थानेसर विधायक सुभाष सुधा ने किया लाडवा उपमंडल में ध्वजारोहण, उल्लेखनीय कार्य करने वालों को किया सम्मानित, धूमधाम से मनाया लाडवा उपमंडल का गणतंत्र दिवस समारोह, स्कूलों के विद्यार्थियों ने शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रमों की दी प्रस्तुति
लाडवा 26 जनवरी थानेसर विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि 26 जनवरी 1950 को हमारा संविधान लागू हुआ था। इसके साथ ही भारत एक संपूर्ण प्रभुत्व सम्पन्न गणराज्य बना था। भारत रत्न बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर ने हमें विश्व का बेहतरीन संविधान दिया। इस संविधान की बदौलत ही देश के सभी धर्मों, संप्रदायों व जातियों के लोगों को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक दृष्टि से समान अधिकार प्राप्त हुए। हर नागरिक को आगे बढ़ने के समान अवसर मिले।
थानेसर विधायक सुभाष सुधा शुक्रवार को लाडवा अनाज मंडी के प्रांगण में उपमंडल स्तर पर आयोजित 75वें गणतंत्र दिवस समारोह में उपमंडल वासियों को संबोधित कर रहे थे। इससे दौरान विधायक सुभाष सुधा ने गणतंत्र दिवस के उपमंडल स्तरीय समारोह में राष्ट्रीय ध्वजारोहण किया और परेड का निरीक्षण करने उपरांत परेड की सलामी ली। इससे पहले विधायक सुभाष सुधा ने शहीद स्मारक पर जाकर शहीदों को पुष्प चक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान पूर्व विधायक डा. पवन सैनी भी उनके साथ मौजूद थे। उन्होंने कहा कि महान भारतीय स्वतंत्रता सेनानियों ने भारत में पूर्ण स्वराज के लिए लम्बे समय तक संघर्ष किया है। उन्होंने ऐसा इसलिए किया ताकि उनकी आने वाली पीढिय़ां किसी की गुलाम बनकर न रहे और स्वतंत्र रूप से अपने अधिकारों का प्रयोग कर सके। देश के गणतंत्र ने देशवासियों को एक सम्मान सामाजिक तथा जन-प्रतिनिधित्व का अधिकार दिया है। स्वतंत्रता के बाद से ही भारत दुनिया में एक बड़ी ताकत के तौर पर अपनी पहचान बनाने में कामयाब रहा है। इसका श्रेय यहां के कर्मठ किसान-मजदूरों, कारीगरों तथा वैज्ञानिकों को जाता है जिन्होंने दिन-रात एक करके इस देश को विकास की गति प्रदान की। आज देश प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में चंहुमुखी प्रगति कर रहा है।
उन्होंने कहा कि सदियों से इंतजार और सदियों का अभूतपूर्व धैर्य, असंख्या बलिदानों, त्याग और तपस्या के बाद प्रभु श्री राम का मंदिर अयोध्या में स्थापित हुआ है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों के फलस्वरूप 22 जनवरी 2024 का सूरज देश में एक अद्भुत आभा लेकर आया है। इस दिन अयोध्या में राम मंदिर के भूमिपूजन के बाद से प्रतिदिन पूरे देश में उमंग और उत्साह बढ़ता ही जा रहा है। भगवान श्री राम के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम से देशवासियों को सदियों से इंतजार के रूप में श्री राम का मंदिर मिला है। राम मंदिर के इस काम में कितने ही लोगों ने त्याग और तपस्या की है। हम सब उन असंख्य रामभक्तों, उन असंख्य कारसेवकों और उन असंख्य संत महात्माओं के भी ऋणी हैं। सुशासन से सेवा के संकल्प के साथ जनसेवा का दायित्व संभालने वाली वर्तमान सरकार ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सबका साथ-सबका विकास और मुख्यमंत्री मनोहर लाल के हरियाणा एक-हरियाणवी एक के मूलमंत्र पर चलते हुए समस्त हरियाणा और प्रत्येक हरियाणवी की तरक्की और उत्थान के लिए निरंतर कार्य किया है। वर्ष 2024 को संकल्प से परिणाम वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है।
विधायक सुभाष सुधा ने गणतंत्र दिवस पर सभी उपमंडल वासियों को बधाई देते हुए कहा कि आज हर सरकारी योजना के पारदर्शी तरीके से लागू किए जाने से घर बैठे गरीब की बेटी की शादी का शगुन, बुजुर्ग, विधवा व दिव्यांगों की पेंशन, बीपीएल कार्ड, चिरायु कार्ड का लाभ, किसानों को उनकी फसल का भुगतान कम्प्यूटर की एक क्लिक से सीधे लाभार्थी के खाते में जाता है। गरीबों का अपने बच्चों को प्राइवेट स्कूलों में पढ़ाने का सपना साकार करने के लिए चिराग योजना चलाई गई है। यही नहीं कौशल रोजगार निगम के माध्यम से कर्मचारियों की भर्ती में भी गरीब परिवारों के युवाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। सरकार ने कृषि, उद्योग, व्यापार, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य आदि हर क्षेत्र में भी ई-गवर्नेंस के माध्यम से क्रांतिकारी बदलाव किए हैं। जिस प्रकार परिवार पहचान पत्र के डेटा से विभिन्न योजनाओं का लाभ लोगों को घर बैठे ही मिल रहा है, उसी प्रकार कृषि क्षेत्र में मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल बनाकर किसान कल्याण की अनेक योजनाओं को इससे जोडा गया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई में आज भारत के विकास का अमृतकाल है। आज देश-प्रदेश का युवा शक्ति की पूंजी व ऊर्जा से भरा हुआ है। हमें अब चूकना नहीं है, हमें अब बैठना नहीं है। आने वाला समय अब सफलता व विकास का है। ये भारत का समय है और भारत अब तेजी से आगे बढऩे वाला है। हम सबको यह प्रतिज्ञा करनी होगी कि हमें भी अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए आने वाली पीढिय़ों के लिए बेहतर भविष्य बनाना होगा। हम मिलकर भारत देश को एक मजबूत राष्ट्र बनाएंगे। हम सब मिलकर मजबूत भारत विकसित भारत का निर्माण करेंगे। सभी नागरिकों को संविधान के प्रति सजग करेंगे और सबको समान रूप से जीने का अवसर प्रदान करेंगे।
उपमंडल अधिकारी नसीब कुमार ने उपमंडल वासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में पुलिस के जवानों ने शानदार परेड और मार्च पास्ट का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय लाडवा ने हरियाणवी नृत्य, हिन्दू हाई स्कूल ने देशभक्ति पर आधारित कोरियोग्राफी, यूनिक शिक्षा निकेतन ने कोरियोग्राफी, संजय गांधी स्कूल ने शास्त्रीय नृत्य, दून पब्लिक स्कूल ने पंजाबी गिद्दा, सुगनी देवी स्कूल ने मणिपुरी नृत्य, शहीद भगत सिंह स्कूल बरोट ने राजस्थानी नृत्य, गुरुकुल लाडवा ने भांगड़ा, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बड़ौंदा ने हरियाणवी नृत्य आदि भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर सबका मन मोह लिया। इसके साथ-साथ यूनिक शिक्षा निकेतन का बैंड, सुगनी देवी स्कूल का मास पीटी शो, हरियाणा योग आयोग का योग, गुरुकुल लाडवा का मलखंब भी आकर्षण का केंद्र रहे। इस दौरान उल्लेखनीय कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर पूर्व विधायक डा. पवन सैनी, नगर पालिका चेयरमैन साक्षी खुराना, डीएसपी अरुण सैनी, तहसीलदार बलकार, बीडीपीओ लाडवा रुबल, बीडीपीओ बाबैन आशुतोष, संत लाल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *