ट्विटर ने अपना अपडेटेड अकाउंट वैरिफिकेशन प्रोग्राम लॉन्च कर दिया है। अब सभी वेरिफाइड अकाउंट को केवल ब्लू टिक नहीं मिलेगा बल्कि इनमें तीन कलर कैटेगरी बांटी गई है। कंपनियों को गोल्ड चेक, सरकार को ग्रे चेक और आम नागरिकों को ब्लू टिक मिलेगा। इसके अलावा सभी चेक एक्टिवेट होने से पहले मैन्युअली चेक किया जाएगा।

इससे पहले माइक्रोब्लॉगिंग साइट पर फेक अकाउंट की बढ़ती लिस्ट को​​​ देखते हुए ट्विटर ने ब्लू टिक सर्विस ड्रॉप कर दी थी। ट्विटर की ब्लू टिक वेरिफिकेशन सर्विस अब कंपनी की पेड सर्विस हो चुकी है। हालांकि अभी इस सर्विस को अमेरिका समेत कुछ ही देशों में लॉन्च किया गया है। भारत में जब ये सर्विस लॉन्च होगी तो इसके लिए 700 रुपए प्रति माह चुकाने पड़ सकते हैं।

अभी जिन देशों में ट्विटर ब्लू सब्सक्रिप्शन लॉन्च किया गया है वहां इसके लिए हर महीने 8 डॉलर चुकाने होंगे। वहीं अगर इसे एपल के ऐप स्टोर पर खरीदते हैं तो यह 11 डॉलर प्रति माह पर उपलब्ध होगा। एपल स्टोर पर इसके महंगे होने का कारण एपल की ओर से लिया जाने वाला 30% टैक्स है। बीते दिनों एलन मस्क ने एपल के इस टैक्स के बारे में बताया था।

ट्विटर ब्लू सब्सक्रिप्शन में क्या मिलेगा?
8 डॉलर के इस सब्सक्रिप्शन में यूजर्स को ट्विट एडिट करने, 1080p यानी HD क्वालिटी में वीडियो अपलोड करने, रीडर मोड और एक ब्लू चेकमार्क मिलेगा। ब्लू चेकमार्क नंबर को भी वेरिफाई किया जाएगा। अभी यह साफ नहीं है कि अकाउंट के रिव्यू की प्रोसेस क्या होगा। इसके अलावा रिप्लाई, मेंशन और सर्च में प्रायोरिटी मिलेगी। सामान्य यूजर्स से 50% कम ऐड दिखेंगे और नए फीचर्स में भी प्रायॉरिटी मिलेगी।

सब्सक्राइबर अपना हैंडल, डिस्प्ले नाम या प्रोफाइल फोटो भी बदल सकेंगे, लेकिन अगर वे ऐसा करते हैं, तो उनके अकाउंट का फिर से रिव्यू होने तक अस्थायी रूप से ब्लू चेकमार्क हट जाएगा। ट्विटर ने ये भी बताया कि बिजनेसेज के ऑफिशियल लेबल को गोल्ड चेकमार्क से बदला जाएगा। वहीं सरकारी और मल्टीलेटरल अकाउंट के लिए ग्रे चेकमार्क होगा।

9 नवंबर को लॉन्च के बाद होल्ड कर दी थी सर्विस
ट्विटर ने 9 नवंबर को चेक-मार्क बैज के साथ ट्विटर ब्लू लॉन्च किया था। हालांकि फेक अकाउंट की संख्या बढ़ने के कारण 2 दिन बाद ही ट्विटर ब्लू साइनअप को होल्ड कर दिया गया। कई लोगों ने ट्विटर ब्लू का 8 डॉलर का सब्सक्रिप्शन लेकर टेस्ला, एली लिली और कई अन्य कंपनियों के अकाउंट बनाकर ब्लू चेक मार्क ले लिया था। एली लिली के ब्लू चेक मार्क वाले पैरोडी अकाउंट का कंपनी के शेयर पर भी असर देखने को मिला था।

ब्लू सब्सक्रिप्शन में जोड़ा ब्लू चेक मार्क
मस्क के टेकओवर से पहले ब्लू चेक मार्क केवल राजनेताओं, प्रसिद्ध हस्तियों, पत्रकारों और अन्य सार्वजनिक हस्तियों के लिए रिजर्व था। इसे लेने के लिए सरकार की ओर से जारी आईडी जमा करने समेत कई चीजें शामिल थीं। मस्क के पे-फॉर-वेरिफिकेशन सेटअप को लेकर आलोचकों का कहना है कि अब ब्लू चेक मार्क अर्थहीन हो गया है।

भारत में ब्लू सब्सक्रिप्शन के लिए चुकाने होंगे 719 रु
भारत में कुछ ट्विटर यूजर्स को 10 नवंबर की रात ब्लू सब्सक्रिप्शन के लिए एपल ऐप स्टोर पर पॉप-अप मिला। इसमें ट्विटर ब्लू सब्सक्रिप्शन की मासिक कीमत 719 रुपए बताई गई। हालांकि, कीमत अभी भी आधिकारिक तौर पर सामने नहीं आई है।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *