विदेशी पर्यटकों के लिए अच्छे होटल बनाने के लिए निजी एजेंसियों से भी किया जाएगा संपर्क, कुरुक्षेत्र धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन के क्षेत्र में पूरे विश्व बना चुका है अपनी एक पहचान, अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के हर क्षण को ऐतिहासिक बनाने का किया जाएगा प्रयास
कुरुक्षेत्र 21 नवंबर उपायुक्त शांतनु शर्मा ने कहा कि कुरुक्षेत्र को अंतर्राष्ट्रीय पर्यटकों का हब बनाने के लिए योजनाएं तैयार की जाएंगी। इस धर्मस्थली कुरुक्षेत्र में पर्यटकों की अपार संभावनाएं है, इस विषय को लेकर गंभीरता से काम किया जाएगा और विदेशी पर्यटकों के लिए अच्छे होटल और अंतर्राष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। इतना ही नहीं विदेशी पर्यटकों के लिए 5 स्टार जैसे होटल बनाने के लिए निजी एजेंसियों से संपर्क करने का प्रयास किया जाएगा। इन एजेंसियों को सरकार के नियमानुसार तमाम सुविधाएं भी उपलब्ध करवाने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।
उपायुक्त शांतनु शर्मा ने विशेष बातचीत करते हुए कहा कि कुरुक्षेत्र की धरा पर पदभार संभालने के बाद एक दृढ़ संकल्प और विशेष सोच के साथ यहां पर आए। इस धरा पर आने से पहले कुरुक्षेत्र को अच्छी तरह समझने का प्रयास किया गया और जब पदभार संभाला तो निश्चित ही उनके सपनों का कुरुक्षेत्र नजर आया। इस धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र के बारे में पुराणों और वेदों में बहुत कुछ लिखा है, यहां तक कि कुरुक्षेत्र का नाम लेने मात्र से पुण्य की प्राप्ति होती है, तो ऐसी धर्मस्थली पर काम करना निश्चित ही एक सौभाग्य की बात है। इसलिए धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र को सबसे पहले अपनी आंखों से देखा और गीता स्थली ज्योतिसर, सन्निहित सरोवर, ब्रह्मसरोवर, पिहोवा सरस्वती तीर्थ को देखने के साथ-साथ कुरुक्षेत्र 48 कोस के तीर्थों के इतिहास को भी जानने का प्रयास किया है। इस धर्मक्षेत्र-कुरुक्षेत्र के पूर्णत: दर्शन करने के उपरांत मन में तय किया कि कुरुक्षेत्र में अभी भी पर्यटन खासकर विदेशी पर्यटकों को लाने और उन्हें यहां के तीर्थ स्थलों के दर्शन करवाने की अपार संभावनाएं है। इसके साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का काम किया जा रहा है।

विदेशी पर्यटकों को कुरुक्षेत्र में लाने की योजना
उपायुक्त शांतनु शर्मा ने कहा कि कुरुक्षेत्र में विदेशी पर्यटकों को लाने के लिए एक या दो दिन का पैकेज बनाने की योजना तैयार की जाएगी। इस योजना के तहत सबसे पहले विदेशी पर्यटकों को ठहरने के लिए अंतर्राष्ट्रीय मापदंडों के अनुसार 5 स्टार होटल की व्यवस्था, पर्यटकों के लिए धार्मिक व पर्यटन स्थलों का दर्शन करवाने के लिए एक या दो दिन का रुट मैप तैयार करने और कुरुक्षेत्र तक पर्यटकों को लाने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर के यातायात के साधनों की व्यवस्था करने का प्रयास किया जाएगा।

अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव-2022 को बनाया जाएगा भव्य
अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव-2022 को भव्य और यादगार बनाने के लिए सरकार, केडीबी, पर्यटन मंत्रालय, उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक कला केंद्र, सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग व जिला प्रशासन मिलकर एक टीम वर्क के रुप में कार्य कर रही है। इस महोत्सव को कोविड महामारी के बाद फिर से मुख्यमंत्री मनोहर लाल के प्रयासों से भव्य स्वरुप दिया गया है और 19 नवंबर से 6 दिसंबर तक चलने वाले शिल्प और सरस मेले का आयोजन किया जाएगा और 29 नवंबर से 4 दिसंबर तक मुख्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के लिए विभिन्न कमेटियों का गठन किया गया है और इस महोत्सव को पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न करवाया जाएगा।

कुरुक्षेत्र के विकास के लिए बड़े प्रोजेक्ट पर चल रहा है कार्य
केंद्र और राज्य सरकार का पूरा फोकस कुरुक्षेत्र के विकास पर है। इस गीता स्थली ज्योतिसर में महाभारत थीम पर आधारित एक बड़े प्रोजेक्ट पर कार्य किया जा रहा है। इसके लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल के प्रयासों से 200 करोड़ का बजट भी तय किया गया है। इसके अलावा स्वदेशी दर्शन योजना के श्रीकृष्णा सर्किट में कुरुक्षेत्र को शामिल किया गया है। इस सर्किट के तहत प्रथम चरण में केंद्र सरकार की तरफ से 97.50 करोड़ रुपए का बजट जारी हुआ। अब कुरुक्षेत्र को सर्किट के दुसरे चरण के तहत भी विकसित किया जाएगा।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *