मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किया स्वामित्व हरियाणा पोर्टल का शुभारंभ, उपायुक्त सचिन गुप्ता ने अधिकारियों को गांवों में मुनादी करवाकर ग्रामीणों को पोर्टल बारे जानकारी देने के दिए निर्देश
अंबाला, 17 नवंबर-
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से स्वामित्व योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर प्रदेश के सभी जिलों के उपायुक्तों एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्वामित्व हरियाणा पोर्टल का शुभारंभ किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
वीसी के उपरांत उपायुक्त सचिन गुप्ता ने संबंधित अधिकारियों की बैठक लेते हुए निर्देश दिए कि स्वामित्व योजना के तहत सभी गांवों में मुनादी करवाकर ग्रामीणों को पोर्टल के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाए। ग्रामीणों को बताया जाए कि वे पोर्टल के माध्यम से अपनी संपत्ति से संबंधित विवरण एवं नक्शे की जांच कर सकते हैं तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि या विवाद होने पर निर्धारित समयावधि में अपने दावे एवं आपत्तियां दर्ज करवा सकते हैं।
उपायुक्त ने बताया कि स्वामित्व योजना के तहत लाल डोरा क्षेत्र की संपत्तियों के मालिकाना हक को कानूनी रूप से मजबूत बनाने तथा संपत्ति से संबंधित रिकॉर्ड को पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से सरकार द्वारा नए अधिनियम, नियम एवं एसओपी तैयार की गई हैं। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री द्वारा आज स्वामित्व हरियाणा पोर्टल लॉन्च किया गया है। उन्होंने बताया कि नए नियमों के तहत ग्रामीणों को अपनी लाल डोरा संपत्ति के विवरण एवं नक्शे की जांच करने तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि या विवाद की स्थिति में दावे एवं आपत्तियां दर्ज करवाने के लिए आगामी 90 दिनों का समय दिया गया है। इसके लिए ऑनलाइन पोर्टल की सुविधा उपलब्ध करवाई गई है। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया का उद्देश्य ग्रामीणों को उनकी संपत्तियों का स्पष्ट एवं पारदर्शी रिकॉर्ड उपलब्ध करवाना है।
उपायुक्त ने राजस्व एवं पंचायत विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ इस कार्य को पूरी गंभीरता, पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे दावे एवं आपत्तियां प्राप्त हों, उनकी सुनवाई और निपटान की प्रक्रिया भी तत्परता से की जाए, ताकि निर्धारित समयावधि में सभी मामलों का समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
इस अवसर पर जिला राजस्व अधिकारी प्रमोद चहल, नायब तहसीलदार, पंचायत विभाग के अधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
