-केडीबी प्रशासन के विरुद्ध जमकर की नारेबाजी, वीटा बूथ पर मांस बनाया जाने का लगाया आरोप
-केडीबी प्रशासन द्वारा 24 घंटे में वीटा बूथ रद्द करवाने का आश्वासन देने के पश्चात किया गया धरना खत्म
कुरुक्षेत्र, 22 नवंबर
सन्निहित सरोवर पर स्थित वीटा बूथ को बंद करवाने की मांग को लेकर श्रीब्राह्मण एवं तीर्थोद्धार सभा ने कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड कार्यालय के सामने लगभग एक घंटे तक प्रदर्शन किया और केडीबी प्रशासन के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की। सभा के मुख्य सलाहकार जयनारायण शर्मा तथा प्रधान श्याम सुंदर तिवारी ने आरोप लगाया कि पवित्र सन्निहित सरोवर के किनारे स्थित इस वीटा बूथ में लगभग एक वर्ष पूर्व मीट बनते हुए पकड़ा गया था, जिसकी वीडियो वायरल हुई थी। उस समय विकास बोर्ड ने एनओसी रद्द कर दी थी। जिस पर वीटा के अधिकारियों ने जांच करते हुए इस मामले को सही पाया था और बूथ की अलॉटमेंट रद्द कर दी गई थी और उसी समय से यह बूथ बंद पड़ा हुआ है। कल बूथ को दोबारा खोलने का प्रयास किया था और पता चला है कि केडीबी प्रशासन द्वारा दोबारा से एनओसी जारी करने पर वीटा ने बूथ की अलॉटमेंट उसी व्यक्ति को कर दी जिसके पास यह बूथ पहले था। जयनारायण शर्मा ने आरोप लगाया कि यह सब केडीबी प्रशासन की मिलीभगत से हुआ है। सन्निहित सरोवर एक पवित्र स्थान है इसके चारों ओर मंदिर और नजदीक ही गुरुद्वारा छठी पातशाही है। धर्मनगरी में मांस की बिक्री पर प्रतिबंध लगा हुआ है उसके बावजूद वीटा बूथ पर मांस का पकाया जाना, एक शर्मनाक घटना है और इससे हिंदू धर्म की आस्था से खिलवाड़ किया गया है। उन्होंने कहा कि किसी भी कीमत पर इस बूथ को खुलने नहीं दिया जाएगा। सभा की मांग है कि इस बूथ की अलॉटमेंट रद करके बूथ को किसी अन्य स्थान पर तब्दील किया जाए। जयनारायण शर्मा ने चेतावनी दी कि 24 घंटे में बूथ की अलॉटमेंट रद्द नहीं की गई तो मामला 23 नवंबर को मुख्यमंत्री के कुरुक्षेत्र आगमन पर उनके सामने उठाया जाएगा। उन्होंने यह भी मांग की कि जिन अधिकारियों ने इस बूथ को दोबारा से खुलवाने में भूमिका निभाई है उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। इसी बीच कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के संपदा अधिकारी कर्ण सिंह प्रदर्शनकारियों के बीच आए और उन्हें आश्वासन दिया कि 24 घंटे के अंदर इस बूथ की एनओसी रद कर दी जाएगी और वीटा को बूथ की अलाटमेंट रद करने के लिए कार्रवाई करने को कहा जाएगा। कर्ण सिंह ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को हिंदू धर्म की आस्था के साथ खिलवाड़ करने की इजाजत नहीं दी जाएगी। जिस पर सभा ने अपना प्रदर्शन व धरना समाप्त किया।

फोटो सभा : वीटा बूथ बंद करवाने की मांग को लेकर केडीबी कार्यालय के बाहर धरना देते श्रीब्राह्मण एवं तीर्थोद्धार सभा के सदस्य

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *