हरियाणा सरकार की सूबे के लोगों को निरोगी करने की कवायद शुरू हो गई है। निरोगी योजना के तहत होने वाले हेल्थ चेकअप की पहली लिस्ट स्वास्थ्य विभाग ने तैयार कर ली है। पहले फेज में 98 लाख 13 हजार 214 लोगों का हेल्थ चेकअप फ्री में किया जाएगा। इसके साथ ही परीक्षण में यदि किसी को बीमारी मिलती है तो उपचार भी निशुल्क किया जाएगा।

हरियाणा के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री अनिल विज ने कहा कि निरोगी हरियाणा योजना के प्रथम चरण में 24 लाख 75 हजार 380 अंत्योदय परिवारों को शामिल किया गया है।

आयु के हिसाब से 6 फेज में होगा चेकअप
इन परिवारों के सदस्यों की सघन स्वास्थ्य जांच सुचारू रूप से करने के लिए आयु के हिसाब से 6 फेज में बांटा गया है। इससे आयु के हिसाब से होने वाले संक्रामक और गैर संक्रामक रोगों की जांच की जा सकेगी। इसी क्रम में आयु के अनुरूप 25 से ज्यादा परीक्षण की संख्या निर्धारित की गई है। इसके अलावा, जांच में यदि कोई भी बीमारी पाई जाती है तो उपचार भी फ्री किया जाएगा।

ये विभाग मिलकर करेंगे काम
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि निरोगी हरियाणा योजना को सफल बनाने के लिए चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग, आयुष विभाग, महिला एवं बाल कल्याण विभाग, शिक्षा विभाग, पंचायती राज विभाग तथा नगर विकास एवं आवास विभाग मिलकर काम करेंगे। इस योजना को पूरा करने के लिए पहले फेज में 32 चिकित्सा संस्थानों को चिह्नित किया गया है जहां सभी निर्धारित स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया जाएगा।

बजट सत्र में की गई थी घोषणा
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बजट सत्र 2022 के दौरान निरोगी हरियाणा बनाने के लिए घोषणा की थी। इस योजना के तहत जिन परिवारों की वार्षिक आय 1.80 लाख रुपए या उससे कम है (अंतोदय परिवार), को निशुल्क सघन स्वास्थ्य परीक्षण की सुविधा देने में शामिल किया गया है। विज ने बताया कि निरोगी हरियाणा योजना हरियाणा राज्य द्वारा की गई एक अनूठी पहल है।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *