इस अवसर पर प्रोफेसर रीटा, प्रोफेसर कुसुम, मंगेश शर्मा और सुमित सहित अन्य उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना की और प्रोफेसर निरुपमा भट्टी के सुखद, स्वस्थ एवं खुशहाल सेवानिवृत्त जीवन की कामना की।
कुरुक्षेत्र, 28 नवम्बर। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के रसायन विज्ञान विभाग के प्रोफेसर डॉ. हरदीप आनंद को रसायन विभाग का नया चेयरपर्सन नियुक्त किया गया है। लोक सम्पर्क विभाग के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया ने बताया कि उनकी यह नियुक्ति 03.11.2026 से अगले तीन वर्षों के कार्यकाल के लिए की गई है। उन्होंने बताया कि इस नई जिम्मेदारी साथ ही प्रोफेसर डॉ. हरदीप आनंद विश्वविद्यालय की अकादमिक काउंसिल, फैकल्टी ऑफ साइंसेज के सदस्य और बोर्ड ऑफ स्टडीज के चेयरपर्सन भी होंगे।
प्रो. हरदीप आनंद ने कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा का आभार प्रकट करते हुए कहा कि वे इस जिम्मेदारी को पूरी लगन व निष्ठा के साथ संभालेंगे तथा विभाग के शैक्षणिक स्तर को बेहतर बनाने के साथ-साथ उन्नत अनुसंधान और शोध गतिविधियों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का हर संभव प्रयास करेंगे।
आर्ट ऑफ लिविंग की शिक्षिका डेजी बंसल ने डेमो के माध्यम से समझाई प्रभावी शिक्षण की कला
कुरुक्षेत्र, 28 नवम्बर। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में यूनिवर्सिटी सीनियर सेकेंडरी मॉडल स्कूल में बुधवार को ‘आनंदमय पढ़ाई’ विषय पर एक विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया।
इस अवसर पर आर्ट ऑफ लिविंग संस्था की बच्चों एवं युवाओं से संबंधित शिक्षिका डेजी बंसल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बताया कि किस प्रकार रचनात्मक गतिविधियों, व्यावहारिक उदाहरणों और रोचक तरीकों के माध्यम से पढ़ाई को आनंदमय बनाया जा सकता है। उन्होंने विभिन्न डेमो प्रस्तुत कर विद्यार्थियों को समझाया कि सीखने की प्रक्रिया को बोझ के बजाय आनंद और उत्साह का माध्यम कैसे बनाया जाए। उनके प्रदर्शन ने विद्यार्थियों को शिक्षण के नए और प्रभावी तरीकों से परिचित करवाया।
कार्यक्रम में आर्ट ऑफ लिविंग संस्था के सुशील बंसल ने भी सहभागिता की। स्कूल परिसर में पहुंचने पर प्रधानाचार्य डॉ. सुखविंद्र सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने विद्यालय में संचालित विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डाला। डॉ. सुखविंद्र सिंह ने कहा कि सकारात्मक वातावरण, रचनात्मक सोच और आनंदमय गतिविधियां पढ़ाई को अधिक प्रभावशाली बना सकती हैं। इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में सीखने के प्रति उत्साह बढ़ाने और शिक्षा को अधिक सहज एवं रुचिकर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर स्कूल के छात्रों ने विज्ञान से संबंधित लघु नाटक भी प्रस्तुत किया। प्रधानाचार्य डॉ सुखविंद्र ने सभी अभिभावकों व विद्यालय परिवार को करवाचौथ की हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित की।
विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच लक्ष्य प्राप्ति में अहम : प्रो. डॉ. विकास डोगरा
केयू के जनसंचार संस्थान में मनाया विश्व एनिमेशन दिवस, विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
कुरुक्षेत्र, 28 अक्टूबर। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में जनसंचार एवं मीडिया प्रौद्योगिकी संस्थान में 22 से 28 अक्टूबर तक विश्व एनिमेशन दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें विद्यार्थियों ने 3डी प्रॉप डिजाइन, डॉक्यूमेंट्री एवं एआई फिल्म निर्माण, रील निर्माण, फोटोग्राफी, डिजिटल विज्ञापन और फेस पेंटिंग सहित विभिन्न विधाओं में प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
संस्थान की निदेशिका प्रो. बिंदु शर्मा ने कहा कि रचनात्मकता और नवाचार विद्यार्थियों को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ग्राफिक्स एवं एनिमेशन के क्षेत्र में कल्पनाशीलता और नवीन विचारों का विशेष महत्व है। उन्होंने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए ऐसे आयोजनों को व्यावहारिक कौशल विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, शिमला के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के प्रोफेसर डॉ. विकास डोगरा ने कहा कि विद्यार्थियों की प्रतिभा और रचनात्मक सोच लक्ष्य प्राप्ति में अहम भूमिका निभाती है। उन्होंने आयोजन के लिए संस्थान के शिक्षकों और विद्यार्थियों को बधाई दी।
कार्यक्रम के संयोजक सहायक प्राध्यापक राहुल अरोड़ा और उप-संयोजक नितिन चावला ने बताया कि प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मकता, तकनीकी दक्षता और व्यावहारिक ज्ञान प्रदर्शित करने का अवसर मिला। विजेता विद्यार्थियों को प्रो. बिंदु शर्मा और प्रो. डॉ. विकास डोगरा ने प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर संस्थान के शिक्षक, शोधार्थी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
बाक्स
प्रमुख विजेताः
विश्व एनिमेशन दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताओं में 3-डी प्रॉप डिजाइन में योगेश प्रथम और केशव द्वितीय; 3डी सीन में केशव प्रथम और सूर्यनाई द्वितीय; डॉक्यूमेंट्री एवं एआई फिल्म में वासु प्रथम, अक्षिता द्वितीय और तमन्ना तृतीय; रील निर्माण में श्वेता प्रथम, शुभदीप द्वितीय और दीपांशी तृतीय; फोटोग्राफी में तमन्ना प्रथम और नितिका शर्मा द्वितीय; डिजिटल विज्ञापन में हीरांशी सक्सेना प्रथम, अर्नव द्वितीय तथा प्राची मेहंदी रत्ता और चाल्सी पंजेटा तृतीय स्थान पर रहीं। फेस पेंटिंग में निकिता प्रथम, अनमोल द्वितीय और केशव तृतीय रहे।
