-अमृत कलश यात्रा के अवसर पर जिला में आयोजित किए जाएंगे भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम-उपायुक्त
अम्बाला, 15 सितंबर
अमृत कलश यात्रा की तैयारियों को लेकर हरियाणा के मुख्य सचिव संजीव कौशल तथा सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के महानिदेशक डा0 अमित कुमार अग्रवाल ने शुक्रवार को प्रदेश के उपायुक्तों के साथ विडियों कांफ्रेंस के माध्यम से बैठक ली। देश की आजादी तथा सीमा पर देश की रक्षा करते हुए अपनी प्राणों की आहुति देने वाले वीर क्रांतिकारियों और शहीद सपूतों की याद में मेरी माटी मेरा देश अभियान के तहत पूरे देश में अमृत कलश यात्रा निकाली जाएगी।
मुख्य सचिव संजीव कौशल ने कहा कि आजादी की 75वीं वर्षगांठ का जश्न मनाते हुए सबसे पहले 15 से 30 सितंबर तक अमृत कलश के लिए ढोल-नगाड़े और बाजों के साथ जिला जिला के हर गांव-हर घर से मिट्टी व चावल एकत्रित किया जाएगा। इसी तरह के कार्यक्रम पूरे देश व प्रदेश के सभी गांवों व शहरों में होंगे। इन अमृत कलश की मिट्टी का उपयोग हमारे बहादुरों के सम्मान में दिल्ली में शहीद स्मारक के साथ अमृत वाटिका बनाने के लिए किया किया जाएगा।
बैठक के पश्चात उपायुक्त डॉ0 शालीन ने बताया कि अमृत कलश यात्रा के अवसर पर जिला में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिसमें देशभक्ति की झलक दिखाई देने के साथ-साथ हमारे युवाओं को प्रेरित किया जाएगा कि किसी प्रकार हमारे वीर सपूतों ने देश की आजादी और रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी थी। उन्होंने कहा कि इस दौरान उपस्थित लोगों को पंच प्रण की शपथ भी दिलाई जाएगी।
उपायुक्त ने बताया कि अमृत कलश यात्रा में एनएसएस, नेहरू युवा केंद्र, एनसीसी, भारत स्काउट, गाइड, आंगनवाड़ी वर्कर तथा युवा वर्ग की विशेष भागीदारी रहेगी। अमृत कलश यात्रा के सफलतापूर्वक आयोजन को लेकर सम्बन्धित अधिकारी बेहतर समन्वय के साथ कार्य करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कलश यात्रा की संपूर्ण जानकारी देते हुए बताया कि 15 से 30 सितंबर तक गांवों तथा शहरों के सभी घरों से एकत्रित हुई मिट्टी और चावल को 1 से 13 अक्टूबर तक खंड स्तर पर अमृत कलश को एक चिन्हित स्थान पर लाया जाएगा जहां एक बड़े कलश में मिट्टी मिलाने के दौरान उत्सव जैसा माहौल रहेगा। इस दौरान खंड स्तर पर बहादुरों का अभिनंदन किया जाएगा। वहीं आमजन की सक्रिय भागीदारी के साथ बहादुरों के सम्मान में ब्लॉक स्तर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा।
उपायुक्त ने बताया कि राज्य के सभी खंडो से अमृत कलश राज्य को राजधानी चंडीगढ़ में 22 से 27 तक अक्टूबर एकत्र किया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम के लिए अमृत कलश भेजने से पहले राज्य की राजधानी चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, सांसदों की उपस्थिति में एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर के आयोजन के लिए इन अमृत कलशों को ले जाने वाले स्वयंसेवकों के लिए विशेष ट्रेनों की व्यवस्था की जाएगी।
उपायुक्त ने बताया कि 28 से 30 अक्टूबर देश के विभिन्न कोनों से अमृत कलश को स्वयंसेवकों द्वारा नई दिल्ली ले जाया जाएगा। आजादी की 75वीं वर्षगांठ का जश्न मनाने के लिए पारंपरिक परिधान पहने स्वयंसेवक अपने साथ अमृत कलश लेकर कर्तव्य पथ पर मार्च करेंगे। इन अमृत कलश की मिट्टी का उपयोग हमारे देश के महान बहादुरों के सम्मान में दिल्ली में बनाई गई अमृत वाटिका के लिए किया जाएगा। यह अमृत वाटिका अमृत वाटिका कर्तव्य पथ के पास शाहिदों की याद में समर्पित स्मारक पर तैयार होगी। वीरों की यह शहादत हमेशा देश की आने वाली पीढिय़ां को प्रेरित करती रहेगी।
इस मौके पर डीडीपीओ दिनेश शर्मा, जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी धर्मेन्द्र कुमार के साथ-साथ सम्बन्धित सभी अधिकारी मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *