हरियाणा को मिलेगा सर्वश्रेष्ठ दिव्यांगजन आयुक्त पुरस्कार, महामहिम राष्ट्रपति 3 दिसंबर को करेंगी सम्मानित, हरियाणा के दिव्यांगजनों के आयुक्त राजकुमार मक्कड़ ने दी जानकारी
कुरुक्षेत्र 23 नवंबर दिव्यांगजनों के राज्य आयुक्त राजकुमार मक्कड़ ने कहा कि प्रदेश के लिए गर्व की बात है कि हरियाणा को सर्वश्रेष्ठ दिव्यांगजन आयुक्त पुरस्कार मिलने जा रहा है। यह पुरस्कार महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू द्वारा 3 दिसंबर को विश्व दिव्यांग दिवस पर दिया जाएगा। पहली बार पूरे भारत में ऐसा हो रहा है कि किसी ने इस पुरस्कार के लिए पैरामीटर पूरे किए है।
आयुक्त राजकुमार मक्कड़ अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के दौरान मीडिया सेंटर में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। आयुक्त राजकुमार मक्कड़ ने कहा कि इसके अलावा हरियाणा को दो अन्य पुरस्कार मिले हैं, इसमें सर्वश्रेष्ठ बाल दिव्यांग पुरस्कार शामिल है जो रेवाड़ी जिले के एक 15 वर्षीय बच्चे को मिला है। इसके साथ-साथ  सर्वश्रेष्ठ संस्था का पुरस्कार भी पलवल जिले की एक एनजीओ को मिला है। हरियाणा की मनोहर सरकार दिव्यांगजनों के लिए अलग-अलग योजनाएं चला रही हैं। इससे दिव्यांगजन लाभान्वित हो रहे हैं। प्रदेश सरकार 1 लाख 96 हजार 748 दिव्यांग को ढाई हजार रुपये महीना पेंशन दे रही है। इसके साथ-साथ दिव्यांगजनों को रियायती दरों पर ऋण दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अब दिव्यांगजन ऑनलाइन पोर्टल पर 24 घंटे शिकायत दर्ज करवा सकते हैं। वे न केवल इस पोर्टल पर शिकायत कर सकते हैं बल्कि उनकी शिकायत पर क्या कार्रवाई हुई, यह भी देख सकते हैं। हरियाणा सरकार दिव्यांगजनों को ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी में भी लाभ दे रही है। इसमें दिव्यांगजन को 20 अंक दिए जा रहे हैं। वीटा प्रोडक्ट के लिए एजेंसी लेने पर दिव्यांगजन को 10 प्रतिशत आरक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने दिव्यांगजनों को भी अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में शामिल होने का आह्वान करते हुए कहा कि यह गीता की भूमि है, दिव्यांगजनों को भी यहां आकर इस अंतरराष्ट्रीय महोत्सव में ऐतिहासिक पल का साक्षी बनना चाहिए।
बाक्स
फर्जी दिव्यांग प्रमाण पत्र हासिल करने वालों पर होगी कार्रवाई
आयुक्त राजकुमार मक्कड़ ने कहा कि फर्जी तरीके से दिव्यांग प्रमाण पत्र बनवाकर इसका लाभ उठाने वालों पर कार्रवाई होगी। सरकार ने ऐसा करने वालों पर 28 एफआईआर भी दर्ज करवाई है। इस दिव्यांग प्रमाण पत्र का लाभ असल पात्र दिव्यांग को ही उठाना चाहिए। अब दिव्यांगजनों के लिए मेडिकल बोर्ड के तीन दिन निर्धारित किए हैं। सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को मेडिकल बोर्ड के सदस्य एक जगह बैठेंगे। इससे दिव्यांगजनों को लाभ मिलेगा।
बाक्स
दिव्यांगजनों के बैकलॉग को भरा जा रहा
आयुक्त राजकुमार मक्कड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल की सरकार में दिव्यांगजनों के बैकलॉग को भरा जा रहा है। अलग-अलग विभागों के बैकलॉग को काउंट करके दिव्यांगजनों के लिए भर्ती निकाली जा रही है। इसे हजारों दिव्यांगजनों को लाभ मिल रहा है। दिव्यांगजनों की सांस्कृतिक प्रतिभा निखारने के लिए आकाशवाणी और दूरदर्शन पर 10 दिसंबर को विश्व दिव्यांग दिवस पर कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *