-गायों के लिए जल्द डलवाया जाएगा शेड : विधायक
कुरुक्षेत्र, 21 नवंबर : शहर की 118 साल पुरानी श्री सनातन धर्म गोशाला का वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्यातिथि थानेसर विधायक सुभाष सुधा रहे, वहीं विशिष्ट अतिथि श्रीब्राह्मण एवं तीर्थोद्धार सभा के मुख्य सलाहकार जयनारायण शर्मा रहे। कार्यक्रम में गीता सह शिक्षा माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
गोशाला के प्रबंधक डा.सत्यदेव शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ गोमाता की पूजा के साथ हुआ। विधायक सुभाष सुधा ने गाय माता की पूजा करने के बाद आरती की। विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि यह धरती भगवान श्रीकृष्ण की है, जिन्होंने गोवंश की सेवा की। भगवान श्रीकृष्ण की इस कर्मभूमि पर सनातन गोशाला आज से नहीं बल्कि कई दशकों से गाय माता के संरक्षण, संवर्धन का काम कर रही है। इस दौरान गोशाला में गायों के लिए शैड डलवाने की मांग विधायक के सामने रखी गई। विधायक ने आश्वासन दिया कि गोशाला में जल्द ही शैड डलवाने की व्यवस्था की जाएगी। विधायक ने कहा कि गाय करुणामयी होती हैं। उनकी आंखों में करुणा दिखाई देती हैं। डा. सत्यदेव ने कहा कि एक सदी पहले 1905 में धर्मनगरी कुरुक्षेत्र के थानेसर शहर में श्री सनातन धर्म गोशाला स्थापित की गई थी। हर वर्ष गोशाला की कार्यकारिणी,धार्मिक,सामाजिक संगठनों और नगर वासियों के विशेष सहयोग से गोशाला का वार्षिकोत्सव गोपाष्टमी पर मनाने की परंपरा निभाई जा रही है। श्री सनातन धर्म गोशाला के अध्यक्ष नेमचंद चैन ने बताया कि इस अवसर पर ओम भाई सुभाष भाई एंड पार्टी और श्री स्थाणु महिला सेवा मंडल की ओर से भजन संध्या भी की गई। उन्होंने बताया कि पिछले 118 वर्षों में श्री सनातन धर्म गोशाला में गोवंश के रख रखाव के साथ उनकी सेवा और सुविधा के लिए पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। इसी के साथ गोशाला परिसर में मंदिर का निर्माण एवं अन्य आवश्यक व्यवस्था की गई है। इस मौके पर  श्रीब्राह्मण एवं तीर्थोद्धार सभा के प्रधान श्यामसुंदर तिवारी,एडवोकेट केके कौशिक, पवन शर्मा, कुलदीप शर्मा गोल्डी,  रामपाल शर्मा, विनोद जिंदल, श्रीप्रकाश मिश्रा, रोहताश शर्मा, रामकुमार शर्मा, महावीर गौतम मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *