नैतिक रूप से भाजपा लोकसभा चुनाव हारी
भाजपा ने देश की जनता पर अपनी विचारधारा को जबरदस्ती थोपने का किया काम
प्रदेश में कांग्रेस के पक्ष में लहर, भाजपा जा रही, कांग्रेस आ रही
देश की जनता ने भाजपा को नकारा, 250 का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाई भाजपा
कुरुक्षेत्र। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस कार्यसमिति की सदस्य एवं सिरसा लोकसभा सीट से कांग्रेस (इंडिया गठबंधन) की नवनिर्वाचित सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि देश की जनता ने भाजपा के 400 पार का नारा दिया था, लेकिन  देश की जनता ने उसे पूरी तरह से नकार दिया। देश की जनता ने भाजपा को आईना दिखा दिया है कि झूठ और जुमले ज्यादा दिन नहीं चलते।  प्रदेश की जनता भाजपा की दस साल की नीतियों से तंग आ चुकी है और सरकार से पीछा छुड़ाना चाहती है। लोकसभा चुनाव में जनता ने दिखा दिया है कि भाजपा जा रही है और कांग्रेस आ रही है।
वे बुधवार को पैराकीट मोटल पिपली में पत्रकारों से बातचीत कर रही थी। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान देश की जनता पर अपनी विचारधारा और तरीका जबरदस्ती थोपने का प्रयास किया, जिसे देश की जनता ने नकार दिया। भाजपा की असलियत देश के सामने आ गई है। उन्होंने कहा कि नैतिक रूप से भाजपा यह चुनाव हार चुकी है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा और न्याय यात्रा का असर इस चुनाव में लोगों पर साफ दिखाई दिया। उन्होंने कहा  कि कांग्रेस की लड़ाई आगे भी जारी रखेगी। सैलजा ने कहा कि भाजपा को देश हित से कोई लेना-देना नहीं है बल्कि भाजपा जात-पात और धर्म के मुद्दे को आगे रखकर प्रोपेगेंडा करने में माहिर है। एनडीए सरकार के भविष्य के बारे में कुमारी शैलजा से सवाल पूछा गया तो शैलजा ने कहा कि आज भाजपा पूरी तरह से एनडीए की बैसाखी के सहारे खड़ी है, पता नहीं कब क्या हो जाए, राजनीति में कुछ भी संभव है।  हरियाणा में कांग्रेस की पांच सीटों पर जीत को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कुमारी सैलजा ने कहा कि इसके लिए कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व और कांग्रेस का कार्यकर्ता बधाई के पात्र है। उन्होंने अपनी जीत पर सिरसा की जनता और कार्यकर्ताओं का धन्यवाद भी किया।
एक अन्य सवाल पर कुमारी शैलजा ने कहा कि यदि हम और अच्छे ढंग से लड़ते तो नतीजे और भी अच्छे आते। मगर इन परिणामों से यह साफ हो गया है कि हरियाणा की जनता ने प्रदेश की भाजपा सरकार को पूरी तरह से नकार दिया है।  उन्होंने प्रदेश में भाजपा द्वारा मुख्यमंत्री का चेहरा बदलने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री का चेहरा बदलकर भी भाजपा को कुछ भी हासिल नहीं हुआ। प्रदेश के लोगों की उम्मीद सिर्फ कांग्रेस पर ही है।
उन्होंने कहा कि मैं और मेरा की जंग में सबसे बड़ा नुकसान कार्यकर्ता का होता है, क्योंकि कार्यकर्ता ही खून पसीना बहाता है। गुटबाजी से नुकसान ही होता है। हरियाणा में अगली सरकार किसकी होगी, के सवाल के जवाब में कुमारी सैलजा ने कहा कि निश्चित तौर पर कांग्रेस की ही सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा पिछले 10 सालों में हरियाणा में कुछ नहीं कर पाई। जिसका नतीजा भी भाजपा को लोकसभा चुनाव में भुगतना पड़ा। उन्होंने कहा कि हरियाणा में सबसे बड़ा मुद्दा रोजगार और विकास का है। भाजपा दोनों मुद्दों पर फेल हो गई है। उन्होंने कहा कि केवल मुख्यमंत्री का चेहरा बदलने से कुछ नहीं होगा।
कुमारी शैलजा ने कांग्रेस संगठन पर पूछे गए सवाल पर बताया कि इस बारे में शीर्ष नेतृत्व जरूर विचार करेगा। इससे पूर्व पैराकीट मोटल पहुंचने पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य सुरेश यूनिसपुर व कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कुमारी शैलजा का गुलदस्ते भेंट कर स्वागत किया।
इस मौके पर असंध से विधायक शमशेर गोगी, प्रदेश कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य कंवरजीत सिंह प्रिंस, हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य राजेंद्र बल्ला, किसान कांग्रेस के प्रदेश महासचिव सतबीर सिंह खेड़ी रामनगर, लीगल सैल के प्रदेश महासचिव सुरजीत पलवल एडवोकेट, महिला आयोग की पूर्व सदस्य प्रवेश राणा, महिला कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष बिमला सरोहा, महिला कांग्रेस की शहरी प्रधान निशी गुप्ता, महिला कांग्रेस ग्रामीण की प्रधान मीना शर्मा, पूर्व ब्लाक अध्यक्ष फतेह सिंह खेड़ी रामनगर, कुलदीप सिंह किरमच एडवोकेट, बालकिशन भास्कर, बलदेव सागवाल, युवा नेता देवेंद्र लक्की, अरुण पंजाबी, सुभाष मुंडाखेड़ा, जरनैल डूडा, कमलेश धीमान आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।
फोटो संख्या 08- पैराकीट पिपली में पहुंचने पर कुमारी शैलजा का स्वागत करते सुरेश यूनिसपुर व कार्यकर्ता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *