करनाल से इंद्री व करनाल से असंध मार्ग पर स्पीड लिमिट बोर्ड लगाएं: उपायुक्त
 उपायुक्त ने कहा- अधिकारी समिति के एजेंडों की गंभीरता को समझें और तत्परता से करें कार्य
 करनाल, 27 अक्तूबर। वायु गुणवत्ता प्रबंधन को लेकर परिवहन विभाग हरियाणा द्वारा जारी निर्देशों की अनुपालना में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र यानी एनसीआर में स्थापित सभी पेट्रोल पंपों पर नो पीयूसी, नो फ्यूल के चेतावनी बोर्ड लगाया जाना अनिवार्य है। इसको लेकर उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक को निर्देश दिए कि वे जिला में स्थापित सभी पेट्रोल पंपों पर नो पीयूसी, नो फ्यूल के चेतावनी बोर्ड को लगवाना सुनिश्चित करें।
उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा आज जिला सचिवालय के सभागार में जिला सडक़ सुरक्षा समिति की मासिक बैठक में बोल रहे थे। उन्होंने पिछली बैठक से लंबित एजेंडों पर की गई कार्यवाही की समीक्षा की, जिनमें से अधिकांश पर कार्य पूरा हो चुका है। अराईपुरा रोड पर लटकती बिजली की तारों के कारण दुर्घटनाओं की रोकथाम से संबंधित मामले के समाधान के लिए जल्द ही लोक निर्माण विभाग की ओर से बिजली विभाग को राशि जमा करवा दी जाएगी और उसके उपरांत यह कार्य भी पूरा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि पोर्टल पर चिह्नित सभी ब्लैक स्पॉट को जल्द ठीक किया जाए। इसके अलावा सडक़ों की मरम्मत के कार्य को भी पूरा किया जाए। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग पर समानाबाहु गांव के नजदीक पानी की निकासी के स्थायी समाधान के लिए एसडीएम नीलोखेड़ी को निर्देश दिए कि वे ग्राम पंचायत से बातचीत करके इस समस्या का हल निकालें।
उन्होंने स्मार्ट सिटी परियोजना के महाप्रबंधक को निर्देश दिए कि वे शहर में स्थापित कैमरों की बैटरियों की चेकिंग करवाएं और आवश्यकता के अनुसार बैटरियों को जल्द से जल्द बदलवाना सुनिश्चित करें। सडक़ सुरक्षा समिति के सदस्य विपिन ने कैथल रोड व अस्पताल चौक पर पुलिस पोस्ट स्थापित करने का सुझाव दिया। इस पर डीसी ने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अस्थायी पुलिस पोस्ट बनवाएं। इसी प्रकार से संदीप लाठर ने आईटीआई चौक के पास जाम की स्थिति से छुटकारा दिलाने के लिए नजदीक ही सर्विस लाईन को चालू किया जाए। इसको लेकर डीसी ने एसडीएम करनाल को निर्देश दिए कि वे मौका मुआयना करें और समस्या का समाधान करें। इसके अलावा एनबीजीआर के पास साफ-सफाई करवाने, बे्रकर लगवाने व पुलिस गश्त बढ़ाने के लिए भी संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए। नये बस अड्डïे के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर पैदल यात्रियों की ज्यादा सडक़ दुर्घटनाओं के मामले सामने आ रहे हैं, इन दुर्घटनाओं को रोकने के लिए भी उपायुक्त ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। ट्रैफिक एसएचओ ने सुझाव दिया कि करनाल से इंद्री व करनाल से असंध मार्ग पर स्पीड लिमिट बोर्ड लगवाए जाएं। इसको लेकर उपायुक्त ने लोक निर्माण विभाग व एनएचआई के अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्पीड बोर्ड लगवाना सुनिश्चित करें। उपायुक्त ने ओवर स्पीड और बिना नंबर प्लेट के वाहनों पर कड़ी निगरानी रखें और इनके चालान करना सुनिश्चित करें। उपायुक्त ने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि वे सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी के तहत वाहनों की चेकिंग निरंतर जारी रखें।
बैठक में आरटीए विजय देशवाल ने बताया कि पुलिस द्वारा सितंबर 2026 में 33880 चालान काटे गए। इस अवधि में 8467500 रुपये जुर्माना वसूला गया। उन्होंने बताया कि गत माह ओवर स्पीड के 3535, बिना हेलमेट के 15902, शराब पीकर वाहन चलाने के 163, बिना आरसी नंबर के 1440, बिना लाइसेंस और अंडर ऐज के 1290, बिना नंबर प्लेट के 1523, लेन चेंज के 1546, ट्रिपल राइडिंग के 372, गलत दिशा में वाहन चलाने के 414, गलत पार्किंग के 788, लाल बत्ती उल्लंघन के 577, बिना थर्ड पार्टी बीमा के 3484, जेब्रा क्रॉसिंग के 1832, बिना पॉल्यूशन सर्टिफिकेट के 890 और बिना सीट बेल्ट के 124 चालान काटे गए। इसके अलावा आरटीए द्वारा सितंबर 2026 में 344 चालान काट कर एक करोड़ 12 लाख 14 हजार 800 रुपये जुर्माना वसूला गया।
 आईडीटीआर करनाल द्वारा प्रशिक्षण के लिए सितंबर में 899 लोगों का पंजीकरण किया गया। इस अवधि में 872 ने प्रशिक्षण पूरा किया। आरटीए कार्यालय की ओर से 73 हैवी लाइसेंस जारी किए गए और 441 का नवीनीकरण किया गया। बैठक में बताया गया कि जिला में हिट एंड रन के 147 में से 142 केस मुआवजे के लिए मंजूर हो चुके है। जिनमें 69 में जीआईसी द्वारा भुगतान कर दिया गया है। उपायुक्त ने हिट एंड रन के मुआवजे के भुगतान को लेकर आरटीए को निर्देश दिए कि वे उपायुक्त कार्यालय से संबंधित विभाग को एक पत्र लिखवाएं ताकि पीड़ित को समय पर लाभ मिल सके।
 बैठक में एडीसी डॉ. राहुल रईया, एसडीएम करनाल देवेंद्र शर्मा, डीएसपी संदीप कुमार, समिति के गैर सरकारी सदस्य व विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *