- वोटों चोरी में सम्मिलित मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई की जाए -दीपेन्द्र हुड्डा
- SIR में हरियाणा में 35 लाख वोट ऐसे मिले जो वोट ही गलत बने थे, जबकि हरियाणा चुनाव में मात्र 14000 वोट के अंतर से बीजेपी ने सरकार बनाई – दीपेन्द्र हुड्डा
- बीजेपी सरकार ने हरियाणा का भट्ठा बैठा दिया -दीपेन्द्र हुड्डा
- वोट बचाओ, देश बचाओ चौपाल कार्यक्रम के तहत सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने लोगों को वोट चोरी के प्रति जागरूक किया
कुरुक्षेत्र, 15 नवंबर। वोट बचाओ, देश बचाओ चौपाल कार्यक्रम के तहत सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने आज थानेसर ग्रामीण और थानेसर शहरी में जनसभा को संबोधित कर लोगों को वोट चोरी और मतदाता अधिकारों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा में SIR के जरिए 35 लाख वोट ऐसे मिले जो वोट ही गलत थे, चुनाव आयोग बताए ये किसके वोट थे। जबकि हरियाणा चुनाव में 14000 वोट के अंतर से बीजेपी ने सरकार बनाई। चुनाव आयोग ने भी स्वीकार किया कि हरियाणा में 15%-20% वोट गलत थे। हरियाणा के लोग भाजपा सरकार से दुखी थे और आज भी दुखी हैं। हरियाणा के लोग बदलाव चाहते थे। लेकिन जनता के साथ धोखा हुआ। काले धन, चुनाव आयोग का दुरुपयोग करके हर तरह के अनैतिक हथकंडे अपनाये गये। जो सरकार मैनेजमेंट से बनी हो जनभावना से न बनी हो वो जनता को भूल चुकी है। दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि वोटों की चोरी से बनी हरियाणा सरकार को बर्खास्त करके नये चुनाव कराए जाएँ और वोटों चोरी में सम्मिलित मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई की जाए
उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार ने हरियाणा को विकास की पटरी से उतार दिया और प्रदेश का भट्ठा बैठा दिया। सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने चुनाव के समय किए गए बीजेपी के प्रमुख वायदों को एक-एक कर गिनाते हुए कहा कि चुनाव के समय बीजेपी ने बड़े-बुजुर्गों को 6000 रुपये बुढ़ापा पेंशन, हरियाणा की सभी महिलाओं को लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 2100 हर महीने देने, 500 रुपये में रसोई गैस सिलेंडर देने का वादा किया था। लेकिन सच्चाई ये है कि 5% से 10% महिलाओं को ही इस योजना में शामिल किया गया। बीजेपी ने चुनाव के पहले एचकेआरएन वालों को और सफाई कर्मचारियों को पक्का करने की बात कही थी लेकिन करीब 2.5 साल बीच चुके, आज भी एचकेआरएन वाले पक्का करने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। महंगाई ने लोगों की कमर तोड़ दी आज चीनी के दाम कहाँ पहुँच गए!
12 साल का रिपोर्ट कार्ड बताते हुए सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि जो हरियाणा 2014 से पहले विकास के मामले में देश में सबसे आगे प्रदेशों में गिना जाता था, प्रति व्यक्ति आय, विकास दर, प्रति व्यक्ति निवेश में देश में नंबर एक थे।आज वो हरियाणा देश में बेरोजगारी, नशे, विदेशों में पलायन, अपराध, भ्रष्टाचार सरकार की असंवेदनशीलता और जनता की अनदेखी में नंबर वन बन गया। हरियाणा में नशीले सामान की फोन पर होम डिलेवरी हो रही है। विदेशों से फिरौतीयों की कॉल आ रही है। पूरे हरियाणा में फिरौती राज चल रहा है। बीजेपी के मंत्री, विधायक कालोनियाँ काट रहे हैं। हरियाणा के नौजवानों को अपना भविष्य आज अंधकार में दिख रहा है। क्योंकि सरकारी क्षेत्र के रोजगार समाप्त हो गए, निजी क्षेत्र में निवेश हुआ नहीं, देश में सबसे ज्यादा बेरोजगारी आज हरियाणा में है, देश में सबसे ज्यादा नशा आज हरियाणा में है, सबसे ज्यादा विदेशों में पलायन हरियाणा से हो रहा है
उन्होंने तंज करते हुए कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री के दूसरे प्रदेशों में पलायन में भी नंबर एक बन गया है। मुख्यमंत्री नायब सैनी पंजाब में जाकर बड़े बड़े वायदे कर रहे हैं कि किसानों को MSP दिलवा देंगे। जबकि, हरियाणा में किसान को न धान की न बाजरे की एमएसपी मिली। मुख्यमंत्री वहाँ कानून व्यवस्था ठीक करने का दावा करते हैं। जबकि हरियाणा में दिनदहाड़े गोलियां चल रही है, सारे देश के गैंग हरियाणा को अपनी कर्मभूमि बनाकर अपराध कर रहे हैं। दीपेन्द्र हुड्डा ने बताया कि हरियाणा में बाजरे की MSP ₹2900 है लेकिन, सरकारी खरीद न होने से ₹900 – ₹1000 कट पर किसान को अपनी फसल बेचनी पड़ रही है। तीन सीजन पहले मुख्यमंत्री ने पीआर धान की MSP ₹3100 दिलवाने का वादा किया था लेकिन MSP ₹2462 है और ₹200-₹300 कट लग रहे हैं। आज तक ₹3100 की MSP डिक्लेयर नहीं हुई। गन्ने का भाव केवल 15 रुपये बढ़ाया जबकि, बाजार में चीनी 70 रुपये किलो बिक रही है।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से विधायक अशोक अरोड़ा, विधायक रामकरण काला, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मेवा सिंह, पूर्व सांसद कैलाशो सैनी, पूर्व सीपीएस सुल्तान सिंह जडोला, जयदीप, हिमांशु अरोड़ा, सुनील राणा, हरमनसिंह विर्क, रामफल कमालपुर, सतनाम सिंह विर्क, सुरेश रोड, टेकचंद, राजकुमार, दिनेश कश्यप, सुनीता नेहरा, गौरव शर्मा, सुनीता, कुलदीप ढिल्लो, जिला पार्षद जसबीर पंजेटा, सुशील सारंग, विवेक मेहता शमशेर मलिक, विशाल, राजेन्द्र, कमल, सुरेश रोड, ओमपाल कश्यप, राजकुमार नम्बरदार समेत युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल, महिला कांग्रेस के पदाधिकारी, स्थानीय नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
