सेवा संकल्प अभियान के तहत इन्द्री विधानसभा क्षेत्र में सेवा ज्योति कलश यात्रा का शुभारंभ, विधायक रामकुमार कश्यप ने प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

इन्द्री/ करनाल , 23 सितंबर।     सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को इन्द्री विधानसभा क्षेत्र में सेवा ज्योति कलश यात्रा का शुभारंभ किया गया। विधायक एवं गवर्नमेंट चीफ व्हिप रामकुमार कश्यप ने बीडीपीओ कार्यालय परिसर से प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह प्रचार वाहन आगामी 7 अक्टूबर तक इन्द्री विधानसभा क्षेत्र के सभी गांवों में पहुंचकर प्रदेश व केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं तथा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं जनसेवा के 25 वर्षों के कार्यकाल से आमजन को अवगत करवाएगा।
इस अवसर पर विधायक एवं गवर्नमेंट चीफ व्हिप रामकुमार कश्यप ने कहा कि सेवा ज्योति कलश यात्रा का उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाना तथा अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक करना है। अभियान के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी पहलों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इन गतिविधियों के माध्यम से आमजन को राष्ट्र निर्माण, जनभागीदारी और सेवा के महत्व के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
विधायक ने कहा कि केंद्र और हरियाणा सरकार द्वारा गरीब, किसान, महिला, युवा तथा समाज के विभिन्न वर्गों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं एवं कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। सेवा ज्योति कलश यात्रा के माध्यम से इन योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रचार वाहन इन्द्री विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में जाकर लोगों को सरकार की उपलब्धियों और जनहित में किए जा रहे कार्यों की जानकारी देगा। गांवों में स्थानीय स्तर पर लोगों से संवाद भी किया जाएगा, ताकि सरकारी योजनाओं के संबंध में उनकी जानकारी बढ़े और पात्र व्यक्ति समय पर योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
इस अवसर पर बीडीपीओ गुरमलक सिंह सहित बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे।

 बॉक्स: सेवा ज्योति कलश यात्रा के लिए ब्लॉकवार रूट तैयार
जिले के सभी ग्रामीण क्षेत्रों को कवर करने के लिए ब्लॉकवार रूट प्लान तैयार किया गया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सेवा ज्योति कलश यात्राएं जिले के आठ ब्लॉकों के विभिन्न गांवों एवं ग्राम पंचायतों में पहुंचेंगी। यात्राओं के माध्यम से ग्रामीणों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ने, पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए जागरूक किया जाएगा।
शेड्यूल के अनुसार असंध ब्लॉक में 22 से 30 सितंबर तक विभिन्न ग्राम पंचायतों को कवर किया जाएगा। इस ब्लॉक में करीब 44 ग्राम पंचायतों के लिए कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। इंद्री ब्लॉक में 21 सितंबर से 7 अक्टूबर तक सेवा ज्योति कलश यात्रा का आयोजन होगा, जिसके तहत 70 से अधिक ग्राम पंचायतों को कवर किया जाएगा। इसी प्रकार करनाल ब्लॉक में 21 सितंबर से 7 अक्टूबर तक करीब 45 गांवों एवं निर्धारित स्थलों पर यात्रा पहुंचेगी। इसी प्रकार नीलोखेड़ी ब्लॉक में 23 सितंबर से 7 अक्टूबर तक 70 से अधिक ग्राम पंचायतों को यात्रा से जोड़ा जाएगा। घरौंडा ब्लॉक में 27 सितंबर से 7 अक्टूबर तक 40 से अधिक ग्राम पंचायतों के लिए रूट निर्धारित किया गया है। वहीं चिड़ाव ब्लॉक में 4 से 7 अक्टूबर तक 22 ग्राम पंचायतों को कवर करने का कार्यक्रम है।
इसी प्रकार असंध (मूनक क्षेत्र) में 1 से 7 अक्टूबर तक 29 ग्राम पंचायतों के लिए तिथि-वार कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। निसिंग ब्लॉक में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार करीब 23 ग्राम पंचायतों में यात्रा पहुंचेगी। प्रत्येक क्षेत्र के लिए निर्धारित रूट के अनुसार सेवा ज्योति कलश यात्रा गांव-गांव पहुंचेगी और ग्रामीणों को अभियान के उद्देश्य से अवगत करवाएगी।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *