अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव 2022 पर शहर की धार्मिक संस्थाएं भी करेंगी प्रदर्शनी व अन्य कार्यक्रमों का आयोजन, 101 संस्थाएं जुड़ी है अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के साथ, 19 नवंबर से सरस व क्राफ्ट मेला तथा 29 नवंबर को होगा महोत्सव के मुख्य कार्यक्रमों का आगाज, 18 नवंबर को होगी गीता रन दौड़
कुरुक्षेत्र 15 नवंबर विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि मारॅसिस, इंग्लैंड और कनाडा के बाद अब ऑस्ट्रेलिया में वर्ष 2023 में अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन के लिए प्रदेश सरकार ने अपनी स्वीकृति दे दी है और कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के अधिकारियों को महोत्सव का शेड्यूल तैयार करने के भी निर्देश दिए है। अहम पहलू यह है कि अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव 2022 के सरस व क्राफ्ट मेले का आयोजन 19 नवंबर से और महोत्सव के मुख्य कार्यक्रमों का आगाज 29 नवंबर से होगा।
विधायक सुभाष सुधा मंगलवार को नीलकंठी यात्री निवास में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इससे पहले विधायक सुभाष सुधा, मुख्यमंत्री के मुख्य मीडिया सलाहकार अमित आर्य, मीडिया कॉर्डिनेटर जगमोहन आनंद ने अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के प्रचार-प्रसार को लेकर पत्रकारों से चर्चा भी की है। विधायक सुभाष सुधा ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के प्रयासों से ही गीता जयंती के एक छोटे से समारोह को अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव का दर्जा दिया गया और वर्ष 2015 से लगातार इस महोत्सव को बडा स्वरूप देने का काम किया जा रहा है। सरकार ने देश ही नहीं विदेशों के लोगों को भी पवित्र ग्रंथ गीता के साथ जोड़ने के लिए विदेशों में अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव  के आयोजन को करवाने की योजना को अमलीजामा पहनाया और मॉरसिस, इंग्लैंड और कनाडा में बेहतरीन और सफल कार्यक्रमों का आयोजन किया। अब सरकार ने केडीबी के माध्यम से ऑस्ट्रेलिया में वर्ष 2023 के अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव  के आयोजन की योजना बनाई है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के विशेष प्रयासों से अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव 2023 के साथ शहर की धार्मिक संस्थाओं जिनमें श्री स्थानेश्वर महादेव मंदिर, श्री ज्ञान मंदिर, गीता धाम, श्री ब्राह्मण एवं तीर्थोद्घार सभा, इस्कॉन मंदिर, गौडिया मठ, भारत सेवा आश्रम संघ, श्री खाटू श्याम मंदिर, छठी पातशाही गुरुद्वारा, शिरडी साई मंदिर, गीता कुंज, दक्षिण हनुमान मंदिर, जयराम विद्या पीठ आदि शामिल है के सहित 101 संस्थाएं साथ मिलकर काम कर रही है। यह धार्मिक संस्थाएं अपने-अपने प्रतिष्ठानों में प्रदर्शनी, भंडारों के साथ-साथ अन्य कार्यक्रमों का आयोजन करेगी। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के कार्यक्रमों का आगाज 18 नवंबर से गीता रन दौड से होगा। इस दौड़ का शुभारंभ ब्रह्मसरोवर पुरुषोत्तमपुरा बाग से सुबह 7 बजे से होगा। इसके बाद 19 नवंबर से 6 दिसंबर तक ब्रह्मसरोवर के तटों पर शिल्प और सरस मेले का आयोजन होगा। इस मेले में उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक कला केन्द्र के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों के कलाकार अपने-अपने क्षेत्र की लोक कलाओं को पर्यटकों के समक्ष रखेंगे।
विधायक ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव 2022 के मुख्य कार्यक्रमों का आयोजन 29 नवंबर से शुरू होगा। इस महोत्सव का आगाज राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु द्वारा किया जाएगा। इस महोत्सव के मुख्य कार्यक्रम 4 दिसंबर तक चलेंगे। इस दौरान ब्रह्मसरोवर पर प्रदर्शनी, हरियाणा पवेलियन और अन्य कार्यक्रमों का आयोजन लगातार किया जाएगा। इस दौरान शहर की संस्थाओं द्वारा भी ब्रह्मसरोवर पर विशाल प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष महोत्सव में लाखों लोगों की पहुंचने की संभावना है। इस विषय को जहन में रखकर सरकार, प्रशासन व कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड तैयारियों का प्रबंध कर रहा है।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *