किया आह्वान, नगर की सभी संस्थाएं और राजनैतिक व्यक्ति आएं थीम पार्क बचाने के लिए आगे
कुरुक्षेत्र, 10 नवंबर। श्री ब्राह्मण एवं तीर्थोद्धार सभा ने भारतीय नौजवान सभा के अध्यक्ष अशोक शर्मा पहलवान द्वारा थीम पार्क बचाने की मुहिम को समर्थन देने का फैसला किया है। सभा ने नगर की सभी सामाजिक धार्मिक व्यापारिक संस्थाओं सहित राजनैतिक पार्टियों से भी दलगत राजनीति से उपर उठकर थीम पार्क बचाने के लिए आगे आने की  अपील की है।
श्री ब्राह्मण एवं तीर्थोद्धार सभा के प्रधान श्यान सुंदर तिवारी तथा प्रधान महासचिव रामपाल शर्मा ने स्पष्ट किया कि सभा कुरुक्षेत्र में सिख संग्रहालय बनाने के विरूद्ध नही है। सिख गुरुओं ने हिंदू धर्म की रक्षा के लिए अपना बलिदान दिया। गुरुओं का एहसान समाज उतार नही सकता। सिख एक बहादुर कौम है जिसने देश की आजादी के आंदोलन में बढचढकर भाग लिया और बलिदान दिया। जब जब भी देश पर आपदा आई सिखों ने बहादुरी के साथ उसका डटकर मुकाबला किया। सिख समाज का गौरवशाली इतिहास रहा है जिस पर पूरे देश को नाज है। उन्होने कहा कि सिख संग्रहालय बनाने के लिए सरकार को थीम पार्क की बजाए कुरुक्षेत्र में अन्य स्थान पर तीन एकड की बजाए पांच एकड़ भूमि भी दी जाए तो सभा को कोई एतराज नही है। सभा का मानना है कि थीम पार्क नगर में केवल मात्र ऐसा स्थान है जहां पर दशहरा, दीपावली मेला व धार्मिक अनुष्ठान करने के साथ साथ राजनैतिक रैलियां भी आयोजित की जाती हैं। इतना ही नही गीता जयंती महोत्सव पर थीम पार्क में 18 हजार बच्चे सामूहिक गीता पाठ करते हैं। इन आयोजनों के लिए भी स्थान नही रहेगा। इस स्थान पर सिख संग्रहालय बनाने से थीम पार्क खत्म हो जाएगा। इसलिए कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड सिख संग्रहालय बनाने के लिए थीम पार्क की बजाए पुरातत्व विभाग को अन्य किसी स्थान पर जगह लीज पर दे।
—-
पहले भी अशोक अरोड़ा ने बचाया था थीम पार्क
प्रदेश में 1996 में जब हविपा व भाजपा गठबंधन की सरकार चौ. बंसीलाल के नेतृत्व में बनी तो उस समय थीम पार्क में कलाकृति भवन बनाने के लिए तत्कालीन राज्यपाल महावीर प्रसाद ने शिलान्यास कर दिया था। उस समय पूर्व मंत्री अशोक अरोड़ा ने इसका विरोध किया था और 1999 में चौ. ओमप्रकाश चौटाला की सरकार बनने पर अशोक अरोड़ा के प्रयासों से कलाकृति भवन थीम पार्क की बजाए ब्रह्मसरोवर के किनारे पर बनाया गया था।
—-
दशहरा कमेटी की चुप्पी आश्चर्यजनक
नगर की एकमात्र कुरुक्षेत्र दशहरा कमेटी दशहरा मेले का आयोजन लंबे समय से थीम पार्क में करती है। दशहरा मनाने के लिए कोई अन्य स्थान नही है। यदि थीम पार्क में हरियाणा पुरातत्व विभाग द्वारा सिख संग्रहालय बनाया जाता है तो दशहरा आयोजन के लिए कोई जगह नही बचेगी। ऐसे हालात में जहां अशोक शर्मा पहलवान ने थीम पार्क बचाने का बीडा उठाया है वहीं दशहरा कमेटी की चुप्पी पर नगर वासी आश्चर्यचकित हैं।
—–
विधायक से किसी अन्य स्थान पर सिख संग्रहालय के लिए जगह मंजूर करवाने की अपील
श्री ब्राह्मण एवं तीर्थोद्धार सभा ने स्थानीय विधायक सुभाष सुधा से अपील की है कि वे सिख संग्रहाल के लिए कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड से ब्रह्मसरोवर के किनारे या सलारपुर रोड़ पर खाली पड़ी केडीबी की भूमि में से जमीन उपलब्ध करवाए। कुरुक्षेत्र में सिखों प्रस्तावित संग्रहालय भव्य बनना चाहिए और इसके लिए थीम पार्क में दी जाने वाली दी जाने वाली तीन एकड भूमि की बजाए ज्यादा भूमि उपलबध करवाई जाए। सभा ने विधायक से भी अपने प्रभाव का इस्तेमाल करके थीम पार्क को बचाने की गुहार लगाई है।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *