प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद नायब सिंह सैनी, विधायक सुभाष सुधा ने न्यू कॉलोनी सनातन धर्म मंदिर से शुरू किया स्वच्छता अभियान, कुरुक्षेत्र के सभी मंदिरों, गुरुद्वारों और धार्मिक स्थलों पर 22 जनवरी तक स्वच्छता अभियान चलाने की अपील, प्रदेशाध्यक्ष व विधायक ने मंदिरों की स्वच्छता में किया श्रमदान
कुरुक्षेत्र 18 जनवरी भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद नायब सिंह सैनी ने कहा कि अयोध्या में श्री राम मंदिर के अंदर श्री रामलला के विराजमान होने को लेकर देश के नागरिकों में जोश और उत्साह की लहर है। इस जोश के कारण देश का प्रत्येक नागरिक अयोध्या पहुंचकर अपनी आंखों के सामने श्री राम लला के विराजमान होने के दृश्य को देखना चाहता है। इस जोश और उमंग के चलते देश के हर गांव और शहर में धार्मिक कार्यक्रमों और अनुष्ठानों का सिलसिला चल रहा है। इतना ही नहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के नागरिकों से आह्वान किया है कि अपने आसपास के सभी धार्मिक स्थलों पर 22 जनवरी तक स्वच्छता अभियान चलाया जाए।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद नायब सिंह सैनी वीरवार को न्यू कॉलोनी सनातन धर्म मंदिर व हनुमान मंदिर में विधायक सुभाष सुधा की तरफ से आयोजित स्वच्छता अभियान कार्यक्रमों में बतौर मुख्यातिथि बोल रहे थे। इससे पहले प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद नायब सिंह सैनी, विधायक सुभाष सुधा, भाजपा के जिलाध्यक्ष रवि बतान ने सबसे पहले न्यू कॉलोनी में सनातन धर्म मंदिर व हनुमान मंदिर में मंत्रौच्चारण के बीच पूजा-अर्चना की और उसके बाद मंदिर के अंदर और प्रांगण में स्वच्छता अभियान में अपना श्रमदान किया। इसके साथ ही मंदिरों के आसपास के क्षेत्र से गंदगी को उठाया और झाड़ू लगाकर श्रमदान किया। इस स्वच्छता अभियान में न्यू कॉलोनी के साथ-साथ शहर के दर्जनों लोग भी शामिल हुए। इस स्वच्छता अभियान के दौरान लोगों ने जय श्री राम के नारे लगाकर न्यू कॉलोनी की पूरी फिजा को श्री राम लला के रंग में रंगने का काम किया।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र के लोगों से अपील करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 14 जनवरी से मंदिरों और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ बनाने के अभियान को 22 जनवरी तक निरंतर आगे बढ़ाया जाए। इस अवधि के दौरान नागरिकों को अपने घरों के आसपास मंदिरों, गुरुद्वारों और अन्य धार्मिक स्थलों के अंदर और आसपास के क्षेत्र को पूर्णतः: स्वच्छ बनाने का प्रयास करना चाहिए। इस देश में 500 सालों के बाद सही मायनों में 22 जनवरी को दीपावली महोत्सव से बड़ा पर्व होगा। इस पावन पर्व 22 जनवरी को लाखों कुर्बानियों की शहादत सफल होगी और श्री राम लला को श्री राम मंदिर में स्थापित किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि 22 जनवरी को सभी नागरिक अपने-अपने घरों में रंग-बिरंगी लाइट जलाए और दीपक व मोमबत्तियां जलाकर अपनी खुशी का इजहार करें।
विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से देश के सभी नागरिकों के लिए 22 जनवरी को एक बहुत बड़ा महोत्सव होगा। यह महोत्सव आज तक किसी भी देश में नहीं मनाया गया होगा। इस महोत्सव के दिन भगवान श्री राम की मूर्ति को अयोध्या के श्री राम मंदिर में स्थापित किया जाएगा। यह एक भव्य और सुंदर उत्सव होगा। इस उत्सव में लाखों लोग शामिल होंगे। इस पावन पर्व पर कुरुक्षेत्र में भी पूरे जोश और उत्साह के साथ तैयारियां की जाएगी और जगह-जगह अयोध्या से सीधा प्रसारण देखने के लिए लोगों द्वारा प्रबंध भी किए जाएंगे। सभी नागरिक 22 जनवरी को बेसब्री के साथ इंतजार कर रहे है। इस पावन पर्व के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की जमकर सराहना की जा रही है।
भाजपा के जिलाध्यक्ष रवि बतान ने कहा कि सभी लोग अपने घरों के आसपास के मंदिरों व धार्मिक स्थलों में स्वच्छता अभियान चलाए ताकि 22 जनवरी तक सभी धार्मिक स्थल जगमगा उठे। इस उत्सव को लेकर भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं में पूरा उत्साह देखने को मिल रहा है। इस मौके पर नगर परिषद की निवर्तमान अध्यक्ष उमा सुधा, पूर्व पार्षद दीपक सिडाना, मनिंद्र छिंदा, मंडल अध्यक्ष हरीश अरोड़ा, रविंद्र सैनी, अमित रोहिला, श्याम लाल, प्रवीण ढींगड़ा, अमित मलिक, पवन ढींगड़ा, एडवोकेट राजेंद्र जुनेजा, जितेंद्र अग्रवाल, गौरव जुनेजा, राजीव गर्ग सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *