प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने दूसरी बार संभाला केयू कुलपति का दायित्व
केयू के सीनेट हॉल में प्रो. सोमनाथ को कुलपति का पुनः दायित्व मिलने पर आयोजित किया गया कार्यक्रम
कुरुक्षेत्र, 10 नवम्बर।
 कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा  ने कहा कि हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रदेश के सबसे पुराने विश्वविद्यालय के कुलपति पद का महत्वपूर्ण दायित्व व कार्यभार दूसरी बार सौंपकर उन पर अपना विश्वास दिखाया है, इसके लिए वे उनके हृदय से आभारी हैं। वे शुक्रवार को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के सीनेट हॉल में कुलपति के दायित्व को दूसरी बार मिलने के  उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में डीन, विभागाध्यक्षों, निदेशकों, एचओडी, इंजार्च, अधिकारियों व कर्मचारियों को सम्बोधित कर रहे थे।  इससे पहले दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
कुलपति प्रो. सोमनाथ ने सभी का धन्यवाद प्रकट करते हुए कहा कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की उन्नति व सफलता के शिखर पर पंहुचाने का श्रेय विश्वविद्यालय के शिक्षकों, अधिकारियों व कर्मचारियों  को जाता है। देश में सबसे पहले कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से सम्बन्धित महाविद्यालयों में सत्र 2023-24 से सभी प्रावधानों के साथ राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 को लागू किया गया है। विश्वविद्यालय परिसर के सभी यूजी प्रोग्राम्स में पहले ही सत्र 2022-23 से एनईपी-2020 को लागू किया जा चुका है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के उद्देश्यों के मद्देनजर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय द्वारा 19 ऑनलाईन प्रोग्राम्स शुरू किए गए हैं। यूआईईटी संस्थान में बीटेक के दो नए कोर्स कंप्यूटर साइंस के अंतर्गत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड मशीन लर्निंग तथा इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में इलेक्ट्रिकल एंड कंप्यूटर इंजीनियरिंग को शुरू किया गया है। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय द्वारा इंडो-पैसिफिक स्टडीज के लिए इंटरनेशनल सेंटर फॉर इंडो-पैसिफिक स्टडीज की स्थापना की गई है।
कुलपति प्रो. सोमनाथ ने कहा कि शोध के क्षेत्र में केयू द्वारा 53 पेटेंट एप्लीकेशंस दर्ज किए जा चुके हैं। कुवि में शोध एवं अनुसंधान बढ़ावा देने के लिए 7 बेस्ट रिसर्च अवार्ड शुरू किए जा चुके हैं। वर्ष 2017 से 2022 तक शैक्षणिक व शोध उपलब्धियों के आधार पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के 129 शिक्षकों को केयू एपलोज पालिसी के तहत् मेडल व सर्टिफिकेट देकर पुरस्कृत भी किया गया है। देश की खेलों के क्षेत्र में प्रदान की जाने वाली सबसे प्रतिष्ठित मौलाना अबुल कलाम आज़ाद (माका) ट्रॉफी में तीसरा स्थान हासिल करना विश्वविद्यालय के लिए बड़े ही गौरव की बात है। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय ने तीसरे खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में देशभर में 6वां स्थान हासिल किया है। बैंगलोर में आयोजित अखिल भारतीय विश्वविद्यालय संघ के 36वें राष्ट्रीय सांस्कृतिक उत्सव में 18 विधाओं में से 16 विधाओं में पुरस्कार जीतकर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय ने पहली बार गवर्नमेंट यूनिवर्सिटीज में देशभर में पहला स्थान हासिल कर इतिहास रचा है।
उन्होंने आने वाले समय में फैकल्टी व कर्मचारियों की भर्ती करने का आह्वान किया व कैम्पस को जीरो वेस्ट कैम्पस बनाने की सभी से अपील की।
कुलसचिव प्रो. संजीव शर्मा ने कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा को दूसरी बार कुलपति का दायित्व मिलने पर बधाई देते हुए कहा कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय ने शिक्षा, शोध, संस्कृति व खेल के क्षेत्र में नए आयाम छुए हैं और हम आशा करते हैं कि उनके मार्गदर्शन में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय आने वाले समय में और अधिक बुलन्दियों को छुएगा।
इसके साथ ही डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. अनिल वशिष्ठ, छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. शुचिस्मिता, डीन ऑफ कॉलेज प्रो. अनिल वोहरा, लोक सम्पर्क विभाग के निदेशक प्रो. ब्रजेश साहनी, प्रो. अनिता दुआ, प्रो. मंजूला चौधरी, प्रो. अनिल मित्तल, डॉ. महासिंह पूनिया, कुटा प्रधान डॉ. आनंद कुमार, डॉ. वीएन अत्री, डॉ. कुलदीप सिंह, डॉ. जितेन्द्र खटकड़, डॉ. हुकम सिंह, डॉ. अंकेश्वर प्रकाश, सहायक कुलसचिव डॉ. जितेन्द्र जांगडा, कुंटिया प्रधान रजवंत कौर ने कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा को दूसरी बार कुलपति का दायित्व मिलने पर अपने विचार सांझा किए। मंच का संचालन प्रो. विवेक चावला ने किया।
इस अवसर पर डॉ. ममता सचदेवा, कुलसचिव प्रो. संजीव शर्मा, शिक्षाविद प्रो. जगबीर सिंह व उनकी धर्मपत्नी, प्रो. अनिल वशिष्ठ, प्रो. शुचिस्मिता, प्रो. अनिल वोहरा, प्रो. सुनील ढींगरा, प्रो. प्रदीप कुमार, प्रो. दिनेश कुमार, प्रो. ब्रजेश साहनी, डॉ. प्रीतम सिंह, डॉ. दीपक राय बब्बर, कुलपति के ओएसडी पवन रोहिल्ला, सहायक कुलसचिव विनोद वर्मा, सहित डीन, निदेशक, शिक्षक, अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

बाक्स
कुवि कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने सभी शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों व उनके परिवारजनों को दी दीपावली की बधाई।

कुवि कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने शुक्रवार को सभी शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों व उनके परिवारजनों को धनतेरस व दीपावली की बधाई दी। उन्होंने सभी से ग्रीन व प्रदूषण रहित दीपावली मनाने का आह्वान किया और कहा कि सभी के योगदान से हम मिलकर वायु प्रदूषण को नियंत्रित कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह दीपावली सभी के जीवन में उत्साह, उमंग व खुशहाली लेकर आए और हम सब मिलकर एक नए व बेहतर समाज के निर्माण में योगदान दे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *