अजरबैजान के राजदूत अशरफ शेखालीयेव ने कहा- कुरुक्षेत्र श्रीमद्भगवद्गीता की स्थली, पूरे विश्व में कुरुक्षेत्र का होना चाहिए प्रचार, भारत में इथोपिया की राजदूत टिजिटा मुलुगेटा ने गीता महोत्सव आयोजित करने पर दी हार्दिक बधाई
कुरुक्षेत्र 30 नवंबर अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में विदेशी मेहमानों का आना लगातार जारी है। इनमें दूसरे देशों के राजदूत भी शामिल हैं। बुधवार को भारत में अजरबैजान के राजदूत अशरफ शेखालीयेव व इथोपिया की राजदूत टिजिटा मुलुगेटा कुरुक्षेत्र पहुंची। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में पवित्र ब्रह्मसरोवर के तट पर लगे शिल्प मेले का भ्रमण किया और अलग-अलग कार्यक्रमों में शिरकत की है।
अंतर्राष्टï्रीय गीता महोत्सव को लेकर केडीबी सभागार में बनाए गए मीडिया सेंटर में दोनों मेहमान पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। यहां पहुंचने पर भारत में अजरबैजान के राजदूत अशरफ शेखालीयेव व इथोपिया की राजदूत टिजिटा मुलुगेटा का विधायक सुभाष सुधा, केडीबी के मानद सचिव मदन मोहन छाबड़ा, केडीबी सदस्य सौरभ चौधरी, मनजीत सिंह ने पुष्प गुच्छ भेंटकर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि न केवल भारत को बल्कि पूरे विश्व को धार्मिक व आध्यात्मिक विकास के लिए गीता का ज्ञान जरुरी है। एक सवाल का जवाब देते हुए भारत में अजरबैजान के राजदूत अशरफ शेखालीयेव ने कहा कि कुरुक्षेत्र को विश्वभर में पवित्र शहर के रूप में जाना जाता है। यह श्रीमद्भगवद्गीता की स्थली है। कुरुक्षेत्र शहर का प्रचार और प्रसार पूरे विश्व में होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि गीता भारत ही नहीं बल्कि पूरे विश्व के लिए ज्ञान का सागर है। विश्व के कल्याण और विकास के लिए गीता का अनुसरण करना जरुरी है। अशरफ शेखालीयेव ने कहा कि पूरे विश्व के पवित्र ग्रंथों में श्रीमद्भगवद्गीता का स्थान है। एक सवाल का जवाब देते हुए भारत में इथोपिया की राजदूत टिजिटा मुलुगेटा ने कहा कि गीता हमें कर्म का संदेश देती है। इस पवित्र ग्रंथ के अध्ययन से हम अनुशासन, त्याग, सम्मान और जीवन को जीने के तरीके सीखते हैं। कुरुक्षेत्र में इस तरह का गीता महोत्सव आयोजित करना हरियाणा सरकार और कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड की सराहनीय पहल है।
बॉक्स
अजरबैजान से है भारत के अच्छे संबंध
राजदूत अशरफ शेखालीयेव ने कहा कि अजरबैजान और भारत के अच्छे रिश्ते हैं। अजरबैजान में भारत के लोगों को, भारत की फिल्मों को, भारत के कलाकारों को बहुत पसंद किया जाता है। अजरबैजान भारत से पीपल-टू-पीपल कनेक्ट है। वहां पर बहुत से भारतीय काम करते हैं। बहुत से भारतीय होटल खुले हुए हैं। करीब 1 हजार भारतीय कंपनियां अजरबैजान में काम कर रही हैं। दोनों देशों के बीच करीब 2 हजार बिलियन अमेरिकन डॉलर का व्यापार हो रहा है।
बाक्स
इथोपिया को ज्ञान देने में भारत का योगदान-टिजिटा
भारत में इथोपिया की राजदूत टिजिटा मुलुगेटा ने कहा कि दोनों देशों के बीच बहुत अच्छे संबंध हैं। इथोपिया को ज्ञान देने में भारत का योगदान रहा है। भारत के बहुत से शिक्षक और प्रोफेसर इथोपिया में कार्यरत हैं, जिन्होंने अपने ज्ञान के प्रकाश से इथोपिया के लोगों को भी ज्ञानवान बनाने में अहम भूमिका निभाई है। टिजिटा ने कहा कि इथोपिया में करीब 600 भारतीय कंपनियां काम कर रही हैं। लगातार व्यापार बढ़ रहा है। दोनों के बीच भविष्य में और बेहतर संबंध स्थापित होंगे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *