साईकिल मैराथन में सहभागी बनने के लिए उदय हरियाणा वेबसाइट पर करें पंजीकरण:- उपायुक्त डा0 शालीन।
अम्बाला, 02 सितम्बर: –
मुख्यमंत्री मनोहर लाल की पहल पर नशा मुक्ति हरियाणा को लेकर प्रदेश भर के विभिन्न जिलों से होते हुए 22 सितंबर को साइक्लोथॉन (साइकिल मैराथन रैली) जिला अम्बाला में प्रवेश करेगी। यह साइकिल रैली लाडवा के रास्ते वाया बराड़ा-मुलाना होते हुए 22 सितम्बर दिन शुक्रवार को अम्बाला पहुंचेगी। इसी दिन शाम के समय सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा, जिसमें जिला सूचना, जन सम्पर्क एवं भाषा विभाग अम्बाला की भजन मंडली व कलाकारों की टीम प्रस्तुति देंगी। यह जानकारी उपायुक्त डा0 शालीन ने दी।
उन्होंने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल द्वारा बीते कल 1 सितम्बर को करनाल से इस साइकिल रैली का शुभारंभ किया गया है जोकि प्रदेश के विभिन्न जिलों से होते हुए 22 सितम्बर को अम्बाला पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि जिला में जन जन तक नशा मुक्ति का संदेश पहुंचे, इसके लिए विभाग की भजन मंडली/कलाकारों, स्कूली विद्यार्थियों व नाटक के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जायेगा। वहीं नशे पर रोक को लेकर गीतों के जरिये बॉलीवुड कलाकार गजेंद्र फोगाट के नेतृत्व में कलाकारों की टीम युवाओं में नया जोश भरेगी।
मैराथन साईकिल रैली का हिस्सा बनने के लिए करें पंजीकरण
उपायुक्त ने कहा कि साईकिल मैराथन रैली का ज्यादा से ज्यादा नागरिकों को हिस्सा बनना चाहिए। इसके लिए वेबसाइट उदय डॉट हरियाणा डॉट जीओवी डॉट इन पर पंजीकरण करवाएं । संबंधित विभागों के अधिकारी ज्यादा से ज्यादा पंजीकरण के लिए युवा वर्ग को जागरूक करें। उन्होंने कहा कि साईकिल मैराथन  को लेकर शिक्षण संस्थाओं के बच्चों और युवा वर्ग में काफी उत्साह देखा जा रहा है,क्योंकि हरियाणा सरकार द्वारा युवाओं के उज्जवल भविष्य के लिए एक सराहनीय पहल की शुरूआत की गई है। साईकिल मैराथन के रूट पर जगह-जगह नशे के खिलाफ अन्य गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
साईकिल मैराथन रूट पर होंगे सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
पुलिस अधीक्षक जशनदीप सिंह रंधावा ने कहा कि समाज का हर वर्ग को इस साईकिल मैराथन में हिस्सा ले, ताकि हम अपने  जिले को नशा मुक्त बना सके। नशा मुक्ति का संदेश जन जन तक फैलाने के लिए आयोजित साईकिल मैराथन रूट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी सूरत में नशे को नहीं पनपने देंगे। नशा युवाओं के जीवन को बर्बाद कर देता है। नशे की लत पूरे के पूरे परिवार को तबाह कर देती है।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *