ट्विटर आज अपनी वैरिफाइड सब्सक्रिप्शन सर्विस लॉन्च कर सकता है। द वर्ज की एक रिपोर्ट में ये दावा किया गया है। मस्क ने बीते दिनों कहा था कि वो दिसंबर के पहले हफ्ते में इसे लॉन्च करेंगे। नए सिस्टम में सरकार, कंपनियों और आम लोगों को अलग-अलग रंग के बैज मिलेंगे। कंपनियों को गोल्ड चेक, सरकार को ग्रे चेक और आम नागरिकों को ब्लू टिक मिलेगा। इसके अलावा सभी चेक एक्टिवेट होने से पहले मैन्युअली चेक किया जाएगा।

ब्लू सब्सक्रिप्शन में जोड़ा ब्लू चेक मार्क
ब्लू चेक मार्क पहले राजनेताओं, प्रसिद्ध हस्तियों, पत्रकारों और अन्य सार्वजनिक हस्तियों के वेरिफाइड अकाउंट के लिए रिजर्व था। मस्क के ट्विटर टेकओवर के बाद इसे ब्लू सब्सक्रिप्शन सर्विस में जोड़ा गया है। कोई भी व्यक्ति पेमेंट कर इस ब्लू चेक मार्क को ले सकता है। हाल ही में इस सर्विस को कुछ देशों में 8 डॉलर प्रति महीने (करीब 660 रुपए) की कॉस्ट पर लॉन्च किया गया था, लेकिन फेक अकाउंट के बढ़ने के चलते इसे होल्ड कर दिया गया।

ब्लू सर्विस से बढ़ने लगे थे फेक अकाउंट्स
पेड वेरिफिकेशन फीचर के रोल आउट होते ही ट्विटर पर कई मशहूर हस्तियों के कई फर्जी अकाउंट सामने आ गए। कई कंपनियों के भी फेक अकाउंट बनाए गए जिसका असर उस कंपनी के शेयर पर भी पड़ा। कुछ ने गेमिंग कैरेक्टर ‘सुपर मारियो’ और बास्केटबॉल खिलाड़ी लेब्रोन जेम्स के भी फर्जी अकाउंट बनाए थे। अब इस सर्विस को रिलॉन्च किया जा रहा है।

भारत में ब्लू सब्सक्रिप्शन के लिए चुकाने होंगे 719 रु
भारत में कुछ ट्विटर यूजर्स को 10 नवंबर की रात ब्लू सब्सक्रिप्शन के लिए एपल ऐप स्टोर पर पॉप-अप मिला। इसमें ट्विटर ब्लू सब्सक्रिप्शन की मासिक कीमत 719 रुपए बताई गई। हालांकि, कीमत अभी भी आधिकारिक तौर पर सामने नहीं आई है।

सब्सक्रिप्शन मोड पर ले जाने की 3 वजहें
1. कंपनी को रोजाना 32 करोड़ का नुकसान हो रहा है। वो नए मॉडल से रेवेन्यू बढ़ाना चाहते हैं।

2. मस्क ने ट्विटर को 44 बिलियन डॉलर में खरीदा है। वो जल्द इसकी भरपाई करना चाहते हैं।

3. ट्विटर पर भारी कर्ज है। वो इसे खत्म करने के लिए ऐडवर्टाइजर्स पर निर्भर नहीं रहना चाहते।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *