अम्बाला, 3 अगस्त: –
हरियाणा के मुख्य सचिव संजीव कौशल ने चंडीगढ़ से आयोजित वी.सी. के माध्यम से आजादी के अमृत महोत्सव के समापन के दृष्टिगत मेरी माटी-मेरा देश कार्यक्रम को लेकर सभी उपायुक्तों व अन्य सम्बन्धित अधिकारियों के साथ बैठक लेकर कार्यक्रम के सफलतापूर्वक आयोजन को लेकर उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। इस मौके पर उनके साथ सूचना, जन सम्पर्क, भाषा एवं सांस्कृतिक विभाग के महानिदेशक डा0 अमित कुमार अग्रवाल भी मौजूद रहे।
सूचना, जन सम्पर्क, भाषा एवं सांस्कृतिक विभाग के महानिदेशक डा0 अमित कुमार अग्रवाल ने मेरी माटी-मेरा देश कार्यक्रम की रूपरेखा बारे विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 9 अगस्त से 14 अगस्त तक इस विषय के तहत गांवों में कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इससे पहले कार्यक्रम की रूपरेखा बारे ग्राम सभाओं के माध्यम से इस बारे जानकारी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि गांवों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में ग्राम संरक्षक, पदम अवार्डी, गांव के गणमान्य व्यक्ति के साथ-साथ विधायक, सांसद व अन्य को भी इस कार्यक्रम में शामिल करें। आजादी के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष में इस कार्यक्रम को किया जा रहा है। इसके साथ-साथ गांवों में वीरों को वंदन एवं नमन करने के लिये गांवों में शिला पट्टिकाएं भी लगाई जाएंगी, जिसमें वीर शहीदों, स्वतंत्रता सेनानियों व अन्य का उल्लेख होगा। इसके उपरांत ब्लॉक लेवल पर तथा जिला स्तर पर कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। राज्य स्तर पर भी इसका कार्यक्रम किया जाएगा।
मुख्य सचिव संजीव कौशल ने कहा कि इस कार्यक्रम को सरकारी तौर पर मनाने का काम नही करना है बल्कि आम जनमानस की इसमें ज्यादा से ज्यादा भागीदारी सुनिश्चित करनी है। देशप्रेम व राष्ट्रीय एकता के दृष्टिगत लोगों को इस कार्यक्रम के बारे उन्हें जागरूक करना है। उन्होंने यह भी बताया कि इसी कार्यक्रम के तहत पूरे देश में मिट्टी यात्रा के तहत कलश लेकर राजधानी दिल्ली लेकर जाए जाएंगे। हर गांव से मिट्टी लेकर कलश में एकत्रित की जाएगी। इसके साथ साथ ब्लॉक लेवल पर तथा जिला स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में कलश में मिट्टी को एकत्रित करके समापन अवसर पर दिल्ली ले जाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि जितने भी कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे, उसकी फोटो अपलोड करनी सुनिश्चित करें। इसके साथ-साथ सेल्फी प्वाईंट बनाकर भी सेल्फी ली जा सकती है। पुलिस द्वारा मार्च पास्ट के माध्यम से कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि मेरी माटी-मेरा देश कार्यक्रम के तहत जिला युवा कार्यक्रम व रेजिडेंट वैल्फेयर एसोसिएशन के साथ-साथ अन्य संस्थाओं के साथ भी उपायुक्त बैठक लेकर कार्यक्रम की रूपरेखा बारे उन्हें जानकारी दें ताकि कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन हो सके।
बॉक्स:- मुख्य सचिव ने इस मौके पर यह भी बताया कि इस वर्ष भी 13 अगस्त से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। पिछले वर्ष इस कार्यक्रम का बेहद सफलतापूर्वक आयोजन हुआ था। उसी उर्जा व उत्साह के साथ इस वर्ष भी हमें इस कार्यक्रम का आयोजन करना है। हर घर पर तिरंगे को सम्मानपूर्वक फहराना है।
उपायुक्त ने मुख्य सचिव को आश्वस्त किया कि मेरी माटी-मेरा देश कार्यक्रम को लेकर जो भी दिशा-निर्देश जारी किये गये हैं, उनकी अनुपालना के तहत सभी कार्यों को करवाकर कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन करवाया जाएगा। वी.सी. के उपरांत उपायुक्त ने सम्बन्धित अधिकारियों को कार्यक्रम की रूपरेखा बारे जानकारी देते हुए बताया कि इस कार्यक्रम के लिये नोडल अधिकारी सीईओ जिला परिषद महावीर प्रसाद नियुक्त किये गये हैं। उन्होंने सीईओ जिला परिषद को निर्देश दिये कि मेरी माटी-मेरा देश कार्यक्रम को लेकर जो रूपरेखा तैयार कर लें ताकि सभी के सहयोग से कार्यक्रमों का आयोजन करवाया जा सके।
बैठक में सीईओ जिला परिषद महावीर प्रसाद, पंचायती राज के कार्यकारी अभियंता नवदीप आनन्द, डीडीपीओ दिनेश शर्मा, बीडीपीओ संजय टांक, बीडीपीओ सुमन कादियान, बीडीपीओ नेहा शर्मा, बीडीपीओ किन्नी गुप्ता, कार्यकारी अभियंता एल.सी. चौहान के साथ-साथ सम्बन्धित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *