बीजेपी के हजारों विस्तारक सात दिन का समय करेंगे दान:धनखड़
प्रदेश अध्यक्ष धनखड़ ने कार्यशाला में विस्तारकों को दिए व्यक्तित्व विकास के टिप्स
कुरुक्षेत्र 9 सितंबर भाजपा के अल्पकालिक विस्तारक पार्टी की मजबूत आधारशिला रखते हुए 2024 के चुनाव को जिताने में अहम भूमिका निभाएंगे। कुरुक्षेत्र लोकसभा के लिए सैनी धर्मशाला में आयोजित अल्पकालिक विस्तारक कार्यशाला को संबोधित करने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विस्तारकों को दो दिन का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद पांच दिन सभी विस्तारक शक्ति केंद्रों पर जाकर संगठन को और अधिक मजबूत करने का काम करेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि हरियाणा की सभी लोकसभाओं में अल्पकालिक विस्तारक योजना के तहत कार्यशालाओं का आयोजन किया जा रहा है। भाजपा ने योजना तैयार की है कि हजारों की संख्या में हमारे अल्पकालिक विस्तारक सात दिन का समय दान करेंगे। पार्टी का संगठन पन्ना-पन्ना तक खड़ा हो गया है। ये विस्तारक दो दिन के प्रशिक्षण के बाद शक्ति केंद्रों पर जाकर संगठन गढ़े चलो के मंत्र को आत्मसात करते हुए उसे अधिक मजबूत करने की दिशा में काम करेंगे। वे सभी शक्ति केंद्र के बूथों पर जाकर भाजपा के बूथ स्तरीय पदाधिकारियों से मिलेंगे। उन्होंने बताया कि इसके अलावा वहां के राजनीतिक और सामाजिक परिस्थितियों का अध्ययन करते हुए वहां के लोगों मिलेंगे तथा केंद्र व राज्य सरकार की अब तक की उपलब्धियों व योजनाओं को बताएंगे।
श्री धनखड़ ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह अल्पकालिक विस्तार अभियान शुरू किया था । जिसके तहत हरियाणा से पार्टी के  25 विधायक राजस्थान में सात दिनों का प्रवास करके आए हैं। उसके बाद हरियाणा में इस तरह का अब तक सबसे बड़ा अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमारे विस्तारक लाभार्थियों को लाभ मिले यह भी सुनिश्चित करेंगे, लोगों से सुख-दुख साझा करेंगे, अगर उन्हें कोई समस्या है तो उसके समाधान का प्रयास  करेंगे। इस अभियान में केंद्रीय मंत्री, सांसद, विधायक अपने-अपने क्षेत्रों में समय देंगे। दिल्ली में शुरू हुए जी-20 शिखर सम्मेलन पर बोलते हुए श्री धनखड़ ने कहा कि आज का दिन 140 करोड़ भारतवासियों के लिए गौरव का दिन है। पूरी दुनिया की निगाहें भारत के पीएम मोदी पर हैं। बड़े-बड़े देशों के राष्ट्राध्यक्ष दिल्ली में आए हुए हैं और भारत के प्रधानमंत्री के नेतृत्व में दुनिया की बेहतरी के लिए विचार-विमर्श कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि  भारत ने हाल में अनेक उपलब्धियां हासिल की है जिसमें पूरा पखवाड़ा आनंद के क्षणों से परिपूर्ण रहा है। चंद्रयान-3 की सफलता, आदित्य एल-1 का प्रक्षेपण और जी-20 की इस बैठक ने तो पूरे देश को प्रफूल्लित कर दिया है।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष को भोज पर नहीं बुलाने और एक राष्ट्र एक चुनाव पर पूछे गए सवाल पर प्रदेश अध्यक्ष धनखड़ ने कहा कि कांग्रेस को हर बात में राजनीति नहीं करनी चाहिए। फिलहाल सभी की निगाहें जी-20 की बैठकों पर है। हालांकि उन्होंने कहा कि एक देश, एक चुनाव से विकास को गति मिलेगी। सनातन धर्म पर टिप्पणी के बारे में उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है। करोड़ों लोगों की आस्था के साथ खिलवाड़ है। देशभर में भी इसकी निंदा हो रही है। जो बेमेल नया गठबंधन बना है उसमें शामिल कांग्रेस सहित सभी दलों के लोगों को स्पष्ट करना चाहिए कि वे स्टालिन के बयान के साथ हैं या नहीं। इससे पहले कार्यशाला के तीसरे सत्र में प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने कार्यशाला में विस्तारकों को शक्ति केंद्रों पर जाकर काम करने तथा संगठन को मजबूत करने के टिप्स दिए। उन्होंने बताया कि आप लोग घर-घर जाकर भाजपा की योजनाओं की जानकारी दें। अपने व्यवहार और काम से लोगों का दिल जीतने का काम करें। जीवन में जितना चैलेंज होगा उतना ही हमारा व्यक्तित्व निखरकर सामने आएगा। कार्यशाला में प्रदेश अध्यक्ष ने विस्तारकों को पर्सनलिटी डेवलमेंट के गुर भी बताए। प्रशिक्षण शिविर के पहले सत्र की अध्यक्षता पशुधन विकास बोर्ड हरियाणा के चेयरमैन धर्मवीर मिर्जापुर ने की। जिसमें प्रदेश महामंत्री एडवोकेट वेदपाल ने बूथ का सशक्तिकरण विषय पर अपना उद्बोधन दिया। उन्होंने कहा भाजपा ने वादे किए उसे 9 साल में पूरा किया है।
कुरुक्षेत्र सांसद नायब सिंह सैनी ने मिशन 2024 में भाजपा ही क्यों विषय पर अपना उद्बोधन दिया। उन्होंने कहा सशक्त नेतृत्व समाज एवं देश की सीमाओं की सुरक्षा की गारंटी है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व मे विश्व में भारत का डंका बज रहा है और आर्थिक आधार पर भारत विश्व मे पांचवे स्थान पर पहुंच गया है और जल्द ही तीसरे स्थान पर पहुंच जाएगा। प्रशिक्षण शिविर के इसी सत्र में हरियाणा सरकार मे राज्य मंत्री कमलेश डांढा ने लाभार्थी विषय पर उद्बोधन दिया। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल का विजन है कि सरकार की नीतियों को लागू करने का तभी फायदा होगा जब उस योजना का लाभ लाभार्थी तक पहुंचेंगा।
प्रशिक्षण शिविर के चतुर्थ सत्र की अध्यक्षता कैथल जिलाध्यक्ष अशोक गुर्जर ने की। जिसमें प्रदेश महामंत्री डा0 पवन सैनी ने बूथ पर सोशल मीडिया व व्हाट्सएप ग्रुप विषय पर अपना उद्बोधन दिया। प्रशिक्षण शिविर के इसी सत्र में पूर्व मंत्री एवम ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कर्णदेव कंबोज ने बूथ पर राजनीतिक व सामाजिक अध्ययन विषय पर अपना उद्बोधन दिया। प्रशिक्षण शिविर के पांचवे सत्र की अध्यक्षता कुरुक्षेत्र जिलाध्यक्ष रवि बतान ने की। जिसमें कुरुक्षेत्र जिला प्रभारी जी एल शर्मा ने टेढे सवालो के जवाब विषय पर अपना उद्बोधन दिया। प्रशिक्षण शिविर के इसी सत्र में कैथल जिला प्रभारी वेद फूला ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जन्मदिवस पखवाड़ा विषय पर अपना उद्बोधन दिया। लोकसभा अल्पकालीन विस्तारक कार्यक्रम के प्रारंभ में भारत माता, डा0 श्यामा प्रसाद मुखर्जी, प0 दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर दीप प्रज्जवलित किया

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *