कुरुक्षेत्र 11 दिसंबर कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के सीईओ एवं एडीसी अखिल पिलानी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के अंतर्गत गीता जयंती के दिन गीता का संदेश पूरे प्रदेश में गूंजेगा। प्रदेश भर के छात्र वैश्विक गीता पाठ से जुड़ेंगे और गीता के श्लोकों का उच्चारण करेंगे। प्रदेश के 1 लाख 5 हजार 100 छात्र इस वैश्विक गीता पाठ में भाग लेंगे। गौरतलब है कोरोना काल में विद्यार्थियों को एक स्थान पर एकत्र करने की बजाए गत वर्ष ऑनलाइन माध्यम से सामूहिक गीता पाठ करवाया गया था। उसके बाद से प्रदेशभर के छात्रों को वैश्विक गीता पाठ से जोड़ने की परंपरा बन गई है, जिससे प्रदेशभर में गीता जयंती के दिन गीता का अमर संदेश गूंजता है।
सीईओ केडीबी अखिल पिलानी ने कहा कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के तहत गीता जयंती के दिन 23 दिसंबर को थीम पार्क में 18 हजार विद्यार्थी सामूहिक अष्टादश श्लोकी गीता का पाठ करेंगे। साथ ही प्रदेश के सभी 22 जिला मुख्यालयों व 119 खंडों में विद्यार्थी ऑनलाइन माध्यम से इस ऐतिहासिक क्षण का हिस्सा बनेंगे। प्रदेश सरकार ने ऑनलाइन गीता पाठ की मंजूरी देने के साथ-साथ इसके लिए बजट उपलब्ध करवाने के निर्देश भी दे दिए हैं। सभी स्थलों पर तकनीकी सहायता व उपकरण मुहैया करवाए जाएंगे ताकि सही ढंग से विद्यार्थियों को मुख्य कार्यक्रम से जोड़ा जा सके। दोनों स्थानों के बीच बेहतर टू वे कम्युनिकेशन स्थापित हो सके। खंड व जिला स्तर पर होने वाले वैश्विक गीता पाठ के कार्यक्रम भी भव्य व दिव्य होने चाहिए तथा स्थान का चयन भी विद्यार्थियों की संख्या, पहुंच व मौसम के अनुकूल किया जाए। शिक्षा विभाग कुरुक्षेत्र के अधिकारियों इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी जिलों में सम्पर्क कर वैश्विक गीता पाठ का आयोजन व समुचित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। शिक्षा विभाग सभी जिलों में समन्वय स्थापित कर विस्तृत रणनीति बनाए।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन व  विभाग के निर्देशन अनुसार ऑनलाइन गीता पाठ की तैयारी शुरू कर दी गई हैं। कुरुक्षेत्र जिला में 25 अधिकारियों व अध्यापकों की टीम गठित कर दी गई है। टीम के प्रत्येक सदस्य को एक निर्धारित जिले से कोऑर्डिनेट करना होगा। सभी जिलों से भी अपने अपने जिलों व खण्डों में ऑनलाइन गीता के लिए प्रभारी अधिकारी या अध्यापक की नियुक्ति के निर्देश दिए गए हैं ताकि सूचनाओं का आदान प्रदान व निर्देशों की सही अनुपालन हो सके। कुरुक्षेत्र में गठित कोआर्डिनेशन टीम संबंधित जिला से सतत संपर्क बनाएगी और दैनिक प्रगति की रिपोर्ट देगी। सभी जिला व खंड स्तर के समन्वयकों या संस्कृत अध्यापकों की एक दिवसीय कार्यशाला भी आयोजित की जा सकती है। सोमवार को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में एक बैठक का आयोजन किया गया जिसमें नोडल अधिकारी प्रिंसीपल चन्द्रशेखर, अमरनाथ, अनिल गौतम दत्त, अतुल शास्त्री सहित अन्य अधिकारियों ने भाग लिया और 105100 विद्यार्थियों को ऑनलाइन जोड़ने के इस कार्यक्रम की सफलता की रणनीति बनाई।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *