*आप पार्टी की आंधी में उड़ जाएंगे पन्ना और उनके प्रमुख : अशोक तंवर*

*भाजपा ने देश को और गठबंधन सरकार ने प्रदेश के कई जिलों को बाढ़ में डुबोया: डॉ अशोक तंवर*
*बोले तंवर,आम आदमी पार्टी की “बिजली आंदोलन पदयात्रा” कल* *अशोक तंवर ने हरियाणा के खेल मंत्री रहे संदीप सिंह को भी निशाने पर लिया*
*कुरुक्षेत्र, 27 अगस्त*

आम आदमी पार्टी के प्रदेश चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष डॉ अशोक तवंर ने रविवार को झांसा के कम्युनिटी सेंटर में बिजली आंदोलन व सदस्यता ग्रहण समारोह में शिरकत की। इस दौरान सैकड़ों लोगों ने आम आदमी पार्टी की नीतियों से प्रभावित होकर पार्टी को ज्वाइन किया। डॉ अशोक तंवर ने कहा कि प्रदेश के लोग महंगे बिजली के बिलों की मार झेल रहे हैं। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता गांवों में घर घर जाकर लोगों को बिजली के मुद्दो पर जागरूक कर रहे हैं। आज पूरे प्रदेश में बिजली आंदोलन को जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब व दिल्ली की तर्ज पर हरियाणा में भी बिजली बिल माफ किए जाएंगे और प्रदेश में आम आदमी पार्टी की सरकार बनते ही 300 यूनिट बिजली मुफ्त दी जाएगी। आज दिल्ली में 80% और पंजाब में 90% घरों का बिजली बिल जीरो आ रहा है।
उन्होंने कहा कि आज भाजपा ने देश को डूबो दिया और प्रदेश की गठबंधन सरकार ने कुरुक्षेत्र, युमनानागर और सिरसा संसदीय क्षेत्र को बाढ़ में डुबोया। बाढ़ के बाद अब प्रदेश में डेंगू और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों का प्रकोप बना हुआ है। स्थानीय लोगों द्वारा सरकार के प्रति विरोध प्रदर्शन दर्शाता है कि प्रदेश की गठबंधन सरकार का बीमारियों पर कहीं भी अंकुश नहीं है। प्रदेश में भाजपा द्वारा आयोजित पन्ना प्रमुख सम्मेलन पर कटाक्ष करते हुए अशोक तंवर ने कहा कि आम आदमी पार्टी की आंधी में पन्ना और उनके प्रमुख दोनों उड़ जाएंगे। हरियाणा में जिन जिलों में बाढ़ आई थी वहां प्रदेश की गठबंधन सरकार के चुने हुए नुमाईंदे और पन्ना प्रमुख कहीं नजर नहीं आए।
इसके अलावा, उन्होंने कहा कि जब प्रदेश में एलईडी लाइटों का प्रचलन बढ़ा तो घरों में बिजली के बिल ज्यादा कैसे आ रहे हैं। जबकि एलईडी लाइट लगने के बाद बिजली के बिल कम होने चाहिए थे। प्रदेश की गठबंधन सरकार जानबूझकर घरों के बिजली के बिल 70 से 74 दिनों के बना कर भेज रही है, जिससे बिजली 7 रुपए से ज्यादा रेट में मिल रही है। उन्होंने कहा कि अब गठबंधन सरकार से मुक्ति पाने का समय आ गया है। सीएम खट्टर प्रदेश के सभी जिलों में घूम-घूम कर जनसंवाद के बहाने विदाई पार्टी ले रहे हैं। 2024 में प्रदेश की जनता पंजाब और दिल्ली की तरह प्रदेश से गठबंधन सरकार का सफाया करेगी।

उन्होंने कहा कि गरीब लोगों के लिए बिजली का बिल भरना किस आफत से कम नहीं है। आम लोगों का 50 हजार से एक लाख रुपये तक का बिल आ रहा है। उन्होंने कहा कि जब पंजाब और दिल्ली में बिजली बिल माफ हो सकते हैं तो हरियाणा में क्यों नही? उन्होंने ने कहा कि पंजाब में 300 यूनिट बिजली मुफ्त, ट्यूबवेल की बिजली 24 घंटे दी जा रही है और सारे बकाया बिल माफ कर दिए हैं। दिल्ली में 80 प्रतिशत और पंजाब में 90 प्रतिशत घरों का बिजली बिल जीरो आता है। जबकि हरियाणा में 300 यूनिट का 1700 और 600 यूनिट का 3700 रुपये बिजली बिल भरना पड़ता है। इसके अलावा पंजाब में किसानों का 15 लाख ट्यूबवेलों को बिजली बिल जीरो आता है। बिजली बिलों को माफ करने का जादू सिर्फ अरविंद केजरीवाल के पास है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी वादे नहीं करती गारंटी देती है। प्रदेश में आम आदमी पार्टी की सरकार बनते ही बिजली के बिल पहली कलम से होंगे किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि गठबंधन सरकार पहले महंगी बिजली और अब स्मार्ट मीटर के नाम पर लोगों को चूना लगा रही है। स्मार्ट मीटर का उपभोक्ताओं को कोई फायदा नहीं हो रहा है। स्मार्ट मीटर लगने के बाद अब लोगों के कई गुना बिजली के बिल आ रहे हैं। स्मार्ट मीटर से प्रदेश के गरीब और जरूरतमंद लोगों का शोषण हो रहा है। हरियाणा में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के तुरंत बाद पंजाब की तर्ज पर बकाया बिजली के बिल माफ किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी प्रदेश के लोगों को बिजली बिलों से मुक्ति दिलाएगी। आज हरियाणा के सभी जिलों में बिजली पूरी तरफ से गुल और बिजली के बिल फुल हैं। प्रदेश की गठबंधन सरकार बिजली उत्पादन के झूठे आंकड़े पेश कर रही है। पूरे प्रदेश में बिजली उपभोक्ता बिजली की कमी से जूझ रहे हैं। गठबंधन सरकार पिछले साढ़े 8 सालों में प्रदेश में एक भी बिजली का संयंत्र नया नहीं लगा पाई।

उन्होंने कहा कि फतेहाबाद के कुम्हारिया में परमाणु बिजली संयंत्र का काम भी अधर में लटका पड़ा है। सिरसा में बिजली मंत्री रणजीत चौटाला और उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला का गृह जिला होने के बावजूद भी बिजली कट का बुरा हाल है। पूरा बिजली बिल भरने के बाद भी गर्मी के सीजन में प्रदेश के लोगों की रातें बेचैनी में कट रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने लोगों को लूटने के मकसद से बिजली बिलों पर एफएसए चार्ज लगाया है। उन्होंने प्रदेश सरकार के एफएसए चार्ज को जजिया कर बताया और इसे तुरंत वापस लेने की मांग की। यदि प्रदेश सरकार एफएसए चार्ज वापस नहीं लिया तो आम आदमी पार्टी सड़कों पर उतरेगी।

इसके अलावा, उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी दिल्ली में बिजली फ्री देने, स्वास्थ्य सुविधा फ्री देने, शानदार स्कूलों में शिक्षा फ्री देने, बस में महिलाओं को फ्री यात्रा, बुजुर्गों को तीर्थ यात्रा फ्री देने और शहीदों के परिवारों को 1 करोड़ की सम्मान राशि देने का काम करती है। आजाद भारत में कोई भी पार्टी शहीदों के परिवार का सम्मान नहीं कर पाई। आम आदमी पार्टी ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो शहीदों के परिवार को एक करोड़ रूपया सम्मान राशि देती है। दिल्ली में सब कुछ मुफ्त देने के बाद भी आम आदमी पार्टी की सरकार मुनाफे में है। हरियाणा में कुछ भी फ्री नहीं फिर भी प्रदेश पर 3 लाख करोड़ रुपये का कर्जा है। उन्होंने कहा कि आज हरियाणा की जनता आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल की तरफ आशाओं भरी निगाहों से देख रही है। 2024 में पंजाब और दिल्ली के बाद हरियाणा में भी भारी बहुमत से आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी बनेगी।

*बॉक्स*

*अशोक तंवर ने हरियाणा के खेल मंत्री रहे संदीप सिंह को भी निशाने पर लिया*अशोक तंवर ने हरियाणा के खेल मंत्री रहे संदीप सिंह को भी निशाने पर लेते हुए कहा कि चार्जशीट दाखिल होने के बावजूद भी संदीप सिंह हरियाणा सरकार में विधायक और मंत्री पद पर बने हुए हैं, अगर उन्हें थोड़ी सी भी नैतिकता बची है तो अपने पद से तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए।
पूर्व सांसद ने प्रदेश के मुख्यमंत्री पर भी निशाना साधा, अशोक तंवर ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री इतनी बड़ी घटना होने के बाद भी आरोपी मंत्री को बचाने में लगे हुए हैं।

*बॉक्स*
*आम आदमी पार्टी की “बिजली आंदोलन पदयात्रा” कल*

आप नेता अशोक तंवर ने कहा कि आम आदमी पार्टी की ओर से पिछले एक महीने से जो “बिजली आंदोलन” पूरे हरियाणा प्रदेश में चलाया जा रहा है वह अब जन आंदोलन बन गया है।
उन्होंने कहा कि आज गाँव-गाँव में लोग अपने घरों के बिजली बिलों की तुलना पंजाब एवं दिल्ली के बिलों से करने लगे हैं। इन्हीं के चलते अब आम आदमी पार्टी प्रदेश के सभी जिलों में कल सोमवार को एक “बिजली आंदोलन पदयात्रा” का आयोजन कर रही है। आप नेता अशोक तंवर ने कहा कि पदयात्रा में ज़िले के सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता आम जनता के साथ शामिल होकर बिजली आंदोलन पदयात्रा करेंगे। उन्होने आम आदमी पार्टी के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं से आह्वान किया है कि वें अधिक से अधिक संख्या में इस पदयात्रा में शामिल होकर इसे सफल बनाएँ।

इस मौके प्रदेश उपाध्यक्ष बलबीर सैनी,कुरुक्षेत्र जिलाध्यक्ष जगबीर जोगनाखेड़ा,कुरुक्षेत्र लोकसभा उपाध्यक्ष सर्वजीत सिंह विर्क, ब्लॉक अध्यक्ष बाबू राम, इस्माईलाबाद ब्लॉक अध्यक्ष धर्मेंद्र गोस्वामी,सरपँच ज्ञानचंद,ओम प्रकाश, लीगल सेल जिला अध्यक्ष वीरभान भाखली सहित कई कार्यकर्ता व लोग मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *