कुरुक्षेत्र, 28 अक्टूबर। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में उद्योगों और शैक्षणिक संस्थानों के बीच सहयोग को बढ़ावा देने की दिशा में बुधवार को एक महत्वपूर्ण पहल की गई। विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा की अध्यक्षता में विश्वविद्यालय के कमेटी रूम में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय तथा हरियाणा चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (एचसीसीआई) के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।
इस अवसर पर कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि विद्यार्थियों के कौशल विकास और उद्योगों की तकनीकी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए शैक्षणिक संस्थानों तथा उद्योग जगत को मिलकर कार्य करने की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है। विद्यार्थियों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने और उन्हें उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने में उद्योग जगत महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय और उद्योगों के बीच बेहतर समन्वय से विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त होगा तथा उन्हें अपने कौशल और क्षमताओं को निखारने के अधिक अवसर मिलेंगे।
इस एमओयू का मुख्य उद्देश्य कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय और हरियाणा चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के संयुक्त सहयोग से अनुसंधान, नवाचार और तकनीकी विकास को प्रोत्साहित करना है। इसके अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए प्रशिक्षण, इंटर्नशिप और रोजगार के नए अवसर सृजित किए जाएंगे। उद्योग जगत की ओर से विद्यार्थियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण एवं इंटर्नशिप की सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी, वहीं विश्वविद्यालय उद्योगों की विभिन्न तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिए अनुसंधान तथा तकनीकी सहायता प्रदान करेगा।
इस सहयोग के माध्यम से उद्योगों की वास्तविक जरूरतों को शैक्षणिक एवं अनुसंधान गतिविधियों से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को उद्योगों के कार्य करने के तरीकों को समझने और व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। साथ ही, उद्योगों को विश्वविद्यालय की विशेषज्ञता, अनुसंधान सुविधाओं और तकनीकी ज्ञान का लाभ मिल सकेगा।
एमओयू के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रशिक्षण, प्रशिक्षुता और रोजगार केंद्र (केयूसीटीआईई), दूरस्थ एवं ऑनलाइन शिक्षा केंद्र (सीओडीई), डीन रिसर्च एंड डेवलपमेंट कार्यालय तथा वाणिज्य विभाग नोडल एजेंसियों के रूप में कार्य करेंगे।
इस अवसर पर कुलसचिव प्रो. वीरेन्द्र पाल, डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. राकेश कुमार, डीन रिसर्च एंड डेवलपमेंट प्रो. जितेन्द्र शर्मा, परीक्षा नियंत्रक डॉ. अंकेश्वर प्रकाश, वाणिज्य विभागाध्यक्ष प्रो. सुभाष चंद, केयूसीटीआईई के समन्वयक डॉ. महेन्द्र सिंह, हरियाणा चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र पाल गुप्ता, उपाध्यक्ष राजेश सिंगला तथा वरिष्ठ कार्यकारी सदस्य हरि किशन सैनी उपस्थित रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *