ संकल्प के साथ कन्याकुमारी से कश्मीर की यात्रा कर रहे राहुल गांधी को मिल रहे अपार जन-समर्थन से घबराई BJP की भारत जोड़ो यात्रा में बाधा पहुंचाने की कोशिशें कभी सफल नहीं होंगी। भाजपा द्वारा यात्रा को रोकने की तमाम कोशिशों को हम प्यार से नाकाम कर देंगे। हरियाणा में नये साल में नये जोश के साथ हम फिर यात्रा में शामिल होंगे। प्रदेश भर में इस यात्रा के प्रति भारी उत्साह है इसकी झलक पूरे देश ने पहले चरण के 3 दिनों में देखी है। दूसरे चरण में भी यह यात्रा ऐतिहासिक रूप से सफल होगी और प्रत्येक कांग्रेसजन इसको सफल बनाने के लिये जी-जान जुटा हुआ है।

इस दौरान हरियाणा में भारत जोड़ो यात्रा के प्रभारी राव दान सिंह, विधायक वरुण मुलाना, अशोक अरोड़ा, पूर्व विधायक लहरी सिंह, कुलविंदर खैरा समेत अनेकों स्थानीय वरिष्ठ नेता व कार्यकर्त्ता मौजूद रहे।

***

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *