कांग्रेसजनों ने किया बाबा साहब डॉ. बीआर अंबेडकर को नमन
कांग्रेस जनों ने ली संविधान बचाने की शपथ
कुरुक्षेत्र, 14 अप्रैल। हरियाणा के पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अशोक अरोड़ा के नेतृत्व में कांग्रेस जनों ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर उन्हें नमन किया। इस दौरान सभी कांग्रेस जन अंबेडकर चौक पर एकत्रित हुए और डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर उन्हें पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान कांग्रेस जनों ने शपथ ली कि वे संविधान की तन मन और वचन से रक्षा करेंगे। इस दौरान काफी संख्या में कांग्रेसी मौजूद थे।
अपने संबोधन में पूर्व मंत्री अशोक अरोड़ा ने कहा कि डॉ. बीआर अंबेडकर ने भारत को उसका सबसे मजबूत स्तंभ ‘संविधान’ दिया है। बाबा साहेब अंबेडकर समानता, मानवाधिकार और सामाजिक न्याय के पुरोधा बने रहेंगे। आज डॉ. अम्बेडकर का जीवन और कार्य पूरी दुनिया में करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
पूर्व मंत्री अशोक अरोड़ा ने कहा कि जब हमारे स्वतंत्रता सेनानियों व शहीदों की बदौलत देश आजाद हुआ तो देश को तरक्की की राह पर आगे ले जाना बहुत बड़ी चुनौती थी। भारत का अपना कोई संविधान नहीं था, इसी के चलते डॉ. भीमराव अंबेडकर को देश का संविधान लिखने की ड्यूटी दी गई और उन्होंने हर वर्ग का ध्यान रखते हुए संविधान की रचना की। अशोक अरोड़ा ने कहा कि हमारा देश शरीर है और संविधान उसकी आत्मा है। स्वतंत्रता सेनानियों ने अपना जीवन देकर यह संविधान बनाया है। इस संविधान ने प्रत्येक नागरिक को बोलने की आजादी दी, समानता का अधिकार, जाति धर्म व लिंग के भेदभाव से मुक्ति दिलाई। इतना ही नहीं पिछड़ों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए आरक्षण का अधिकार दिया।
अरोड़ा ने कहा कि आज कुछ राजनीतिक ताकतें इस संविधान को खत्म करना चाहती हैं लेकिन देश की जनता डॉ भीमराव अंबेडकर के द्वारा बनाए हुए संविधान को खत्म नहीं होने देगी। अब देश की जनता संविधान को खत्म करने वाली ताकतों से परिचित हो चुकी है और अपने वोट की चोट से ऐसी ताकतों को मुंहतोड़ जवाब देंगी। इस मौके पर इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के पूर्व चेयरमैन जलेश शर्मा, रविदास सभा के प्रधान सूरजभान नरवाल, कांग्रेस नेता सुभाष पाली, दीनानाथ अरोड़ा, जगदीश राठी, पवन चौधरी, पूर्व पार्षद विवेक भारद्वाज विक्की, ओमप्रकाश ओपी, रामस्वरूप चोपड़ा, सतबीर शर्मा,  राकेश सैनी, नीलम बड़ौदा, मीना शर्मा व कमलेश सहित अन्य मौजूद रहे।
फोटो परिचय
कुरुक्षेत्र। संविधान निर्माता डॉ. अंबेडकर को नमन करते कांग्रेस जन।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *