पूर्व मंत्री असीम गोयल ने किया नाले के निर्माण एवं सडक़ सुदृढ़ीकरण कार्य का शिलान्यास
अंबाला, 3 नवंबर।
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेशभर में विकास कार्यों को निरंतर गति दी जा रही है। इसी कड़ी में अंबाला शहर में भी आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने और लोगों को जलभराव की समस्या से राहत दिलाने के लिए अनेक विकास परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। यह बात पूर्व मंत्री श्री असीम गोयल ने आज अंबाला शहर में सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग द्वारा 21.50 करोड़ रुपये की लागत से बनाए जाने वाले बरसाती नाले के निर्माण कार्य का शिलान्यास करने के उपरांत कही।
श्री असीम गोयल ने बताया कि शहर के बरसाती पानी की निकासी के लिए यह नाला एक महत्वपूर्ण परियोजना साबित होगा। वर्तमान में शहर का बरसाती पानी सेक्टर-9 और अन्य क्षेत्रों से होते हुए जिस नाले में पहुंचता है, उसकी लाइनिंग कच्ची होने के कारण बरसात के मौसम में पानी की निकासी में परेशानी आती है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के समक्ष इस परियोजना की घोषणा करवाई गई थी। अब करीब 21.50 करोड़ रुपये की लागत से लगभग 4.5 किलोमीटर लंबा और 20 फीट चौड़ा पक्का नाला बनाया जाएगा। इसकी पर्याप्त गहराई और क्षमता के कारण इसमें बड़ी मात्रा में बरसाती पानी की निकासी हो सकेगी।
उन्होंने कहा कि इस नाले के निर्माण से आसपास के क्षेत्रों को जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी और भारी बारिश के दौरान पानी की निकासी सुचारू रूप से हो सकेगी। यह परियोजना अंबाला शहर के लिए विशेष रूप से लाभकारी सिद्ध होगी।
पूर्व मंत्री ने बताया कि आज सेंट्रल जेल के नजदीक से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक मॉडल संस्कृति स्कूल तक सडक़ के सुदृढ़ीकरण के कार्य का भी शिलान्यास किया गया है। इस कार्य पर लगभग 1 करोड़ 2 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे और इसे जल्द पूरा करवाया जाएगा, जिससे क्षेत्र के लोगों तथा विद्यार्थियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
श्री असीम गोयल ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा में विकास की नई बयार बह रही है। अंबाला शहर भी इस विकास यात्रा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। शहर में सडक़, जल निकासी और अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य करवाए जा रहे हैं। उनका प्रयास है कि विकास योजनाओं का लाभ सीधे आमजन तक पहुंचे और लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हों।
इस अवसर पर मेयर श्रीमती अक्षिता सैनी, मंडल अध्यक्ष मनीष आनंद, पार्षद श्रीमती सपना रानी, अजय चावला के प्रतिनिधि सहित दिनेश लदाना, गुरप्रीत सिंह, कमल गुप्ता, यतिन बंसल, संजीव गोयल, अनुभव अग्रवाल, रितेश गोयल, जसविंदर सिंह, मुकेश, गुरचरण सिंह और दर्शन सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
