हरियाणा के रोहतक में रोडवेज कर्मी लोगों को दुर्घटना से बचाने के चक्कर में खुद ही साइबर ठगों का शिकार बन गया। सड़क पर खुले सीवर के ढक्कन से कोई दुर्घटना न हो इसलिए उसे ठीक करवाने के लिए ऑनलाइन शिकायत दी। ठगों ने शिकायत का 2 रुपए चार्ज देने को लेकर उसे ठगी का शिकार बनाया और 2 लाख की धोखाधड़ी कर ली।

रोहतक के तिलक नगर वासी विजेंद्र सिंह ने बताया कि वह रोडवेज विभाग में कारपेंटर के पद पर कार्यरत है और उसकी ड्यूटी रोहतक बस स्टैंड स्थित वर्कशॉप में है। उसने अपने बैंक अकाउंट से गूगल पे पर मोबाइल नंबर लिंक किया हुआ है। वह 8 दिसंबर को सुबह तिलियार झील के पास घूमने के लिए आया हुआ था।

दुर्घटना से लोगों को बचाने के लिए दी शिकायत
उसने कहा कि जब वह वापस जा रहा था तो सड़क पर सीवर का ढक्कन खुला हुआ था। जिससे कोई दुर्घटना की संभावना को देखते हुए उसने इसकी ऑनलाइन शिकायत करने की ठानी। बेटे को कहकर इंटरनेट पर सर्च किया तो एक वेबसाइट मिली। जिस पर उन्होंने शिकायत के लिए क्लिक किया।

चार्ज के नाम पर मांगे 2 रुपए
विजेंद्र सिंह ने बताया कि दिए गए लिंक पर खुद की जानकारी व सीवर की लोकेशन डाल दी। जिसके बाद 2 रुपए चार्ज मांगे। समस्या का समाधान हो जाए, इसलिए फार्म पर दिए गए लिंक पर क्लिक करके 2 रुपए जमा करवा दिए। इसके बाद फोन पर कॉल आई और सामने वाले ने खुल को PWD विभाग का अधिकारी बताया।

भुगतान को लेकर आई कॉल
उन्होंने कहा कि फोन पर सामने वाले ने कहा कि भुगतान वेरीफाई नहीं हुआ। जब पेमेंट होने की बात कही तो फोन काट दिया। इसके बाद 9 दिसंबर को उसे से 2 रुपए कट गए। वहीं उसके बाद दो ट्रांजेक्शन हुई। एक ट्रांजेक्शन में 95 हजार व दूसरी ट्रांजेक्शन में 5 हजार रुपए निकाले गए।

2 लाख 2 रुपए ठगे
विजेंद्र सिंह ने कहा कि 10 दिसंबर को कुल 4 ट्रांजेक्शन हुई। उसके खाते से पहले 2 रुपए कट गए। वहीं बाद में 49000-49000 रुपए दो बार कटे। वहीं चौथी बार 1998 रुपए काटे गए। दो दिन में कुल 2 लाख 2 रुपए की धोखाधड़ी की गई है। जब फोन पर पैसे कटने के मैसेज आए तो इस धोखाधड़ी का पता लगा।

शिकायत के बाद कई बार काटे चक्कर
उन्होंने बताया कि धोखाधड़ी का पता लगने के बाद खाता बंद करवाया। वहीं उनके खाते से ऑनलाइन ट्रांजेक्शन 1 लाख ही हो सकती थी। इसलिए दो दिन में यह ठगी की गई है। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। कई बार चक्कर लगाने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *