1 फरवरी व 11 फरवरी को होगी निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर परीक्षाएं
कुरुक्षेत्र, 23 जनवरी। 
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की परीक्षा शाखा ने भगवान श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के चलते 22 जनवरी की सभी परीक्षाएं स्थगित कर दी थी जिनका नया शेड्यूल मंगलवार को जारी किया गया। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सोमनाथ सचदेवा के निर्देशानुसार परीक्षा शाखा द्वारा अब यूजी-पीजी व इंजीनियरिंग की सभी परीक्षाओं को 1 फरवरी व 11 फरवरी को संचालित करवाने का निर्णय लिया गया है।
इस बारे जानकारी देते हुए परीक्षा नियंत्रक डॉ. हुकम सिंह ने बताया कि प्रदेश सरकार ने श्रीराम लला मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के चलते 22 जनवरी को पूरे प्रदेश के विभागों/संस्थानों, कॉलेजों व स्कूलों में आधे दिन का अवकाश घोषित कर दिया था जिसके चलते कुवि द्वारा अपनी सभी परीक्षाओं को स्थगित किया गया था। अब इन सभी परीक्षाओं का नया शेड्यूल जारी किया गया।
डॉ. सिंह ने बताया कि 22 जनवरी को होने वाली बीटेक प्रथम सेमेस्टर, बीटेक इंजीनियरिंग प्रथम सेमेस्टर, बीटेक तृतीय सेमेस्टर, बी आर्किटेक्चर सातवां सेमेस्टर, बीएड स्पेशल एजुकेशन प्रथम सेमेस्टर, बीए/बीएससी, बीएड प्रथम सेमेस्टर व तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाएं अब 1 फरवरी को अपने निर्धारित परीक्षा केन्द्र पर संचालित होंगी जबकि बाकी परीक्षाएं 11 फरवरी को ली जाएंगी। यह सभी परीक्षाएं विभिन्न परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित होंगी।
उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय से संबंधित सभी परीक्षा केन्द्रों पर इन परीक्षाओं की नई अधिसूचना भेज दी गई है और यह सभी परीक्षाएं 1 फरवरी व 11 फरवरी को प्रातः कालीन व सायं कालीन सत्र में संचालित होंगी। इन संशोधित परीक्षाओं के संबंध में मंगलवार को केयू द्वारा अधिसूचना जारी की गई। उन्होंने बताया कि इन परीक्षाओं के संबंध में सभी प्राचार्यों को भी ई-मेल के माध्यम से निर्देश जारी कर दिया गया है और इसकी अधिसूचना केयू वेबसाइट पर भी उपलब्ध है।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *