अम्बाला, 9 मार्च
नागरिक अस्पताल अम्बाला छावनी में पी.पी.पी. मोड पर चल रहे हृदय आरोग्य केंद्र में बीते कल अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस बड़ी धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर मेडीट्रिना ग्रुप की सी.ई.ओ. डॉ. मंजू प्रथाप ने महिला कर्मियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
महिला कर्मियों को संबोधित करते हुए डॉ. मंजू प्रथाप ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस हमें विभिन्न क्षेत्रों में अपनी अमिट पहचान बना चुकी महिलाओं को स्मरण करके उनकी उपलब्धियों से प्रेरणा लेने का दिन है। वैसे तो लगभग हर क्षेत्र में महिलाओं ने पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम किया है, लेकिन शिक्षा एवं चिकित्सा ऐसे क्षेत्र हैं जो समाज के हर वर्ग की जीवन रेखा के समान हैं और इन दोनों क्षेत्रों में महिलाओं का योगदान पुरुषों से कहीं ज्यादा है। इसके अलावा राजनीति, प्रशासन, विज्ञान, अनुसंधान, वित्त, बैंकिंग, प्रबंधन समेत अन्य तमाम क्षेत्रों ही नहीं, बल्कि अब तो भारत की महिलाएं देश की सेनाओं एवं अद्र्धसैनिक दलों में भर्ती होकर सीमाओं की रक्षा करने में भी अहम भूमिका निभा रही हैं।
डॉ. मंजू प्रथाप ने महिला कर्मियों को हर परिस्थिति में सशक्त और ऊर्जावान रहने का मंत्र देते हुए कहा कि नारी शक्ति का प्रतीक है। वह परिवार की धुरी होती है, इसलिए किसी भी महिला को स्वयं को अबला या कमजोर नहीं समझना चाहिए। इससे पूर्व, डा. मंजू प्रथाप ने महिला कर्मियों के साथ केक काटकर समारोह का शुभारंभ किया। अंत में, सभी महिला कर्मियों को हृदय आरोग्य केंद्र में उनके योगदान के लिए ट्रॉफी भेंट कर सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम के बाद सभी महिला कर्मियों ने स्वयं को गौरवान्वित महसूस किया।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *