– भुज व अहमदाबाद में देखा ऐतिहासिक व नवीन निर्माण कला का संगम
– 12 दिन के शैक्षणिक भ्रमण पर आर्किटेक्चर का प्रतिनिधिमंडल
17 नवंबर 2026, रोहतक।
दादा लख्मी चंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स (डीएलसीसुपवा) का प्रतिनिधिमंडल वास्तुकला व भवन नियोजन की जानकारी हासिल करने के लिए इन दिनों गुजरात के दौरे पर है। इसमें आर्किटेक्चर के पांचवें सेमेस्टर के 40 छात्र-छात्राएं शामिल हैं, जो फैकेल्टी के साथ भुज व अहमदाबाद भ्रमण के दौरान ऐतिहासिक व नवीन निर्माण कला का संगम करीब से देख चुके हैं।
फैकेल्टी ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर के एफसी अजयबाहू जोशी की अगुवाई में 12 नवंबर को रोहतक से रवाना हुआ प्रतिनिधिमंडल 23 नवंबर को वापस लौटेगा। उनके साथ असिस्टेंट प्रोफेसर आनंद भी प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा हैं। जोशी ने बताया कि इस शैक्षणिक भ्रमण के बाद छात्र म्यूजियम डिजाइन के अपने प्रोजेक्ट पर काम करेंगे। जिसमें विभिन्न संग्रहालयों व संस्थानों में प्रदर्शनी व्यवस्था, आगंतुकों की गतिविधियों, स्थानिक अनुभव, प्रकाश व्यवस्था व भवन नियोजन बारे भ्रमण के दौरान हासिल किए गए रचनात्मक दृष्टिकोण को शामिल कर पाएंगे। इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य छात्रों को वास्तुकला, भवन नियोजन, संग्रहालय डिजाइन, आंतरिक व बाह्य स्थानों के विकास, आधुनिक व पारंपरिक स्थापत्य कला की व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना है। भ्रमण की शुरुआत भुज स्थित स्मृति वन से हुई। यह स्मारक संग्रहालय अपनी विशिष्ट वास्तुकला, प्राकृतिक परिवेश, आधुनिक निर्माण तकनीक व प्रभावशाली प्रदर्शनी व्यवस्था के लिए जाना जाता है। यहां छात्रों ने देखा कि किस प्रकार वास्तुकला के माध्यम से इतिहास, स्मृतियों व भावनाओं को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया जा सकता है।
छात्रों ने अहमदाबाद स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन का भ्रमण किया। यहां डिजाइन शिक्षा, रचनात्मकता, नवाचार व स्थानों के उपयोग से संबंधित विभिन्न पहलुओं को समझने का अवसर मिला। उन्होंने संस्थान के शैक्षणिक वातावरण व डिजाइन प्रक्रिया का अवलोकन किया। यात्रा के दौरान कच्छ स्थित टेंट सिटी, धौलावीरा का भी भ्रमण किया गया। यहां छात्रों ने स्थानीय भौगोलिक परिस्थितियों, जलवायु व पर्यटन की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित अस्थायी आवासीय संरचनाओं और उनके नियोजन का अध्ययन किया। धौलावीरा की ऐतिहासिक विरासत व सिंधु घाटी सभ्यता के पुरातात्विक महत्व ने छात्रों को भारतीय इतिहास, संस्कृति व प्राचीन नगर नियोजन से परिचित कराया। शैक्षणिक भ्रमण का एक अन्य महत्वपूर्ण पड़ाव प्रित्जकर अवॉर्डी प्रसिद्ध वास्तुकार बीवी दोशी द्वारा तैयार संगत रहा। यहां छात्रों ने प्राकृतिक प्रकाश, वेंटिलेशन, लैंडस्केप, सामग्री के चयन व भवन के आसपास के वातावरण के साथ वास्तुकला के सामंजस्य को करीब से समझा।
