आज से बड़ी संख्या में मिलर्स भी खरीद प्रक्रिया में होंगे शामिल- कल्याण
बोले-किसानों को नहीं आने दी जाएगी किसी प्रकार की दिक्कत
करनाल, 14 अक्तूबर। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने आज दोपहर बाद घरौंडा अनाज मंडी का दौरा कर धान खरीद व्यवस्था का जायजा लिया। किसानों, आढ़तियों और मार्केट कमेटी के अधिकारियों से बातचीत की। ढेरियों पर धान की नमी की जांच की। उनके साथ उपायुक्त डा़ आनंद कुमार शर्मा और एसडीएम अनुभव मेहता भी थे। इस मौके पर उन्होंने कहा कि 15 अक्तूबर से बड़ी संख्या में मिलर्स भी खरीद प्रक्रिया में शामिल होंगे। किसानों
को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आने दी जाएगी।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए श्री कल्याण ने कहा कि इस समय धान खरीद का सीजन जारी है। आज वे मंडी में व्यवस्थाएं देखने आए हैं। पिछले दिनों में जरूर कुछ दिक्कत रही है। मिलर्स पूरे न आने के कारण खरीद में थोड़ी देरी हुई है। परंतु आज सरकार ने फैसला किया है जिन राईस मिलर्स ने 80 प्रतिशत चावल की डिलीवरी कर दी है वे मंडी में धान खरीद सकेंगे। इस फैसले से अब बड़ी संख्या में मिलर्स खरीद प्रक्रिया में कल से शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि किसान की फसल उसके खून पसीने की कमाई है। यह उसकी तपस्या का फल है। किसान लगातार खेत में मेहनत करके फसल तैयार करता है। किसान हितों के प्रति सरकार गंभीर है। उन्होंने कहा कि किसानों के साथ-साथ आढ़तियों व मिलर्स को भी किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आने दी
जाएगी। सरकार न्यूनतम समर्थन मूल्य पर फसल खरीदने के लिए वचनबद्ध है। सरकार की यह भी प्राथमिकता है कि सभी को न्याय मिले। पिछले दिनों
कुछ दिक्कतें आई थीं जिसके कारण से सरकार को सख्ती करनी पड़ी। सख्ती सभी के हित में होती है।
श्री कल्याण ने कहा कि मौसम की मार से व्यवस्था भी प्रभावित होती है और किसान की दिक्कतें भी बढ़ती हैं। मौसम का पूर्वानुमान अभी बारिश दिखा रहा है। किसानों को इससे विचलित होने की जरूरत नहीं है। प्रशासन उनके साथ है। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी भी ईमानदारी से डयूटी निभाएं।
थोड़ी सी लापरवाही व्यवस्था को नुकसान करती है। अधिकारी पूरी गंभीरता व संजीदगी से जिम्मेदारी निभाएं। उन्होंने कहा उपायुक्त डा़ आनंद कुमार शर्मा लगातार मंडियों का दौरा कर व्यवस्थाओं को सुचारू बनाने में लगे हैं। उन्होंने किसानों से कहा कि व धान को सुखा कर लाएं। धान में निर्धारित मात्रा से अधिक नमी न हो। श्री कल्याण ने कहा कि किसान की खून पसीने की कमाई पर लापरवाही के कारण चोट पहुंचती है तो उससे बड़ा पाप नहीं हो सकता।
पोर्टल संबंधी समस्या के प्रश्न पर उन्होंने कहा कि अगर कोई समस्या आती है तो उसका समाधान भी तुरंत किया जाता है। अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ-साथ कई साथियों की डयूटी भी मंडी में लगाई गई है। कोई बड़ी दिक्कत पेश आती है तो एसडीएम को भी अवगत कराया जा सकता है। मंडी बोर्ड कार्यालय में भी जिम्मेवार लोगों की डयूटी लगाई गई है।
इस मौके पर मार्केट कमेटी के चेयरमैन राजकुमार पालीवाल, नगर पालिका चेयरमैन हैप्पी लक गुप्ता, मंडी बोर्ड सचिव सुनील कुमार, आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान जयभगवान, पूर्व प्रधान सुरेंद्र जैन, भाजपा मंडल अध्यक्ष रोहित भंडारी आदि मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *