डिप्टी स्पीकर ने अम्बाला के पीडब्लूडी रेस्ट हाउस में की प्रेसवार्ता

अम्बाला, 5 जुलाई- हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा ने कहा कि 21 जुलाई 2024 को हिसार में महाराजा दक्ष प्रजापति जयंती मनाई जाएगी। इस कार्यक्रम में प्रदेशभर से लोग हिस्सा लेंगे। डिप्टी स्पीकर शुक्रवार को अंबाला कैंट के पीडब्लूडी रेस्ट हाउस में प्रेसवार्ता के दौरान बोल रहे थे।

इस दौरान उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार निरंतर संत महापुरुष सम्मान एवं विचार प्रचार प्रसार योजना के अंतर्गत महापुरुषों की जयंती मना रही है। इसी कड़ी में हिसार में महाराजा दक्ष प्रजापति जयंती मनाई जाएगी। इस राज्यस्तरीय कार्यक्रम में प्रदेशभर से आजमन शामिल होंगे। हिसार में बनाई गई दक्ष आईटीआई के अंदर इस कार्यक्रम का आयोजन होगा। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे।

मुख्यमंत्री ने बैकवर्ड क्लास की मांगे पूरा करने का किया कार्य

डिप्टी स्पीकर ने कहा कि बैकवर्ड क्लास से जुड़ी मांगों को पूरा करने का काम मुख्यमंत्री नायब सिंह ने किया है। पूरे ओबीसी समाज की मांग थी कि क्रीमी लेयर की आय सीमा जो 6 लाख रुपये थी, उसे केंद्र सरकार की तर्ज पर 8 लाख रुपये किया जाए और उसमें सैलरी और कृषि आय न जोड़ी जाए। पिछली कांग्रेस सरकार ने बैकवर्ड क्लास के साथ अन्याय करने का कार्य किया। मुख्यमंत्री नायब सिंह का धन्यवाद है, उन्होंने क्रीमी लेयर की आय को केंद्र सरकार के समान करने का कार्य किया। इसके साथ-साथ उन्होंने प्रेसवार्ता कर कहा है कि नौकरियों में बैकलॉग को भी भरा जाएगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह ने बैकवर्ड क्लास की बड़ी मांग को पूरा किया है। देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार तीसरी बार बनी है, हरियाणा में भी तीसरी बार पूर्ण बहुमत की भाजपा सरकार बनेगी।

सभी घोषणाओं पर किया जा रहा कार्य
डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह निरंतर सरकार की घोषणाओं पर कार्य कर रहे हैं। आमजन की समस्याओं की सुनवाई हो, इसके लिए समाधान शिविर लगाए जा रहे हैं। सभी जिला उपायुक्त कार्यालयों व एसडीएम कार्यालयों में सुबह 9 बजे से 11 बजे तक समाधान शिविर लगाए जा रहे हैं। इसकी निगरानी स्वयं मुख्य सचिव कर रहे हैं। किसानों के साथ-साथ हर वर्ग का ख्याल रखा जा रहा है।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *