15 में से 12 शिकायतों का मौके पर किया समाधान, विधायक सुभाष सुधा ने 200 रजिस्ट्रियों के इंतकाल ना होने का उठाया मामला, पीएम का विजन लेकर घर-घर तक पहुंच रही है विकसित भारत संकल्प यात्रा, शहर में जरूरतमंद लोगों को ठंड से बचाने और भोजन उपलब्ध करवाने की प्रशासन करें व्यवस्था, गांव छपरी व छपरा में छात्राओं के लिए तुरंत बस सेवा शुरु करने के दिए आदेश

कुरुक्षेत्र 3 जनवरी हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय एवं आवास मंत्री डा. कमल गुप्ता ने जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की मासिक बैठक में गैर हाजिर रहने वाले 3 अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के आदेश दिए है। इसके साथ ही सभी अधिकारियों की एसीआर में भी टिप्पणी अंकित करने के निर्देश दिए है। खास बात यह है कि कोई भी एचओडी जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की मासिक बैठक में अपने अधीनस्थ अधिकारी को बैठक में नहीं भेजेगा और एचओडी को स्वयं बैठक में उपस्थित रहना होगा। इतना ही नहीं कैबिनेट मंत्री ने गांव छपरा-छपरी में छात्राओं की समस्या का समाधान करते हुए रोडवेज विभाग के जीएम को तुरंत प्रभाव से स्कूल आने-जाने के लिए बस सेवा शुरू करने के निर्देश दिए।
कैबिनेट मंत्री डा. कमल गुप्ता बुधवार को देर सायं न्यू लघु सचिवालय के सभागार में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की नौवीं बैठक को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले कैबिनेट मंत्री डा. कमल गुप्ता ने कुरुक्षेत्र वासियों को नव वर्ष की शुभकामनाएं दी और अधिकारियों को नव वर्ष में पूरी मेहनत और ईमानदारी के साथ काम करने के लिए कहा है। इसके साथ ही अधिकारी सरकार की नीतियों, योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का काम करेंगे। कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोगों की शिकायतों को मार्क करके संबंधित विभाग के एचओडी के पास भेजा जाता है, संबंधित एचओडी इस शिकायत पर गंभीरता से काम करना सुनिश्चित करें, अगर कहीं भी लापरवाही सामने आई तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई करने में देरी नहीं की जाएगी।
उन्होंने गांव सिरसमा निवासी किरण गुप्ता की शिकायत पर सुनवाई करते हुए पुलिस प्रशासन का पक्ष जाना। इस मामले में अभी एफएसएल की रिपोर्ट आनी शेष है। इसलिए इस मामले पर अगली बैठक में समाधान करने का आश्वासन प्रार्थी को दिया है। शुगर मिल कर्मचारी यूनियन के महासचिव रामकुमार द्वारा फर्जी सर्टीफिकेट के आधार पर शुगर मिल में नियुक्तियां देने के मामले को कैबिनेट मंत्री ने गंभीरता से लिया। उन्होंने इस मामले में शुगर मिल के एमडी का पक्ष भी जाना और सभी की दलीले सुनने के बाद मामले की जांच एडीसी को करने के आदेश दिए है। कैबिनेट मंत्री ने गांव प्रतापगढ़ ग्राम पंचायत की शिकायत पर एक सडक़ से संबंधित मामले में दोनों पक्षों को सुना और आदेश दिए कि एसडीएम थानेसर इस मामले की जांच करेंगे और कष्टï निवारण समिति के सदस्य रामपाल पाली व गुरनाम सिंह एसडीएम का जांच में सहयोग करेंगे।
कैबिनेट मंत्री ने गांव छपरा-छपरी की ग्राम पंचायत की शिकायत पर उप आबकारी एवं कराधान आयुक्त के साथ-साथ प्रार्थी पक्ष को सुना। दोनों पक्षों के तथ्यों को जानने के बाद कैबिनेट मंत्री ने आदेश दिए कि शराब के ठेके के सामने पीसीआर की ड्यूटी लगाई जाए ताकि कोई भी व्यक्ति शराब पीकर हुड़दंग बाजी ना कर सके। इसके साथ ही ग्राम पंचायत में वीरवार से ही छात्राओं के लिए बस सेवा शुरु करने के भी आदेश दिए है। इस बैठक में कष्टï निवारण समिति के सदस्य साधु सिंह, मदन लाल, मंदीप विर्क, सुरेंद्र जैन, विशाल सिंगला, सुखदेव सिंह, नरेंद्र सिंघल द्वारा रखी गई शिकायतों पर भी अधिकारियों को गंभीरता के साथ निपटान करने के निर्देश दिए है। उपायुक्त शांतनु शर्मा ने कैबिनेट मंत्री का स्वागत करते हुए एजेंडों की शिकायतों पर विस्तृत प्रकाश डाला। इस मौके पर विधायक सुभाष सुधा, एडीसी अखिल पिलानी, जिप अध्यक्ष कंवलजीत कौर, भाजपा जिलाध्यक्ष रवि बतान, जजपा के जिलाध्यक्ष कुलदीप जखवाला, डीएसपी प्रदीप कुमार, डीएसपी सुभाष चंद्र आदि अधिकारी उपस्थित थे।

विधायक सुभाष सुधा ने 200 रजिस्ट्रियों के इंतकाल ना होने का उठाया मामला
विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि थानेसर शहर के लोगों की इंतकाल से संबंधित समस्या को दूर करने के लिए विशेष शिविर लगाए गए थे। इन शिविरों में लगभग 200 लोगों ने रजिस्ट्री होने के बावजूद इंतकाल होने का आवेदन दिया था। इन आवेदनों को आगामी कार्रवाई के लिए तहसीलदार व नायब तहसीलदार थानेसर को भेजा गया था। इन अधिकारियों ने 200 में से केवल 2-3 इंतकाल ही किए है। इस मामले में विधायक सुभाष सुधा ने कई ओर विषय भी रखे। विधायक की इस शिकायत पर कैबिनेट मंत्री डा. कमल गुप्ता ने कड़ा संज्ञान लिया और राजस्व विभाग के अधिकारियों को इंतकाल करने के आदेश भी दिए। इन आदेशों पर उपायुक्त शांतनु शर्मा ने तहसीलदार को निर्देश दिए है कि सभी आवेदनों पर दोबारा विचार-विमर्श कर जल्द से जल्द इंतकाल किए जाए।

15 में से 12 शिकायतों का मौके पर किया समाधान
हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय एवं आवास मंत्री डा. कमल गुप्ता ने जिला लोक संपर्क एवं कष्टï निवारण समिति की नौंवी बैठक में 15 में से 12 शिकायतों का मौके पर समाधान किया है। इनमें सेक्टर 7 निवासी सुरेश कुमार, मौहल्ला माजरी शाहबाद निवासी अनिल कुमार, शिव मंदिर कुरुक्षेत्र से सुभाष चंद्र शर्मा, पिहोवा के गांव टीकरी से सुशील कुमार, गांव छज्जुपुर से कर्मचंद, लाडवा से नरेंद्र सिंह, कल्याण नगर थानेसर से मांगे राम, गांव बारना से रामदिया, गांव छपरा-छपरी की ग्राम पंचायत, सेक्टर-8 से मकान नंबर 1395 से कृष्ण कुमार, शीतला माता मंदिर छोटा बाजार से सुरेंद्र कुमार व पिहोवा के गांव चनालहेड़ी से राजकुमार की शिकायत शामिल है।

पीएम का विजन लेकर घर-घर तक पहुंच रही है विकसित भारत संकल्प यात्रा
कैबिनेट मंत्री डा. कमल गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजन विकसित भारत संकल्प एवं जनसंवाद यात्रा के माध्यम से घर-घर तक पहुंच रहा है। यह एक अनूठा प्रोजेक्ट है। इस प्रोजेक्ट के जरिए हर घर में सरकार की योजना से वंचित लाभ पात्रों को उनके घर पर जाकर योजनाओं का फायदा दिया जा रहा है। इतना ही नहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ-साथ मुख्यमंत्री मनोहर लाल भी योजनाओं को बढ़ा-चढ़ाकर लोगों को लाभ दे रहे है। इसमें आयुष्मान योजना, चिरायु योजना शामिल है।

शहर में जरूरतमंद लोगों को ठंड से बचाने और भोजन उपलब्ध करवाने की प्रशासन करें व्यवस्था
कैबिनेट मंत्री डा. कमल गुप्ता ने पत्रकारों के प्रश्न का जवाब देते हुए कहा कि प्रदेश में जरूरतमंद लोगों को ठंड से बचाने के लिए रैन बसेरों की व्यवस्था है। इसलिए कुरुक्षेत्र के साथ-साथ प्रदेश के अन्य जिलों में प्रशासनिक अधिकारी लोगों को ठंड से बचाने की उचित व्यवस्था करें तथा कोई भी व्यक्ति भूखा ना सोए इसके लिए भोजन की भी व्यवस्था करने का प्रबंध करें।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *