लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला व मुख्यमंत्री मनोहर लाल करेंगे शिल्प और सरस मेले का उद्घाटन,

मीडिया सेंटर का भी करेंगे उद्घाटन, मुख्यमंत्री मनोहर लाल उदासीन ब्रह्म अखाड़ा साहिब मांडी पिहोवा और संत मोरारी बापू की श्री राम कथा में भी करेंगे शिरकत, प्रशासन द्वारा महोत्सव के साथ-साथ सभी जगहों पर सुरक्षा के किए जाएंगे पुख्ता इंतजाम, प्रशासन ने कार्यक्रमों को लेकर सभी तैयारियां की पूरी, उपायुक्त शांतनु शर्मा व पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र भौरिया ने किया कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण, शिल्प मेले में 48 राष्टï्रीय और स्टेट अवार्डी शिल्पकारों सहित कुल 230 शिल्पकार पहुंचे ब्रह्मसरोवर पर, सरस मेले में भी पहुचेंगे लगभग 250 शिल्पकार

कुरुक्षेत्र 18 नवंबर अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव-2022 में देश की लोक संस्कृति के अनेक रंग नजर आएंगे। इस महोत्सव में अलग-अलग राज्यों की संस्कृति के रंग बिखरने से कुरुक्षेत्र की फिजा में भी विभिन्न प्रदेशों की लोक संस्कृति की महक फैलेगी। इसका एहसास महोत्सव में आने वाले पर्यटक को खुद ब्रह्मसरोवर के पावन तट पहुंचने पर हो जाएगा। इस महोत्सव में राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर के शिल्पकार अपनी-अपनी शिल्पकला के साथ पहुंच चुके है। इन कलाकारों और महोत्सव का आनंद लेने वाले लोगों के स्वागत के लिए प्रशासन ने तमाम तैयारियां पूरी कर ली है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम भी किए गए है।
उपायुक्त शांतनु शर्मा शुक्रवार को देर सायं लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के आगमन को लेकर ब्रह्मसरोवर व अन्य कार्यक्रमों स्थलों का निरीक्षण कर रहे थे। इससे पहले उपायुक्त शांतनु शर्मा, पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र भौरियां, एडीसी अखिल पिलानी, एएसपी कर्ण गोयल, सीईओ केडीबी चंद्रकांत कटारिया सहित अन्य अधिकारियों ने सभी कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण करके तैयारियों का जायजा लिया। उपायुक्त ने कहा कि कुरुक्षेत्र के ब्रह्मसरोवर के तट पर अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव में शिल्प और सरस मेले का आयोजन 19 नवंबर से 6 दिसंबर तक किया जाना है। उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक कला केन्द्र, एचटीसी और डीआरडीए की तरफ से ब्रह्मसरोवर पर शिल्प और सरस मेले का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 29 नवंबर को ब्रह्मसरोवर पर अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के मुख्य कार्यक्रमों का शुभारम्भ होगा तथा यह कार्यक्रम 4 दिसंबर तक चलेंगे।
उन्होंने कहा कि सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग की तरफ से 29 नवंबर से 4 दिसंबर तक राज्य स्तरीय विकासात्मक प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा, 19 नवंबर से 6 दिसंबर तक राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय कलाकारों एवं शिल्पियों का संगम-शिल्प व सरस मेला, 19 नवंबर से 6 दिसंबर तक सायं 4.30 बजे भजन संध्या, पुरुषोत्तमपुरा बाग व सन्निहित सरोवर पर सायं 5.30 बजे महाआरती का आयोजन होगा। इसके साथ-साथ हरियाणा व मध्य प्रदेश का पवेलियन, अंतर्राष्ट्रीय गीता संगोष्ठी, संत सम्मेलन, गीता शोभा यात्रा आदि कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि महोत्सव में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए पुलिस प्रशासन की तरफ से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए है।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला और मुख्यमंत्री मनोहर लाल आज करेंगे शिल्प और सरस मेले का उद्घाटन
अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के शिल्प व सरस मेले का उद्घाटन 19 नवंबर को दोपहर 2.30 बजे लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला व मुख्यमंत्री मनोहर लाल करेंगे। यह शिल्प व सरस मेला 6 दिसंबर 2022 तक चलेगा। अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव में प्रशासन की तरफ से केडीबी कार्यालय में तमाम सुविधाओं से लैस मीडिया सेंटर की स्थापना की गई है। इस मीडिया सेंटर का उद्घाटन भी 19 नवंबर को मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा किया जाएगा।

मुख्यमंत्री मांडी साहिब गुरुद्वारा और संत मोरारी बापू की श्री राम कथा में करेंगे शिरकत
उपायुक्त शांतनु शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल 19 नवंबर को दोपहर 1 बजे उदासीन ब्रहम अखाड़ा साहिब मांडी पिहोवा में बाबा चांद जी महाराज के प्रकाश उत्सव में शिरकत करेंगे। इसके साथ-साथ लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ब्रह्मसरोवर पुरुषोत्तमपुरा बाग में सायं 3.15 बजे संत मोरारी बापू की श्री राम कथा में भी शिरकत करेंगे।

महोत्सव में पहुंचे राज्य और राष्ट्रीय स्तरीय शिल्पकार
अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव में विभिन्न राज्यों के शिल्पकार ब्रह्मसरोवर के तट पर पहुंच चुके है। इसी प्रकार एनजेडसीसी की तरफ से कुल 230 शिल्पकारों में से 48 राष्ट्रीय व स्टेट अवार्डी शिल्पकार महोत्सव में ब्रह्मसरोवर पर पहुंच चुके है। इसके अलावा सरस मेले में भी लगभग 250 शिल्पकार पहुंचेंगे। इस सरस और शिल्प मेले में विभिन्न राष्ट्रीय और स्टेट अवार्ड शिल्पकारों द्वारा अपने-अपने स्टॉल लगाए जाएंगे।

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर कार्यक्रम स्थलों पर धारा 144 के तहत आदेश किए जारी
जिलाधीश एवं उपायुक्त शांतनु शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल 19 नवंबर को विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। इन कार्यक्रमों में सुरक्षा व कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए धारा 144 के तहत आदेश पारित किए गए है। इन आदेशों के तहत कार्यक्रम स्थलों की 2 किलोमीटर की परीधि में लाठी, डंडे, तलवार, गंडासी, आग्नेय व किसी प्रकार के घातक हथियार लेकर चलने, खुला पेट्रोल, डीजल की बोतल, कैन लेकर चलने पर पूर्णत: प्रतिबंध रहेगा। इसके साथ-साथ वीआईपी के मार्ग व उसके आसपास 75 मीटर के दायरे तक सडक़ के दोनों तरफ कोई भी वाहन खड़ा करने पर भी पूर्णत: प्रतिबंध रहेगा।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *