कुरुक्षेत्र। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र की पावन धरा का विश्व भर में विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व है। इसी पवित्र भूमि पर भगवान श्री कृष्ण ने महाभारत के युद्ध के दौरान संपूर्ण मानव जाति के कल्याण के लिए श्रीमद्भागवत गीता का दिव्य उपदेश दिया था। गीता के माध्यम से भगवान श्री कृष्ण ने मानव जीवन को ज्ञान, कर्म, धर्म और कर्तव्य पालन का मार्ग दिखाया। महाभारत की कथा में बर्बरीक का व्यक्तित्व भी विशेष महत्व रखता है, जिन्हें भगवान श्री कृष्ण ने आशीर्वाद प्रदान किया था और आज वे खाटू श्याम के रूप में करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शनिवार देर रात कुरुक्षेत्र के केशव पार्क (थीम पार्क) में माधव सेवा समिति द्वारा आयोजित श्री खाटू श्याम जागरण कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर माधव सेवा समिति के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह एवं शाल भेंट कर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने अहोई अष्टमी का व्रत रखने वाली सभी माताओं को बधाई एवं शुभकामनाएं भी दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्री कृष्ण की शिक्षाएं आज भी प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में प्रासंगिक हैं। गीता का संदेश हमें कठिन परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्यों का पालन करने, सत्य के मार्ग पर चलने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निभाने की प्रेरणा देता है। धार्मिक आयोजन हमारी संस्कृति, परंपराओं और आध्यात्मिक विरासत को सहेजने के साथ-साथ समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव की भावना को भी मजबूत करते है।
उन्होंने कहा कि लगभग 5163 वर्ष पहले भगवान श्री कृष्ण ने जब गीता का उपदेश दिया तब पांच लोगों ने उसे गीता को प्रत्यक्ष सुना था जिसमें अर्जुन, संजय, महर्षि व्यास, हनुमान और बर्बरीक शामिल है। बर्बरीक ने 48 कोस के हर दृश्य को अपनी आंखों से देखा और सभी बातों को कानों से सुना था। महाभारत समय के बर्बरीक को आज दुनिया श्री खाटू श्याम बाबा के नाम से जानती है। श्री खाटू श्याम जी के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था और विश्वास भारतीय संस्कृति की समृद्ध धार्मिक परंपरा का प्रतीक है। ऐसे धार्मिक आयोजनों में शामिल होकर लोगों को आध्यात्मिक ऊर्जा और सकारात्मक प्रेरणा मिलती है। इस अवसर पर गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज, पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, मुख्यमंत्री कार्यालय प्रभारी कैलाश सैनी, मुख्यमंत्री की मीडिया कोऑर्डिनेटर तुषार सैनी, भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश सैनी, श्री भद्रकाली शक्तिपीठ के अध्यक्ष सतपाल शर्मा, महंत बंसीपुरी महाराज, चेयरमैन गुरनाम सैनी, चेयरमैन रविंद्र सांगवान सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
केशव पार्क में आयोजित श्री खाटू श्याम जागरण में पहुंचे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, माधव सेवा समिति ने स्मृति चिन्ह और शाल भेंट कर किया सम्मानित, ऐसे धार्मिक आयोजनों में शामिल होकर मिलती है आध्यात्मिक ऊर्जा और सकारात्मक प्रेरणा
डॉ. राजेश वधवा
